TRENDING TAGS :
Mahadev App Scam Case: महादेव ऐप का को-फाउंडर रवि उप्पल दुबई में गिरफ्तार, अधिकारी भारत लाने में जुटे
Mahadev App Scam Case: रवि उप्पल की गिरफ्तारी भारतीय एजेंसियों के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है क्योंकि वह महादेव बेटिंग ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर का बिल्कुल खासमखास माना जाता है।
Mahadev App co-founder Ravi Uppal (photo: social media )
Mahadev App Scam Case: महादेव बेटिंग ऐप केस में बड़ा अपडेट आया है। दुबई में बैठे इस ऐप के को-फाउंडर रवि उप्पल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उप्पल भारत में वांटेड और उसके नाम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका था। रवि उप्पल की गिरफ्तारी भारतीय एजेंसियों के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है क्योंकि वह महादेव बेटिंग ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर का बिल्कुल खासमखास माना जाता है। भारतीय अधिकारी उसे यूएई से लाने की तैयारी में जुट गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, रवि उप्पल को पिछले हफ्ते ही दुबई में हिरासत में ले लिया गया था और इसकी जानकारी भारतीय दूतावास को दी गई थी। जिसके बाद भारत में इस मामले की जांच कर रही ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) एक्टिव हो गई। एजेंसी के अधिकारी विदेश मंत्रालय के सहयोग से आरोपी रवि उप्पल को भारत लाने की तैयारी में जुट गए हैं। उप्पल के खिलाफ भारत में छत्तीसगढ़ एवं मुंबई पुलिस जांच कर रही है। वहीं, सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच ईडी कर रही है।
अब सौरभ चंद्राकर की तलाश
महादेव बेटिंग ऐप केस का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर है, जो इस ऐप का संस्थापक है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, उसकी लोकेशन भी यूएई में मिली है और उसे पकड़ने की कोशिशें तेज हो गई हैं। दरअसल, महादेव बुक ऐप सट्टेबाजी के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराता है। इसे हाल ही में भारत सरकार ने बैन किया है। हालांकि, दुनिया के अन्य देशों में ये अभी भी चल रहा है। आरोप है कि मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर और उसका सहयोगी रवि उप्पल दुबई से पूरा काम देखते थे। हिंदुस्तान के कई राज्यों में फैले इस ऐप के कॉल सेंटर को ऑपरेट अनिल दम्मानी और सुनील दम्मानी करता था।
कैसे आए निशाने पर ?
सौरभ चंद्राकर कभी रायपुर में एक जूस का सेंटर चलाता था। इसके बाद उसने सट्टेबाजी में हाथ आजमाया और उसकी चल पड़ी। इस साल फरवरी में दुबई में उसकी शादी थी, जिसमें चार्टर्ड प्लेन से तकरीबन 17 बॉलीवुड हस्तियों को बुलाया गया था। जहां पर उनका स्टेज परफॉर्मेंस भी था। इसमें रणबीर कपूर जैसे बॉलीवुड एक्टर शामिल थे। आरोप है कि इन सभी को उनके परफॉर्मेंस के बदले हवाला के जरिए करोड़ों का भुगतान हुआ। उस कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी बॉलीवुड कलाकार जांच का सामना कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ चुनाव में बना था बड़ा मुद्दा
महादेव सट्टेबाजी ऐप मामला छत्तीसगढ़ विधानसभा में सबसे बड़ा मुद्दा बनकर उभरा था। मामले की जांच कर रही ईडी ने राज्य में कई जगहों पर छापेमारी की थी। पूर्व सीएम भूपेश बघेल का नाम सामने आने के बाद कांग्रेस को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा था। ईडी को खुफिया जानकारी मिली थी कि चुनावों के मद्देनजर हादेव ऐप के प्रमोटरों द्वारा छत्तीसगढ़ में बड़ी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। एजेंसी ने छापा मार कर एक होटल से पांच करोड़ कैश बरामद किया था। भारतीय जनता पार्टी ने इस मुद्दे को चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस पार्टी और भूपेश बघेल के खिलाफ जमकर भुनाया था।