×

MP Election 2023: सोशल मीडिया पर सीएम शिवराज और प्रियंका गांधी भिड़े, दोनों के बीच छिड़ी जुबानी जंग

MP Election 2023: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रियंका गांधी के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया। सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं ने एक दूसरे पर जमकर निशाना साधा।

Krishna Chaudhary
Published on: 14 Oct 2023 1:21 PM IST
MP Election 2023
X

MP Election 2023 (Photo: Social Media)

MP Election 2023: विधानसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश का सियासी पारा इन दिनों हाई है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और विपक्षी कांग्रेस के बीच सत्ता की जोरदार लड़ाई छिड़ी हुई है। इन दोनों पार्टियों के राष्ट्रीय नेता भी चुनावी समर में कूद पड़े हैं। इस बीच कांग्रेस के एक चुनावी घोषणा पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रियंका गांधी के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया। सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं ने एक दूसरे पर जमकर निशाना साधा।

दरअसल, 12 अक्टूबर को मंडला की रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ऐलान किया था कि राज्य में कांग्रेस की सत्ता आने पर पढ़ो-पढ़ाओ’ योजना की शुरूआत की जाएगी। इस योजना के तहत कक्षा नर्सरी से लेकर 12वीं तक छात्रों को एक निश्चित राशि प्रति माह दी जाएगी। उनके इसी चुनावी घोषणा पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधते हुए जनता से झूठ बोलने का आरोप लगाया। जिस पर प्रियंका गांधी की ओर से भी पलटवार आया।

शिवराज ने प्रियंका के साथ-साथ कमलनाथ को भी लपेटा

कांग्रेस के पढ़ो-पढ़ाओ’ चुनावी घोषणा पर हमला बोलते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रियंका गांधी के साथ-साथ पीसीसी चीफ कमलनाथ को भी लपेट लिया। उन्होंने कहा, जिस गांधी परिवार ने पूरे देश को और देश की जनता को ठगा, उस गांधी परिवार को कमलनाथ ठग रहे हैं। 2018 में कमलनाथ ने राहुल गांधी से झूठे वचन दिलवाए और अब 2023 में प्रियंका गांधी से झूठी गारंटियां दिलवा रहे हैं।

प्रियंका और कमलनाथ का पलटवार

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने एक्स पर लिखे अपने पोस्ट में कहा, हम शिक्षा और बच्चों की बात कर रहे हैं, मगर पब्लिक का ध्यान भटकाने वाले लोगों को कुछ और ही समझ में आ रहा है। शिवराज जी, अच्छे लोगों का यही कायदा है कि बड़ों का आदर करते हैं। कांग्रेस में तानाशाही नहीं हैं कि जहां अपने ही नेताओं का नाम न लिया जाए, बात न सुनी जाए।

आगे उन्होंने लिखा, हम जाति, धर्म, वर्ग से परे मप्र के हर बच्चे को छात्रवृत्ति योजना के तहत कक्षा एक से आठवीं तक के बच्चों को 500 रूपये प्रति माह, कक्षा 9वीं और 10वीं एक हजार रूपये प्रति माह, कक्षा 11वीं और 12वीं के बच्चों को 1500 रूपये प्रति माह देंगे।


वहीं, पूर्व सीएम कमलनाथ ने सीएम शिवराज पर असंतुलित भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, शिवराज जी, अपनी ही सरकार और पार्टी में हाशिये पर डाल दिए जाने के बाद से आप अत्यंत असंतुलित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। आज आपने सारी मर्यादाओं को तोड़ते हुए कह दिया कि गांधी परिवार ने देश को ठगा है, उनके बाप का क्या जाता है?

जिन प्रियंका जी के पूज्य पिताजी के बारे में आप इस भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, वह भारतरत्न स्वर्गीय राजीव गांधी मातृभूमि के लिए शहीद हुए थे। प्रियंका जी की दादी श्रीमती इंदिरा गांधी ने देश की एकता अखंडता के लिए अपना लहू भारत माता को समर्पित किया था। आपकी झूठ फरेब की राजनीति, आपको मुबारक हो। मुझे और पूरे हिंदुस्तान को गांधी परिवार पर गर्व है क्योंकि गांधी देश के लिए जीना और मरना जानते हैं। एक बात और कि कांग्रेस झूठी घोषणा नहीं करती। हम तो उसी सनातन वाक्य पर चलते हैं- प्राण जाए पर वचन न जाए।

सीएम शिवराज ने प्रियंका के हमले का दिया जवाब

वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर प्रियंका गांधी के ध्यान भटकाने वाले बयान का जवाब देते हुए कहा, प्रियंका जी, मैं ध्यान भटका नहीं रहा हूं, बल्कि ध्यान दिला रहा हूं। आपसे जो लोग ये घोषणाएं करा रहे हैं, उनका ट्रैक रिकॉर्ड खराब है। आपको कमल नाथ जी से पूछना चाहिए कि जब उनकी सरकार थी, तब उन्होंने बच्चों के लैपटॉप क्यों छीने, साइकिल क्यों छीनी? स्कूली शिक्षा सहित जनकल्याण की अनेक योजनाएं क्यों बंद कीं? और अब मैं आपको समय-समय पर ध्यान दिलाता रहूंगा कि आपकी सरकार ने जनकल्याण की कौन-कौन सी योजनाएं बंद की थी।


बता दें कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को एक ही चरण में सभी 230 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। प्रदेश में 2018 की तरह इस बार भी बेहद दिलचस्प मुकाबला होने के आसार हैं। तमाम सियासी जानकार दोनों पार्टियों के बीच कांटे की लड़ाई होने का दावा कर रहे हैं।

Snigdha Singh

Snigdha Singh

Leader – Content Generation Team

Hi! I am Snigdha Singh, leadership role in Newstrack. Leading the editorial desk team with ideation and news selection and also contributes with special articles and features as well. I started my journey in journalism in 2017 and has worked with leading publications such as Jagran, Hindustan and Rajasthan Patrika and served in Kanpur, Lucknow, Noida and Delhi during my journalistic pursuits.

Next Story