×

Maharashtra: राज ठाकरे की चेतावनी के बाद एक्शन में शिंदे सरकार, अवैध दरगाह पर चला बुलडोजर

Maharashtra: राज ठाकरे द्वारा अवैध दरगाह का दिखाए गए वीडियो का कलेक्टर द्वारा संज्ञान लिया गया। जिसके बाद इसकी जांच के लिए 6 सदस्यों की एक टीम बनाई गई, जिसने इसे अनाधिकृत पाया।

Krishna Chaudhary
Published on: 23 March 2023 11:36 AM GMT (Updated on: 23 March 2023 11:55 AM GMT)
Maharashtra: राज ठाकरे की चेतावनी के बाद एक्शन में शिंदे सरकार, अवैध दरगाह पर चला बुलडोजर
X
Eknath Shinde (फोटो: सोशल मीडिया )

Maharashtra: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे की चेतावनी के बाद एकनाथ शिंदे सरकार एक्शन में आ गई है। ठाकरे ने मुंबई में माहिम के पास समुद्र में बन रही एक अनाधिकृत दरगाह का जिक्र करते हुए कहा था कि अगर जल्द इसे नहीं हटाया गया तो बगल में गणेश मंदिर बनाया जाएगा। इसके बाद आज सुबह प्रशासन की एक टीम बुलडोजर लेकर अवैध दरगाह को जमींदोज करने पहुंच गई।

जानकारी के मुताबिक, राज ठाकरे द्वारा अवैध दरगाह का दिखाए गए वीडियो का कलेक्टर द्वारा संज्ञान लिया गया। जिसके बाद इसकी जांच के लिए 6 सदस्यों की एक टीम बनाई गई, जिसने इसे अनाधिकृत पाया। गुरूवार को प्रशासन की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को गिरा दिया।

बुधवार की रैली में राज ने दी थी चेतावनी

एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को गुड़ी पड़वा के मौके पर मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में एक बड़ी रैली की थी। इस रैली में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने एक वीडियो क्लिप चलवाया और दावा किया कि मुंबई में माहिम तट पर एक अवैध दरगाह बन गई है। उन्होंने कहा कि यह किसकी दरगाह है ? क्या यह मछली की है ? यह दो साल पहले नहीं थी। इसके बाद उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि अवैध निर्माण को तुरंत नहीं गिराया गया तो हम उसी स्थान पर एक विशाल गणपति मंदिर का निर्माण करेंगे।

इस दौरान राज ने कहा, मैं संविधान को मानने वाले देश के मुसलमानों से पूछता हूं कि क्या आप इसकी निंदा करते हैं ? मैं ताकत दिखाना नहीं चाहता मगर जरूरत पड़ी तो दिखाना जरूरी होगा। मनसे प्रमुख ने यह भी कहा था कि अगर राज्य सरकार इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करती है तो वह मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने का अभियान फिर से शुरू करेंगे।

मनसे ने निर्माणधीन अवैध दरगाह का एक वीडियो भी ट्वीट किया था, जिसमें मराठी भाषा में कहा गया था कि दिन के उजाले में समुद्र के बीच एक नया हाजी अली तैयार किया जा रहा था। मगर पुलिस और नगर पालिका को इसकी भनक तक नहीं लगी।

बुधावर को अपने संबोधन में राज ठाकरे ने एकबार फिर राज्य सरकार से मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर हटवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मेरी सरकार से मांग है कि आप लोगों को बताओ कि मस्जिद से लाउडस्पीकर बंद करे नहीं तो हम बंद करवा देंगे। आप बस ध्यान हमारी तरफ से हटा लो। ठाकरे ने पिछले साल चलाए गए इस अभियान को लेकर मनसे कार्यकर्ताओं पर दर्ज हुए लगभग 1700 मामलों को खत्म करने की मांग भी की।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story