×

MP Election 2023: दिग्विजय सिंह ने सिंधिया को बताया ‘कायर’ और भतीजे रूद्रदेव को ‘गद्दार’

MP Election 2023 : कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योदिरादित्य सिंधिया को कायर और अपने भतीजे को रूद्रदेव सिंह को गद्दार बताया है। सिंह ने कहा कि उनके भतीजे ने गद्दारों का साथ दिया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 15 Nov 2023 8:17 AM GMT
MP Election 2023  (Photo:Social Media)
X

MP Election 2023  (Photo:Social Media)

MP Election 2023. मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव – प्रचार का आज आखिरी दिन है। आज यानी बुधवार शाम को चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा और परसों यानी शुक्रवार को मतदान होगा। लिहाजा नेताओं ने प्रचार अभियान में अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। जैसे-जैसे मतदान का समय नजदीक आ रहा है, नेताओं की बयानबाजी तीखी होती जा रही है। पूर्व वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एकबार फिर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जोरदार हमला बोला है।

गुना की चाचौड़ा विधानसभी सीट पर प्रचार करने पहुंचे दिग्गी राजा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को गद्दार और कायर बताया। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सिंधिया ने एक कायर की तरह अपनी विचारधारा से समझौता कर लिया। ग्वालियर चंबल की रैलियों में दिग्विजय लगातार सिंधिया पर गद्दार करने का आरोप लगाते हैं।

पिछले दिनों भी उन्होंने एक रैली में कहा था बड़े महाराज (माधवराव सिंधिया) और ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस ने क्या नहीं दिया। उन्हें केंद्र में मंत्री बनाया, सांसद बनाया फिर भी उन्होंने कांग्रेस से गद्दारी की और बीजेपी के साथ चले गए।


भतीजे रूद्रदेव सिंह पर भी बोला हमला

एमपी विधानसभा में गुना के अंदर दो राजघराने भी आमने-सामने हैं। राघोगढ़ रियासत के राजा दिग्विजय सिंह ने रिश्ते में भतीजे लगने वाले रूद्रदेव सिंह पर भी निशाना साधा है। मंच से उन्होंने कहा कि उनके भतीजे ने भी गद्दारों (सिंधिया) का साथ दिया। आखिर क्या नहीं किया इस परिवार के लिए ? लेकिन उसके बाद भी गद्दारी की और गद्दारों के साथ मिलकर हमारा विरोध करता है। शर्म आनी चाहिए।

दरअसल, रूद्रदेव सिंह मधुसूदनगढ़ राजपरिवार से आते हैं। साल 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ उन्होंने भी कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। इसके बाद से वह लगातार दिग्गी राजा और उनके परिवार पर हमलावर रहते हैं। इसी बात को लेकर दिग्विजय सिंह नाराज बताए जाते हैं। दोनों राजघरानों के रिश्तों में भी कड़वाहट आ चुकी है।


रूद्रदेव ने चाचा भतीजे पर किया पलटवार

मधुसूदनगढ़ राजपरिवार के सदस्य रूद्रदेव सिंह ने कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि गद्दारी तो लक्ष्मण सिंह ने साल 2004 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होकर की थी। उन्होंने कहा कि वे केवल सम्मान चाहते थे, जो ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उन्हीं दी। बता दें कि दिग्गी राजा के भाई लक्ष्मण सिंह बीजेपी के टिकट पर सांसद का चुनाव जीते थे।

राघोगढ़ से दिग्गी के करीबी को बीजेपी ने दिया टिकट

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के परिवार की भी प्रतिष्ठा दांव पर है। उनके परिवार के दो सदस्य भाई लक्ष्मण सिंह चाचौड़ा और बेटे जयवर्धन सिंह राघोगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं। दोनों साल 2018 में भी इन्हीं सीटों से चुनाव जीते थे। बीजेपी ने दिग्गी राजा के बेटे के खिलाफ कभी उनके बेहद नजदीकी रहे हीरेंद्र सिंह को मैदान में उतारा है। हीरेंद्र को सिंधिया ने कांग्रेस से बीजेपी में लाया था।


बता दें कि मध्य प्रदेश में इस बार का विधानसभा चुनाव बेहद दिलचस्प है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीजेपी में आने के बाद से राज्य के सियासी समीकरण बदले हैं। सिंधिया क्या बीजेपी को ग्वालियर-चंबल में वैसी ही कामयाबी दिला पाते हैं, जैसा उन्होंने 2018 में कांग्रेस को दिलाया था, इस पर सबकी नजरें हैं। सभी 230 सीटों पर एक चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा। वहीं, नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Content Writer

Krishna Chaudhary having four year experience of working in different positions during his Journalism. Having Expertise to create content in Politics, Crime, National and International Affiars.

Next Story