‘AAP नहीं चाहती महिलाएं सक्षम हों,’ स्वाति मालिवाल ने केजरीवाल को लिखी चिट्टी, लगाए कई गंभीर आरोप

MP Swati Maliwal: स्वाति मालीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर उनके मंत्रियों पर महिला आयोग को 'कमजोर संस्था' बनाने का आरोप लगाया है।

Network
Newstrack Network
Published on: 2 July 2024 9:01 AM GMT
MP Swati Maliwal
X

MP Swati Maliwal (सोशल मीडिया) 

MP Swati Maliwal: मुख्यमंत्री आवास पर अरविंद केजरीवाल के पीए विभव कुमार द्वारा की गई मारपीट और बदसलूकी के बाद से आम आदमी पार्टी (आप) राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने अपनी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। इस बार स्वाति मालीवाल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ सीधे तौर पर आरोप लगाए हैं। राज्यसभा सांसद मालीवाल ने दिल्ली सरकार पर दिल्ली महिला आयोग को कमजोर करने का आरोप लगाया है और इसके लिए उन्होंने सीएम केजरीवाल को चार पेज का एक पत्र भी लिखा है। उन्होंने दिल्ली सरकार से तंज भर लहजे में पूछा कि आखिर महिलाओं से इतनी परेशानी क्यों है?

डीसीडब्ल्यू को 'कमजोर' बना रही है दिल्ली सरकार

स्वाति मालीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर उनके मंत्रियों पर महिला आयोग को 'कमजोर संस्था' बनाने का आरोप लगाया है। आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा में मनोनीत किए जाने के बाद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। सांसद बनने से पहले वह इस पद पर करीब 8 सालों तक रहीं। एक्स पर लेटर पोस्ट कर कहा कि पिछले छह महीने से किसी भी कर्मचारी को वेतन नहीं दिया गया है। बजट में 28.5 प्रतिशत की कटौती की गई है। 181 हेल्पलाइन बंद कर दी गई है और अध्यक्ष तथा दो सदस्यों के पदों को भरने के लिए कोई काम नहीं किया गया है।

जहां महिला आयोग सक्षम नहीं, वहां सुरक्षा कैसी

उन्होंने आगे कहा कि जबसे मैंने दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दिया है, तबसे दिल्ली सरकार के मंत्रियों और अफ़सरों ने आयोग के ख़िलाफ़ मोर्चा खोल दिया है। न कर्मचारियों को वेतन दिया जा रहा है। 181 हेल्पलाइन वापिस ले ली गई है। हेल्पलाइन बंद होना अपने आप में शर्मनाक है। दुनिया की बलात्कार राजधानी माने जाने वाले राज्य की 181 हेल्पलाइन बंद कर दी गई है। मैंने सीएम अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखा है कि वे ऐसा कैसे कर सकते हैं। जिस राज्य का महिला आयोग सक्षम नहीं है, वहां की महिलाओं की सुरक्षा कैसे हो सकती है?

महिला आयोग को बंद करने पर अड़ी सरकार

उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि सरकार नहीं चाहती कि महिलाएं सक्षम हों। मुझे लगता है कि सरकार को उन महिलाओं से दिक्कत है जो अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाती हैं। उन्होंने कहा कि मेरे रहते हुए आठ साल में दिल्ली महिला आयोग ने 1,70,000 मामलों की सुनवाई की, लेकिन जब से मैंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है, पूरी दिल्ली सरकार दिल्ली महिला आयोग को बंद करने पर अड़ी हुई है।

दिल्ली सरकार का आया जवाब

दरअसल, दिल्ली सरकार का महिला एवं बाल विकास (डब्ल्यूएंडसीडी) विभाग दिल्ली महिला आयोग से महिला हेल्पलाइन नंबर 181 का प्रबंधन अपने हाथ में लेने की तैयारी कर रही है। इसको पूरा होने में दो दिन का वक्त लगेगा। स्वाती के हेल्पलाइन बंद होने के आरोप पर दिल्ली सरकार का महिला एवं बाल विकास मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि फिलहाल 181 से संबंधित शिकायतें हेल्पलाइन नंबर 112 पर की जा सकती हैं। केंद्र सरकार के अनुसार अब यह हेल्पलाइन नंबर महिला एवं बाल विकास (डब्ल्यूएंडसीडी) विभाग चलाएगा, जिसके चलते इसे 30 जून से बंद कर दिया गया है। मुझे विश्वास है कि महिला हेल्पलाइन नंबर 181 कुछ दिनों के भीतर फिर से चालू हो जाएगा। यह परिवर्तन भारत सरकार के निर्देश पर हुआ है।

Viren Singh

Viren Singh

पत्रकारिता क्षेत्र में काम करते हुए 4 साल से अधिक समय हो गया है। इस दौरान टीवी व एजेंसी की पत्रकारिता का अनुभव लेते हुए अब डिजिटल मीडिया में काम कर रहा हूँ। वैसे तो सुई से लेकर हवाई जहाज की खबरें लिख सकता हूं। लेकिन राजनीति, खेल और बिजनेस को कवर करना अच्छा लगता है। वर्तमान में Newstrack.com से जुड़ा हूं और यहां पर व्यापार जगत की खबरें कवर करता हूं। मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई मध्य प्रदेश के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्विविद्यालय से की है, यहां से मास्टर किया है।

Next Story