×

Operation Ajay: 'हमास का इजरायल पर आतंकी हमला, भारत का रुख स्पष्ट', आज रात शुरू होगी भारतीयों की वतन वापसी, MEA का बयान

Israel-Hamas War : भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि, एक फ्लाइट देर रात इजरायल की राजधानी तेल अवीव से उड़ान भरेगी और कल सुबह 230 यात्री वतन वापस आएंगे।

aman
Report aman
Published on: 12 Oct 2023 12:32 PM GMT (Updated on: 12 Oct 2023 12:41 PM GMT)
MEA on Operation Ajay
X

Arindam Bagchi (Social Media)

Israel-Hamas War : इजरायल और फिलिस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास के बीच युद्ध जारी है। इसी बीच, संभावित खतरे को देखते हुए भारत ने इजरायल से रह रहे अपने नागरिकों की सुरक्षित घर वापसी के लिए 'ऑपरेशन अजय' (Operation Ajay) शुरू किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची (Arindam Bagchi) ने गुरुवार (12 अक्टूबर) को बताया कि, 'एक उड़ान देर रात इजरायल की राजधानी तेल अवीव से उड़ान भरेगी। जिससे कल सुबह 230 यात्री वतन वापस आएंगे।

अरिंदम बागची ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि, 'हमारे पास सभी विकल्प हैं। भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) का इस्तेमाल हमने पहले भी किया है। अभी चार्टर्ड फ्लाइट का ही इस्तेमाल किया जा रहा है। भारतीय नागरिकों के लिए इंडियन एंबेसी ने एडवाइजरी जारी की है, जिसे फॉलो करना चाहिए। अगर, आवश्यकता हो तो वो दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। हम हर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। बागची बोले, इस जंग को लेकर भारत का रुख बिल्कुल स्पष्ट है। ये हमास का इजरायल पर आतंकी हमला (Hamas Terror Attack on Israel) है।'

बागची बोले- सही-सलामत वतन वापसी हमारा लक्ष्य

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, 'जैसा कल विदेश मंत्री ने घोषणा की थी, 'ऑपरेशन अजय' को हमारे उन नागरिकों की इजरायल से वापसी की सुविधा के लिए शुरू किया गया है, जो देश वापस आना चाहते हैं। उन्होंने बताया, भारतीय नागरिकों को लेने के लिए पहली चार्टर उड़ान आज रात तेल अवीव पहुंचेगी। हमारा फोकस इस बात को लेकर है कि जो भारतीय देश वापस आना चाहते है उन्हें सही- सलामत भारत लाएं। विदेश मंत्रालय ने ये भी कहा कि, किसी भी भारतीय के मारे जाने की कोई सूचना नहीं है। करीब 10-12 भारतीय वेस्ट बैंक में तो 4 के गाजा में मौजूद हैं।'

भारतीय दूतावास का संदेश

आपको बता दें, इजरायल में रह रहे भारतीय प्रवासियों को इंडियन एंबेसी की ओर से संदेश दिया गया है कि उन्हें सुरक्षित रखने के लिए मोदी सरकार लगातार काम कर रही है। भारतीय प्रवासियों को एक संदेश में युद्धग्रस्त इजरायल में भारतीय राजदूत संजीव सिंगला (Indian Ambassador Sanjeev Singla) ने कहा है कि, 'मौजूदा स्थिति पर बहुत बारीकी से नजर रखी जा रही है। दूतावास भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहा है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story