Opposition on ED: केजरीवाल को समन पर राघव चड्ढा ने BJP को घेरा, कहा-INDIA गठबंधन के नेताओं को जेल भेजने की तैयारी, ममता बनर्जी भी हमलावर

Opposition on ED: राघव चड्ढा से पहले आप के कई अन्य नेता भी ऐसी आशंका जता चुके हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया से भाजपा डरी हुई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 1 Nov 2023 1:08 PM GMT
Opposition on ED Raid
X

Opposition on ED Raid (Photo: Social Media)

Opposition on ED: दिल्ली शराब घोटाले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 2 नवंबर को पूछताछ के लिए तलब किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को चुनावों में अपनी हार का डर सता रहा है और इसीलिए आप नेताओं के खिलाफ साजिश रची जा रही है।

उन्होंने गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका भी जताई। राघव चड्ढा से पहले आप के कई अन्य नेता भी ऐसी आशंका जता चुके हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया से भाजपा डरी हुई है। इसलिए केजरीवाल के अलावा गठबंधन के अन्य बड़े नेताओं को भी गिरफ्तार करने की तैयारी है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी केजरीवाल को तलब किए जाने पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में एक ऐसा राज आ गया है जिसे बताने में भी शर्म आती है।

इंडिया गठबंधन के नेताओं को गिरफ्तार करने की तैयारी

आप नेता और सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार अरविंद केजरीवाल से डरी हुई है। बीजेपी अरविंद केजरीवाल को जेल में डालकर दिल्ली की सात सीटों पर जीत हासिल करना चाहती है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ही नहीं बल्कि इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं के खिलाफ भी साजिश रची जा रही है। केजरीवाल के बाद अगला नंबर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का है। सोरेन के बाद बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को गिरफ्तार करने की तैयारी है।



आप सांसद ने कहा कि यह सिलसिला थमने वाला नहीं है क्योंकि इसके बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी को गिरफ्तार किया जाएगा। केरल के मुख्यमंत्री पी.विजयन और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की भी गिरफ्तारी होगी। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे और शरद पवार के दल के नेताओं पर भी सरकार शिकंजा कसने की तैयारी में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि दरअसल बीजेपी इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार करके लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करना चाहती है।

भाजपा को सता रहा है अपनी हार का डर

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से रची जा रही साजिश से सावधान रहने की जरूरत है। यदि इस तरह विपक्ष के नेताओं को गिरफ्तार किया गया तो देश में लोकतंत्र की बुनियाद हिल जाएगी। जब रेस में भाजपा के अलावा और कोई दूसरा नहीं बचेगा तो उसकी जीत पहले से ही तय हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि यदि इंडिया गठबंधन की ओर से साझा प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरा तो फिर भाजपा को झटका लगना तय है। इसी कारण भाजपा को अपनी हार का डर सताने लगा है। गिरफ्तारी के बाद नेताओं को कोर्ट-कचहरी का चक्कर काटना होगा और ऐसे में भाजपा के लिए जीत की राह आसान हो जाएगी। इस योजना के तहत भाजपा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने की तैयारी कर रखी है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद भाजपा दिल्ली की की सभी सात सीटों पर जीत हासिल करना चाहती है।



ममता बनर्जी ने भी बोला हमला

आप सांसद राघव चड्ढा के अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी केजरीवाल को पूछताछ के लिए तलब किए जाने पर के मुद्दे को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने केजरीवाल को ईडी की ओर से नोटिस भेजे जाने का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष के कई नेताओं को इस तरह की नोटिस भेजकर डराने की कोशिश की जा रही है।



उन्होंने कहा कि देश में एक ऐसा राज आ गया है जिसे बताने में भी शर्म आती है। उन्होंने कहा कि दुनिया के अन्य देशों के लोग इसे देखेंगे तो क्या सोचेंगे। उल्लेखनीय है कि ममता के कई करीबी नेताओं पर हाल के दिनों में सीबीआई और ईडी की ओर से एक्शन लिया गया है। उनके कई करीबियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी से भी हाल में पूछताछ की गई थी। सीबीआई और ईडक के इस एक्शन से ममता बनर्जी काफी नाराज हैं।

Snigdha Singh

Snigdha Singh

Leader – Content Generation Team

Hi! I am Snigdha Singh from Kanpur. I Started career with Jagran Prakashan and then joined Hindustan and Rajasthan Patrika Group. During my career in journalism, worked in Kanpur, Lucknow, Noida and Delhi.

Next Story