×

MP New Cm: मोहन यादव होंगे मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री, नरेंद्र सिंह तोमर बने विधानसभा अध्यक्ष, शिवराज ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा

MP New Cm Mohan Yadav: मोहन यादव को मध्य प्रदेश की कमान सौंप कर भाजपा ने एक बार फिर से सबको चैंका दिया है। बता दें कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने इस बार किसी भी राज्य में मुख्यमंत्री का चेहरा प्रोजेक्ट नहीं किया था।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 11 Dec 2023 11:18 AM GMT (Updated on: 11 Dec 2023 12:43 PM GMT)
MP New Cm Mohan Yadav
X

MP New Cm Mohan Yadav (सोशल मीडिया)  

MP New Cm Mohan Yadav: भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री का ऐलान कर दिया है। मोहन यादव अब प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे। इनको मध्य प्रदेश की कमान सौंपी गई है। बीजेपी ने बड़ा दांव खेलते हुए एक बार फिर मध्य प्रदेश में ओबीसी चेहरे को मुख्यमंत्री पद पर बैठाया है। सूत्रों का कहना है कि बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व ने मोहन यादव का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के नाम को लेकर तमाम अटकलों पर अब पूर्ण विराम लग गया है। वहीं नरेंद्र सिंह तोमर को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है उन्हें मध्य प्रदेश विधानसभा का नया स्पीकर बनाया गया है। वहीं नए मुख्यमंत्री के चुनाव के बाद शिवराज सिंह ने अपना इस्तीफा राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल को सौंपा दिया। राज्यपाल ने भी शिवराज सिंह का इस्तीफा मंजूर कर लिया है।

भोपाल में सोमवार को विधायक दल की बैठक में लिए गए इस फैसले में केंद्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के लक्ष्मण एवं पार्टी की राष्ट्रीय सचिव आशा लाकड़ा के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद विधायक दल की बैठक में शामिल हुए। करीब शाम चार बजे विधायकों के साथ सीएम के नाम पर मंथन शुरू हुआ जो करीब चालीस मिनट तक चली।

ओबीसी नेता को सौंपी प्रदेश की कमान

कहा जा रहा है कि विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री का नाम तय होने के बाद इस पर मुहर दिल्ली से लगी। जैसी कि अटकलें लगाई जा रही थीं कि बीजेपी किसी ओबीसी नेता को ही फिर से मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएगी। मोहन यादव को मध्य प्रदेश की कमान सौंप कर भाजपा ने एक बार फिर से सबको चौंका दिया। बता दें कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने इस बार किसी भी राज्य में मुख्यमंत्री का चेहरा प्रोजेक्ट नहीं किया था। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के कई दावेदार थे, लेकिन बीजेपी ने सबसे पीछे छोड़ते हुए एक नए चेहरे मोहन यादव को मध्य प्रदेश की कमान सौंप दी।

भाजपा को जिस मोहन यादव को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान किया है वह उज्जैन दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक हैं। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में दो उपमुख्यमंत्री का भी ऐलान कर दिया गया। जगदीश देवड़ा और राजेश शुक्ला मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम होंगे। जगदीश देवड़ा मल्हारगढ़ और राजेश शुक्ला बिजावर से पार्टी के विधायक हैं। इसके अलावा स्पीकर पद के लिए नरेंद्र सिंह तोमर के नाम का एलान किया गया है।

मोहन यादव एक नजर में

मोहन यादव ने माधव विज्ञान महाविद्यालय से पढ़ाई की है। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उज्जैन के नगर मंत्री रह चुके हैं।

मोहन 1982 में छात्र संघ के सह-सचिव भी चुने गए थे।

वे भाजपा की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य और सिंहस्थ मध्य प्रदेश की केंद्रीय समिति के सदस्य, मध्य प्रदेश विकास प्राधिकरण के प्रमुख, पश्चिम रेलवे बोर्ड में सलाहकार समिति के सदस्य भी रह चुके हैं।

2013, 2018 के बाद अब वे 2023 में भी उज्जैन दक्षिण विधानसभा सीट पर तीसरी बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं।

भाजपा को मिला प्रचंड बहुमत

मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए 17 नवंबर 2023 को एक चरण में वोट डाले गए थे। इसके नतीजे तीन दिसंबर को जारी हुए थे। नतीजों में भाजपा को प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल हुई थी। भाजपा को 163 सीटें मिली हैं। जबकि कांग्रेस को 66 सीटों से ही संतोष करना पड़ा।

नतीजों के बाद सीएम के चेहरे पर था सस्पेंस

चुनाव जीतने के बाद से सभी मन में यह सवाल था कि राज्य का अगला सीएम कौन होगा? शिवराज सिंह चैहान चुनाव जीतने के बाद से ही आश्वस्थ थे कि वे ही सीएम बनेंगे। वे लोगों के बीच जा रहे थे। माताओं-बहनों से मिल रहे थे। उन्होंने यह भी कहा था कि वे मध्य प्रदेश में ही रहेंगे। उन्होंने बार-बार पार्टी का हर फैसला मानने की बात भी दोहराई थी। इस बीच विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने वाले भाजपा सांसदों ने इस्तीफा देकर मामले को और रोचक बना दिया। इसी के साथ माना जाने लगा कि सीएम पद की रेस में शिवराज के अलावा भी कई दिग्गज हैं, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी भाजपा ने सबको चैंकाते हुए एक ऐसे ओबीसी चेहर को प्रदेश की कमान सौंप दी जिसके बारे में कोई सोचा भी नहीं होगा। भाजपा ने मोहन यादव को अब मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान कर दिया है।

Viren Singh

Viren Singh

पत्रकारिता क्षेत्र में काम करते हुए 4 साल से अधिक समय हो गया है। इस दौरान टीवी व एजेंसी की पत्रकारिता का अनुभव लेते हुए अब डिजिटल मीडिया में काम कर रहा हूँ। वैसे तो सुई से लेकर हवाई जहाज की खबरें लिख सकता हूं। लेकिन राजनीति, खेल और बिजनेस को कवर करना अच्छा लगता है। वर्तमान में Newstrack.com से जुड़ा हूं और यहां पर व्यापार जगत की खबरें कवर करता हूं। मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई मध्य प्रदेश के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्विविद्यालय से की है, यहां से मास्टर किया है।

Next Story