×

Mumbai Cylinder Blast: मुंबई में बड़ा हादसा, गैस सिलेंडर फटने के बाद ढह गए कई मकान, 4 जख्मी

Mumbai Cylinder Blast: हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग आननफानन में घटनास्थल की ओर दौड़े। मौके पर मलबे के ढेर में दबे लोग दर्द से चीख रहे थे।

Krishna Chaudhary
Published on: 29 Nov 2023 6:11 AM GMT
Mumbai Cylinder Blast
X

Mumbai Cylinder Blast  (photo: social media )

Mumbai Cylinder Blast: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आई है। शहर के चेंबूर कैंप इलाके में भयानक हादसा हुआ है। आज सुबह आठ बजे यहां एक मकान में रखा गैस सिलेंडर फट गया। धमाके की जोरदार आवास से पूरा इलाका गूंज उठा। सिलेंडर के फटते ही करीब 4 - 5 मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग आननफानन में घटनास्थल की ओर दौड़े। मौके पर मलबे के ढेर में दबे लोग दर्द से चीख रहे थे।

हादसे की सूचना फौरन पुलिस को दी गई। इसके बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम के साथ पुलिस पहुंची और रेस्क्यू का काम शुरू किया। बीएमसी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मलबे में दबे 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। फिलहाल कई और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, उन्हें बीएमसी संचालित शताब्दी अस्तपताल में भर्ती कराया गया है।

गैस सिलेंडर कैसे फटा इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। बीएमसी के अधिकारियों का मानना है कि संभवतः गैस लीक करने के कारण सिलेंडर में धमाका हुआ। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि चेंबूर इलाके में गोल्फ क्लब के पास ओल्ड बैरक में सुबह सात बजकर 50 मिनट पर एक घर में धमाका हुआ, जिसकी जद में आसपास के भी कई मकान आ गए। घटनास्थल पर दमकल की पांच गाड़ियां, पुलिस, नगर निगम के कर्मियों, एंबुलेंस और अन्य एजेंसियों को भेजा गया है।

यहाँ भी हो चूका गैस सिलेंडर ब्लास्ट

बता दें कि कुछ दिनों पहले आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित बंदरगाह पर भी एक मछली पकड़ने वाली बोट में रखे गैस सिलेंडर ब्लास्ट कर दिया था। जिसके कारण बंदरगाह पर लंगर डाले 40 नावें जलकर नष्ट हो गई थीं। बात करें मुंबई की तो बीते 18 नवंबर को बांद्रा पश्चिम में गजदर रोड पर सुबह के समय खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फट गया था, जिसमें आठ लोग जख्मी हो गए थे।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story