×

Lok Sabha Election: लालू यादव ने अपनी एक और बेटी को किया लॉन्च, रोहिणी आचार्य को लोकसभा चुनाव में उतारने की तैयारी

Lok Sabha Election 2024: लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की भी सियासी मैदान में एंट्री हो गई है। रविवार को आयोजित महागठबंधन की जनविश्वास महारैली में रोहिणी आचार्य पहली बार मंच पर नजर आईं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 4 March 2024 3:53 AM GMT
Lalu prasad Yadav daughter Rohini Acharya
X

Lalu prasad Yadav daughter Rohini Acharya  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: बिहार की सियासत में लंबे समय से राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव के कुनबे की धमक रही है। लालू की पत्नी राबड़ी के अलावा उनके दो बेटे तेजप्रताप और तेजस्वी व बड़ी बेटी मीसा भारती पहले ही सियासी मैदान में सक्रिय हैं। अब लालू यादव की एक और बेटी रोहिणी आचार्य की भी सियासी मैदान में एंट्री हो गई है। पटना के गांधी मैदान में रविवार को आयोजित महागठबंधन की जनविश्वास महारैली में रोहिणी आचार्य पहली बार यादव परिवार के साथ मंच पर नजर आईं।

लालू यादव ने रोहिणी आचार्य की सियासी मैदान में लांचिंग करते हुए पटना मैदान में जुटी समर्थकों की भारी भीड़ से उनका परिचय कराया। इस बड़ी रैली में रोहिणी आचार्य के हिस्सा लेने के बाद उनके राजनीति में सक्रिय होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। लालू यादव को किडनी डोनेट करके चर्चा में आने वाली रोहिणी आचार्य के लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चाएं भी सुनी जा रही हैं।

परिवारवाद के आरोपों का दिया जवाब

गांधी मैदान की जनविश्वास महारिली के दौरान विपक्षी नेताओं ने मुख्य रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। राजद मुखिया लालू यादव ने कहा कि अगले चुनाव में हम सब भाजपा को खत्म कर देंगे। उन्होंने भीड़ से हाथ उठवाकर नरेंद्र मोदी को केंद्र की सत्ता से हटाने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन सरकार में तेजस्वी यादव के कारण ही लाखों लोगों को सरकारी नौकरियां मिलीं।

इस रैली के दौरान लालू के साथ ही उनके बेटे और राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा के परिवारवाद के आरोपों का जवाब दिया। लालू ने कहा कि मोदी क्या हैं? कोई चीज हैं क्या? उनके पास परिवार नहीं है। इसलिए परिवारवाद पर बोलते हैं। मोदी हिंदू भी नहीं है। उनकी माता जी का निधन हुआ तो उन्होंने बाल तक नहीं कटवाए। राजद मुखिया ने इसी क्रम में अपनी बेटी डॉक्टर रोहिणी आचार्य का भी भीड़ से परिचय कराया।

लालू को किडनी देकर चर्चा में आईं रोहिणी

राजद मुखिया ने रोहिणी आचार्य का जिक्र करते हुए कहा कि उनके किडनी डोनेट करने के कारण ही मुझे जीवनदान मिला है। इस दौरान रोहिणी आचार्य ने भीड़ का अभिवादन किया और भीड़ ने भी प्रतिक्रिया में उनका समर्थन किया। रोहिणी आचार्य सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं।

हाल के दिनों में उन्होंने एनडीए और भाजपा पर अपनी पोस्ट के जरिए तीखे हमले किए हैं। नीतीश कुमार के एनडीए में शामिल होने के बाद उन्होंने भाजपा के साथ ही नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा था। अब लालू यादव ने जनविश्वास महारैली के जरिए उनकी सियासी मैदान में एंट्री करा दी है।

राजद समर्थकों के बीच रोहिणी लोकप्रिय

लालू यादव को किडनी डोनेट करने के बाद बिहार की सियासत में रोहिणी आचार्य की खूब चर्चा होती रही है। राजद समर्थकों के बीच उनकी लोकप्रियता भी काफी बढ़ चुकी है। लोग उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील बेटी बताकर उनकी तारीफ करते रहे हैं। किडनी डोनेट करने के बाद राजद नेता भी रोहिणी आचार्य की जमकर तारीफ करते रहे हैं।

रोहिणी आचार्य की शादी 2002 में समरेश सिंह के साथ हुई थी और मौजूदा समय में वे अपने परिवार के साथ सिंगापुर में रहती हैं। अब उनके सियासी मैदान में सक्रिय होने की चर्चाएं काफी तेजी से सुनी जा रही हैं।

इस लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें

पिछले दिनों जब रोहिणी आचार्य काराकाट स्थित अपने ससुराल दाउदनगर पहुंची थीं तो उन्होंने चुनाव लड़ने के संबंध में भी चर्चा की थी। उनका कहना था कि यदि क्षेत्र की जनता चाहेगी तो वे निश्चित रूप से चुनावी मैदान में उतरेंगी। अब उनके काराकाट लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरने की अटकलें तेज हो गई हैं। मौजूदा समय में जदयू के महाबली सिंह काराकाट लोकसभा सीट से सांसद हैं और माना जा रहा है कि राजद की ओर से इस सीट पर रोहिणी आचार्य को चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है।

हालांकि इस संबंध में लालू के परिवार या राजद की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया है मगर बिहार के सियासी हलकों में इस बात की चर्चा जरूर सुनी जा रही है। राजनीतिक मुद्दों पर रोहिणी आचार्य के खुलकर प्रतिक्रिया जताने से इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story