TRENDING TAGS :
Nagpur Violence Update: औरंगजेब की कब्र के विवाद में भड़की हिंसा नागपुर में पथराव और आगजनी,गाड़ियों में तोड़फोड़,कई घायल
Nagpur Violence Update: उग्र भीड़ ने टकराव के बाद आगजनी व तोड़फोड़ शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। मौके पर पुलिस बल भेजा जा रहा है।
Nagpur News (Image From Social Media)
Nagpur Violence Update: महाराष्ट्र में मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र को लेकर पैदा हुए विवाद ने अब हिंसक रूप ले लिया है। नागपुर में आज इस विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसा भड़क उठी। नागपुर के महाल इलाके में आज विश्व हिंदू परिषद की ओर से औरंगजेब का पुतला फूंका गया था जिसके बाद हिंसा भड़क गई।
दरअसल विहिप की ओर से आज शाम औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से एक धार्मिक पुस्तक को जलाने की अफवाह फैल गई जिसके बाद दो पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया।
इस दौरान कई गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी होने की भी खबर है। बवाल करने वाले लोगों पर काबू पाने के लिए पुलिस की ओर से आंसू गैस के गोले छोड़े गए। पथराव और तोड़फोड़ की घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इस घटना के बाद इलाके में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
कब्र को लेकर पैदा हुआ विवाद अब हिंसक
महाराष्ट्र में औरंगजेब की कब्र को लेकर पैदा हुआ विवाद अब काफी गरमा गया है। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल समेत कई हिंदू संगठनों ने छत्रपति संभाजी नगर में औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग तेज कर दी है। भाजपा नेताओं की ओर से भी कब्र को हटाने की मांग की गई है। विहिप और बजरंग दल के प्रदर्शन के मद्देनजर औरंगजेब की कब्र पर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। कब्र के इर्द-गिर्द भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
इस बीच महाराष्ट्र के अन्य इलाकों में भी औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। नागपुर में भी आज इसी सिलसिले में विहिप और बजरंग दल की ओर से प्रदर्शन आयोजित किया गया था जिसके बाद हिंसा भड़क उठी। नागपुर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गृह क्षेत्र भी है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी यहां से सांसद हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय भी नागपुर में ही है।
पथराव और आगजनी में पुलिसकर्मी भी घायल
नागपुर में औरंगजेब की कब्र के खिलाफ आज विहिप की ओर से बड़ा प्रदर्शन किया गया। इस दौरान औरंगजेब की का पुतला भी फूंका गया। प्रदर्शन के दौरान एक चादर और धार्मिक पुस्तक को जलाने की अफवाह फैल गई। मुस्लिम समाज की ओर से दावा किया गया कि उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। घटना के विरोध में मुस्लिम समुदाय के लोग महाल क्षेत्र में शिवाजी की प्रतिमा के सामने इकट्ठा हुए और उनकी ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया।
इसके बाद उन्होंने गणेश पेठ थाने पहुंचकर विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। टकराव को बढ़ता हुआ देखकर पुलिस की ओर से शिवाजी की प्रतिमा के इर्द-गिर्द भारी सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं।
शाम होते होते दोनों पक्षों के बीच विवाद में हिंसक रूप धारण कर लिया। इस दौरान पथराव और आगजनी होने की खबर है। कोई गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई जिसके बाद पुलिस की ओर से आंसू गैस के गोले छोड़े गए। उपद्रवियों की ओर से दो जेसीबी में आग लगाने की खबर है। पथराव और आगजनी की घटनाओं में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
फडणवीस और गडकरी ने की शांति की अपील
इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और नागपुर के सांसद व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर के लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लगातार पुलिस प्रशासन के संपर्क में हैं और स्थानीय लोगों को पुलिस की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागपुर शांतिपूर्ण शहर है और यहां लोगों के बीच हमेशा से सहयोग की भावना रही है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए और शांति बहाल करने में पुलिस और प्रशासन की मदद करनी चाहिए।
विहिप और बजरंग दल की कार सेवा की धमकी
वैसे महाराष्ट्र के कई इलाकों में भी आज औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। विहिप और बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि इस कब्र को नहीं हटाया गया तो अयोध्या की तरह कार सेवा की जाएगी। महाराष्ट्र में अब यह विवाद काफी गहरा गया है और इस विवाद ने राज्य सरकार के लिए नई मुसीबत पैदा कर दी है।