×

मध्य प्रदेश की विभिन्न रियासतों के वारिस उतरे मैदान में

seema
Published on: 3 May 2019 7:34 AM GMT
मध्य प्रदेश की विभिन्न रियासतों के वारिस उतरे मैदान में
X
मध्य प्रदेश की विभिन्न रियासतों के वारिस उतरे मैदान में

भोपाल: लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की विभिन्न रियासतों के वारिस भी मैदान में उतरे हैं। कांग्रेस ने जहां चार राजघरानों या रियासतों के प्रतिनिधियों को मैदान में उतारा है, वहीं भाजपा ने एक पर दांव लगाया है। राज्य की 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। कहीं-कहीं बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं। पिछले चुनाव में राज्य की 29 सीटों में से 27 पर भाजपा और दो पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। बाद में एक उपचुनाव में कांग्रेस ने एक और सीट जीत ली थी।

यह भी पढ़ें : सोनाक्षी सिन्हा लखनऊ में मां के लिए करेंगी रोड शो

इस बार कांग्रेस ने गुना संसदीय सीट से सिंधिया राजघराने के प्रतिनिधि ज्योतिरादित्य सिंधिया, भोपाल से राघौगढ़ रियासत के प्रतिनिधि दिग्विजय सिंह, सीधी से चुरहट रियासत के अजय सिंह, खजुराहो से छतरपुर राजघराने की कविता सिंह को मैदान में उतारा है। अलावा भाजपा ने आदिवासी राजघराने से नाता रखने वाली हिमाद्री सिंह पर दांव लगाया है। इन पांच राजघरानों के प्रतिनिधियों में सिर्फ सिंधिया ही ऐसे हैं, जिन्होंने पिछला लोकसभा चुनाव लड़ा और जीता है। सबसे महत्वपूर्ण और प्रमुख सिंधिया राजघराने के प्रतिनिधि ज्योतिरादित्य सिंधिया पांचवीं बार गुना संसदीय क्षेत्र से मैदान में हैं। बीते चार चुनाव उन्होंने लगातार जीते हैं। इस बार उनका मुकाबला भाजपा के उम्मीदवार के.पी. यादव से है। यादव कभी सिंधिया के करीबी और उनके सांसद प्रतिनिधि हुआ करते थे। यह संसदीय क्षेत्र सिंधिया घराने के प्रभाव वाला क्षेत्र है। इसी संसदीय क्षेत्र के शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र से सिंधिया की बुआ यशोधरा राजे सिंधिया भाजपा की विधायक हैं।

यह भी पढ़ें : नहीं होगी ममता दीदी की बायोप‍िक रिलीज, जानें क्यों लगी रोक?

भोपाल में राघौगढ़ के प्रतिनिधि दिग्विजय सिंह का मुकाबला भाजपा की साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से है। दोनों उम्मीदवार पहली बार इस संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। भोपाल संसदीय क्षेत्र पर बीते आठ चुनावों से भाजपा उम्मीदवार जीतते आ रहे हैं। कांग्रेस ने वर्ष 1984 में यहां अंतिम बार जीत दर्ज की थी। दिग्विजय सिंह राज्यसभा सांसद हैं और राजगढ़ लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं।

खजुराहो संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने छतरपुर राजघराने की प्रतिनिधि कविता सिंह को मैदान में उतारा है। कविता सिंह के पति विक्रम सिंह उर्फ नाती राजा राजनगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक हैं। यहां कविता सिंह का मुकाबला भाजपा के वी.डी. शर्मा से है। परिसीमन के बाद हुए दो चुनावों में यहां भाजपा के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी। सीधी संसदीय क्षेत्र से चुरहट रियासत के प्रतिनिधि और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन सिंह के पुत्र अजय सिंह पर कांग्रेस ने दांव लगाया है। अजय सिंह का मुकाबला भाजपा सांसद रीति पाठक से है। आदिवासी प्रभाव वाली इस सीट पर पिछले दो चुनावों से भाजपा के उम्मीदवार जीते हैं। अजय सिंह पहली बार इस संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। पिछला चुनाव उन्होंने सतना से लड़ा था, मगर वहां उन्हें सफलता नहीं मिली थी।

भाजपा ने शहडोल संसदीय सीट से हिमाद्री सिंह को मैदान में उतारा है। हिमाद्री सिंह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई हैं। हिमाद्री का नाता राज गोड़ परिवार से है। हिमाद्री ने उप-चुनाव कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर लड़ा था, मगर उन्हें हार मिली थी। उसके बाद वह कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गई और भाजपा ने उन्हें टिकट दे दिया।

seema

seema

सीमा शर्मा लगभग ०६ वर्षों से डिजाइनिंग वर्क कर रही हैं। प्रिटिंग प्रेस में २ वर्ष का अनुभव। 'निष्पक्ष प्रतिदिनÓ हिन्दी दैनिक में दो साल पेज मेकिंग का कार्य किया। श्रीटाइम्स में साप्ताहिक मैगजीन में डिजाइन के पद पर दो साल तक कार्य किया। इसके अलावा जॉब वर्क का अनुभव है।

Next Story