×

Bihar: सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार, फोन पर सुमित्रा महाजन से रो-रो कर लगाई बचाने की गुहार

aman
By aman
Published on: 28 March 2017 1:06 AM GMT
Bihar: सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार, फोन पर सुमित्रा महाजन से रो-रो कर लगाई बचाने की गुहार
X

पटना: जन अधिकार पार्टी के प्रमुख और सांसद पप्पू यादव को सोमवार (27 मार्च) की रात पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें बेउर जेल भेज दिया गया। इससे पहले, जब पुलिस उनके मंदिरी स्थित आवास पर पहुंची थी और उन्हें अपनी गिरफ्तारी की भनक लगी तो उन्होंने तत्काल लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को फोन लगाया और फिर दहाड़ मारकर रोने लगे।

बताया जाता है कि इस दौरान पप्पू यादव ने सुमित्रा महाजन से कहा, ‘ये लोग हमें फंसा रहे हैं। जान मार सकते हैं। कुछ कीजिए।' जब सांसद यादव फोन पर ये बातें कह रहे थे उस वक्त उनके कमरे का दरवाजा बंद था और भीतर बस कुछ लोग और पुलिसवाले थे।

पप्पू को जज के आवास पर किया पेश

बावजूद इसके पटना पुलिस ने सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार कर सिविल कोर्ट के जज जावेद अहमद के आवास पर पेश किया। जज ने सांसद को न्यायिक हिरासत में लेने के आदेश दिए। इसके बाद उन्हें बेउर जेल भेज दिया गया। ये पूरी घटना रात नौ बजे के करीब की है।

आगे की स्लाइड में पढ़ें पूरी खबर ...

प्रदर्शन में पथराव के कारण जारी हुआ वारंट

सांसद के आवास पर पहुंचे गांधी मैदान थानाध्यक्ष प्रियरंजन कुमार ने उन्हें वारंट दिखाया। इसके बाद पप्पू यादव समझ गए कि अब उनकी गिरफ्तारी तय है। बस, उन्होंने झट से लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन को फोन लगा दिया और दहाड़ मारकर रोने लगे। गौरतलब है कि हाल ही में जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान के नजदीक प्रदर्शन किया था। उस समय भी पथराव हुआ था। उसी मामले में सांसद पर वारंट जारी किया गया। पुलिस ने उन पर हुए नए केस का भी हवाला दिया।

सोमवार को भी हुआ था पथराव

इससे पहले सोमवार को दिन में गर्दनीबाग में जन अधिकार पार्टी कार्यकर्ताओं और पुलिस में जमकर पथराव हुआ था। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था। इसमें कई कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी घायल हो गए। पप्पू यादव को भी चोट आई थी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story