×

उत्तराखंडः 45 दिन के दहशत का अंत, शिकारियों ने आदमखोर बाघिन को मार गिराया

By
Published on: 20 Oct 2016 11:17 PM GMT
उत्तराखंडः 45 दिन के दहशत का अंत, शिकारियों ने आदमखोर बाघिन को मार गिराया
X

नैनीतालः उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के आसपास के गांवों में बीते करीब 45 दिन से आतंक बरपा रही आदमखोर बाघिन गुरुवार को शिकारियों की गोलियों से ढेर हो गई। बाघिन ने एक पुरुष और एक महिला को मार डाला था और तीन अन्य को घायल किया था। इस इलाके को वो अच्छे से जानती थी, जिसकी वजह से शिकारियों और वन विभाग को उसे तलाशने में दिक्कत हो रही थी।

बड़ा ऑपरेशन चलाया गया

बाघिन को मारने के लिए देश में अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन चलाया गया था। इसमें हेलीकॉप्टर, ड्रोन कैमरे, वन विभाग के 150 से ज्यादा कर्मचारी और अफसरों के साथ शिकारी शामिल थे। प्रशिक्षित कुत्तों से भी बाघिन की तलाश कराई गई। बाघिन इतनी चालाक थी कि कई बार घेराबंदी में आने के बावजूद उसने शिकारियों को चकमा दे दिया था। बता दें कि बाघिन की मौत के लिए अफसरों और ग्रामीणों ने मंदिर में मत्था तक टेका था।

कैसे हुई ढेर?

बुधवार शाम को बाघिन को गोली मारकर घायल करने में शिकारी सफल हो गए थे। इसके बाद वो गुरुवार सुबह गोरखपुर गांव के पास नाले के किनारे दिखी। उस पर ताबड़तोड़ गोलियां दागी गईं। शिकारी हरि सिंह की एक गोली उसके सिर में लगी और आदमखोर बाघिन का अंत हो गया। बाघिन ने छह सितंबर को पहला शिकार किया था। इसके बाद उसने एक पुरुष को निवाला बनाया। तीन अन्य महिलाओं को भी हमला कर बाघिन ने घायल कर दिया था।

Next Story