×

Mamata Banerjee: ममता ने दिया अपनी आखिरी लड़ाई का संकेत,2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान

Mamata Banerjee News: टीएमसी मुखिया ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 में हमें किसी भी सूरत में भाजपा को हराना है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 30 Aug 2022 4:13 AM GMT
Mamata Banerjee
X

ममता बनर्जी (photo: social media ) 

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी के एक बड़े बयान के बाद सियासी अटकलबाजियों का दौर शुरू हो गया है। ममता बनर्जी ने 2024 के लोकसभा चुनावों को लेकर अहम बयान दिया है। उनका कहना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में केंद्र की सत्ता से भाजपा को बेदखल करना उनकी आखिरी लड़ाई होगी।

टीएमसी मुखिया ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 में हमें किसी भी सूरत में भाजपा को हराना है। केंद्र की सत्ता से भाजपा को बाहर करने के लिए दिल्ली की मेरी आखिरी लड़ाई होगी। ममता बनर्जी के इस बयान के बाद भाजपा ने टीएमसी मुखिया से पूछा है कि उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे 2024 की सियासी जंग के बाद राजनीति छोड़ देंगी? हालांकि अपने संबोधन के दौरान ममता ने राजनीति छोड़ देने के बारे में कुछ भी स्पष्ट तौर पर नहीं कहा।

भाजपा को केंद्र की सत्ता से हटा देंगे

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि हमने 2024 के चुनाव में भाजपा को हराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को किसी भी कीमत पर केंद्र की सत्ता से बेदखल करना है और मैं लोगों से वादा करती हूं कि हम भाजपा को भी केंद्र की सत्ता से हटा देंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में हमारी पहली प्राथमिकता पश्चिम बंगाल को बचाना है। अगर हमें डराने की कोशिश की जाएगी तो हम उसका जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कांग्रेस की ताकत की याद दिलाते हुए कहा कि 1984 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 400 से ज्यादा सीटें मिली थीं मगर उसके बाद 1989 के चुनाव में राजीव गांधी की अगुवाई में पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा। इंदिरा गांधी जैसी दिग्गज नेता को भी अपने सियासी जीवन में हार झेलनी पड़ी। ममता ने कहा कि आज भाजपा भी काफी ताकतवर है और उसके पास तीन सौ से अधिक सांसद हैं मगर उसकी पकड़ भी कमजोर होती जा रही है। बिहार भाजपा के हाथ से निकल चुका है और जल्द ही कई अन्य राज्य भी निकल जाएंगे।

भाजपा को दी गिरफ्तार करने की चुनौती

उन्होंने कहा कि भाजपा दूसरे सियासी दलों के नेताओं को चोर के ब्रांड के रूप में प्रसारित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों और पैसे के दम पर दूसरी पार्टियों की सरकारों को गिराने की साजिश रची जा रही है। भाजपा खुद को पवित्र और दूसरे हर किसी को चोर बताने में जुटी हुई है। फिरहाद हकीम और अभिषेक बनर्जी समेत टीएमसी के दूसरे नेताओं के खिलाफ दुर्भावना से अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा को इस सवाल का जवाब देना चाहिए कि चुनी हुई राज्य सरकारों को हटाने के लिए उसे हजारों करोड़ रुपए कहां से मिल रहे हैं।

ममता ने कहा कि मुझे इस बात की जानकारी मिली है कि मेरे खिलाफ भी भाजपा की ओर से केस दर्ज किया गया है। उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि मुझे गिरफ्तार करो और देखो कि आगे क्या होता है। उन्होंने गुजरात में बिलकिस बानो के साथ रेप करने वालों को छोड़े जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस मामले से हमें भाजपा और उसके नेताओं की मानसिकता का पता लगता है।

भाजपा ने मांगा ममता से स्पष्टीकरण

ममता बनर्जी की 2024 के लोकसभा चुनाव को आखिरी लड़ाई बताने की टिप्पणी पर भाजपा ने सवाल खड़े किए हैं। भाजपा प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा कि ममता बनर्जी को इस बारे में स्पष्ट रूप से घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि टीएमसी मुखिया को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद राजनीति पूरी तरह छोड़ देंगी?

उन्होंने कहा कि ममता ने आखिरी लड़ाई का बयान तो दिया है मगर स्पष्ट रूप से राजनीति छोड़ देने की बात नहीं कही है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद 2024 के चुनाव में भी भाजपा की जीत पहले से ही तय है। ऐसे में ममता को अपने बयान का मतलब पूरी तरह स्पष्ट करना चाहिए।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story