×

MP Cabinet Expansion: MP में मोहन यादव मंत्रिमंडल का विस्तार आज, शीर्ष नेतृत्व ने फाइनल किए ये 28 नाम

MP Cabinet Expansion: मोहन यादव कैबिनेट में 15 से 18 मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। नए मंत्रियों में अनुभवी के साथ नए चेहरों को भी मौका देने की तैयारी है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 25 Dec 2023 2:03 AM GMT (Updated on: 25 Dec 2023 8:46 AM GMT)
Mohan Yadav cabinet expansion
X

Mohan Yadav cabinet expansion   (photo: social media )

MP Cabinet Expansion: लंबे इंतजार के बाद मध्य प्रदेश में मोहन यादव कैबिनेट का आज विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुद बताया कि आज दोपहर बाद साढ़े तीन बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। शपथ लेने वाले मंत्रियों का नाम फाइनल करने के लिए मुख्यमंत्री ने दो दिनों से दिल्ली में डेरा डाल रखा था और हाईकमान की मंजूरी के बाद शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने का ऐलान किया गया। मंत्रियों का नाम फाइनल करने में हाईकमान को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जानकार सूत्रों का कहना है कि मोहन यादव कैबिनेट में 15 से 18 मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। नए मंत्रियों में अनुभवी के साथ नए चेहरों को भी मौका देने की तैयारी है। मोहन यादव ने 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी। उसके बाद से ही मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें लगाई जाती रही हैं।

ये विधायक ले सकते हैं शपथ

1- प्रद्युम्न सिंह तोमर 2- तुलसी सिलावट 3- एदल सिंह कसाना 4- नारायण सिंह कुशवाहा 5- विजय शाह 6- राकेश सिंह 7- प्रह्लाद पटेल 8- कैलाश विजयवर्गीय 9- करण सिंह वर्मा 10- संपतिया उईके 11- उदय प्रताप सिंह 12- निर्मला भूरिया 13- विश्वास सारंग 14- गोविंद सिंह राजपूत 15- इंदर सिंह परमार 16- नागर सिंह चौहान 17- चैतन्य कश्यप 18- राकेश शुक्ला राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार ) 19- कृष्णा गौर 20- धर्मेंद्र लोधी 21- दिलीप जायसवाल 22- गौतम टेटवाल 23- लेखन पटेल 24- नारायण पवार राज्यमंत्री 25- राधा सिंह 26- प्रतिमा बागरी 27- दिलीप अहिरवार 28- नरेन्द्र शिवाजी पटेल

अब विकास में जुटेगी डबल इंजन की सरकार

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शपथ ग्रहण आज आयोजित किए जाने की जानकारी जरूर दी मगर उन्होंने यह नहीं बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कितने मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार की शाम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने सोमवार को साढ़े तीन बजे नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की अगुवाई में हम फिर से डबल इंजन की सरकार के जरिए मध्य प्रदेश के विकास में जुटेंगे।

राजभवन के सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव सुबह 10:30 बजे राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री राज्यपाल को उन नामों की सूची सौंपेंगे, जिन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई जानी है। शपथ ग्रहण का कार्यक्रम राजभवन में होगा जिसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।

22 दिन बाद मिल रहा है नया मंत्रिमंडल

मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में इस बार भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है। पार्टी राज्य में एक बार फिर अपनी सरकार दोहराने में कामयाब रही है। राज्य विधानसभा की 230 सीटों में से भाजपा ने इस बार 163 सीटों पर जीत हासिल की है जबकि कांग्रेस सिर्फ 66 सीटों पर सिमट गई है।

भाजपा को इस बार पिछली विधानसभा से 54 सीटें ज्यादा मिली हैं जबकि कांग्रेस को 48 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा है। राज्य विधानसभा के नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए गए थे और इस तरह चुनाव नतीजे की घोषणा के 22 दिन बाद मध्य प्रदेश को नया मंत्रिमंडल मिल रहा है।

अनुभवी के साथ नए चेहरों को मिलेगा मौका

प्रदेश में मंत्री पद के दावेदारों में कई प्रमुख नेताओं के नाम चर्चा में हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय को राज्य के कद्दावर नेताओं में गिना जाता है। इन नेताओं के अलावा इस बार कुछ सांसदों ने भी विधानसभा चुनाव जीतने में कामयाबी हासिल की है।प्रदेश के कई पूर्व मंत्री भी चुनाव जीतने में कामयाब रहे हैं। इन प्रमुख चेहरों को भी मंत्री पद दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि मोहन यादव की कैबिनेट में अनुभवी और नए चेहरों का मिश्रण होगा।

लंबे मंथन के बाद नामों पर लगी मुहर

गहन समीक्षा और शीर्ष नेताओं के बीच लंबी मंत्रणा को कैबिनेट के गठन में देरी का कारण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मोहन यादव तीन बार दिल्ली का दौरा कर चुके हैं। तब जाकर मंत्रियों के नाम तय करने में कामयाबी मिली है। कैबिनेट विस्तार में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की भी कोशिश की जाएगी क्योंकि पार्टी की निगाहें अगले लोकसभा चुनाव पर लगी हुई हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story