×

Bihar Politics: अब लालू की बहू को सियासी मैदान में उतारने की तैयारी, तेजस्वी की पत्नी राजश्री को भेजा जा सकता है राज्यसभा

Bihar Politics: लालू यादव अपनी पत्नी, बेटी और बेटों के बाद अब बहू को सियासी मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 9 Feb 2024 7:11 AM GMT
Rajshree Yadav to join politics
X

Rajshree Yadav to join politics  (photo: social media )

Bihar Politics : बिहार में राज्यसभा के लिए सियासी बिसात बिछने लगी है। राज्यसभा चुनाव के दौरान राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव अपनी बहू राजश्री यादव को लॉन्च करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। लालू यादव अपनी पत्नी, बेटी और बेटों के बाद अब बहू को सियासी मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। जानकार सूत्रों का कहना है कि राजद मुखिया अपनी बहू और राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव को राज्यसभा भेज सकते हैं।

बिहार में राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी

बिहार में राज्यसभा की 6 सीटों के लिए चुनाव होने वाले हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए आयोग की ओर से गुरुवार को अधिसूचना जारी की जा चुकी है। इन 6 सीटों पर सांसदों का कार्यकाल अगले महीने समाप्त होने वाला है। राज्यसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 15 फरवरी तक की गई है।

बिहार में राज्यसभा की जिन आधा दर्जन सीटों पर चुनाव होने वाले हैं,उनमें से तीन-तीन सीट राज्य के सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और महागठबंधन के पास हैं। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने हाल में पाला बदलते हुए एनडीए में शामिल हो गए थे। नीतीश कुमार के इस कदम के बाद राज्य के सियासी समीकरण बदले हुए हैं।

नीतीश कुमार के पाला बदलने के बाद महागठबंधन विपक्ष की भूमिका में आ गया है और नीतीश सरकार 12 फरवरी को राज्य विधानसभा में विश्वासमत हासिल करेगी।

लालू की बहू की हो सकती है सियासी लॉन्चिंग

इस बीच राज्यसभा चुनाव के लिए भी जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। राजद कोटे की दो राज्यसभा सीटें खाली हो रही हैं और इनमें से एक सीट पर लालू यादव की बहू राजश्री यादव को चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। हालांकि अभी तक इस बाबत कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव की राजश्री से 2021 में शादी हुई थी।

शादी से पहले राजश्री का नाम रेचल था मगर शादी के बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर राजश्री कर लिया। राजश्री का ताल्लुक हरियाणा के रेवाड़ी के ईसाई परिवार से है और उन्होंने बचपन से दिल्ली में रहकर पढ़ाई की है। तेजस्वी यादव से शादी से पूर्व धे एयर होस्टेस के रूप में भी काम कर चुकी हैं।

अब उन्हें सियासी मैदान में उतारने की चर्चाएं सुनी जा रही हैं। लालू कुनबे के कई सदस्य पहले ही सियासी मैदान में सक्रिय हैं। लालू अपनी पत्नी राबड़ी देवी, दो बेटों तेजस्वी और तेज प्रताप और बेटी मीसा को पहले ही सियासी मैदान में उतार चुके हैं।

इन सदस्यों का खत्म हो रहा है कार्यकाल

बिहार में जिन राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल समाप्त होने वाला है,उनमें वशिष्ठ नारायण सिंह और अनिल हेगड़े (जदयू), सुशील कुमार मोदी (भाजपा), मनोज कुमार झा और अशफाक करीम (राजद) और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह शामिल हैं।

राज्यसभा चुनाव में एनडीए के तीन उम्मीदवार आसानी से जीत हासिल कर सकते हैं।

बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी का कहना है कि पार्टी की ओर से राज्यसभा चुनाव में दो उम्मीदवार उतारे जाएंगे जबकि तीसरी सीट पर जदयू उम्मीदवार को जीतने में मदद दी जाएगी।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story