×

PM मोदी के बर्थडे पर बीजेपी का सेवा सप्ताह, अमित शाह ने एम्स में लगाई झाड़ू

भाजपा के कार्यवाहक अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय गोयल और विजेंद्र गुप्ता के साथ अमित शाह ने सेवा सप्ताह अभियान के तहत यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में फर्श की सफाई की।

Aditya Mishra
Published on: 26 April 2023 4:44 PM GMT (Updated on: 26 April 2023 4:51 PM GMT)
PM मोदी के बर्थडे पर बीजेपी का सेवा सप्ताह, अमित शाह ने एम्स में लगाई झाड़ू
X

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। इसके मद्देनजर 14 सितंबर से 20 सितंबर को पार्टी देशभर में कई सामाजिक पहल शुरू करेगी।

इसी कड़ी में आज केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी की ओर से 'सेवा सप्ताह' का शुभारंभ किया।

भाजपा के कार्यवाहक अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय गोयल और विजेंद्र गुप्ता के साथ शाह ने सेवा सप्ताह अभियान के तहत यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में फर्श की सफाई की।

पार्टी नेताओं ने हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों से भी मुलाकात की। सफाई करने के बाद शाह ने मीडिया से कहा, "देशभर में भाजपा कार्यकर्ता आज से सेवा सप्ताह मनाएंगे।

हमारे प्रधानमंत्री ने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया है और गरीबों के लिए काम किया है।"

उन्होंने कहा, "इसलिए, उनका जन्मदिन सेवा सप्ताह के रूप में मनाना उपयुक्त है।"

ये भी पढ़ें...पीएम मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया है: अमित शाह

सरकार की उपलब्धियों को जन- जन पहुंचाया जाएगा

14-20 सितंबर के बीच मनाए जाने वाले इस सेवा सप्ताह के अंतर्गत भाजपा लोगों को सरकार की उपलब्धियां बताएगी।

अस्पतालों में उपयोगी लेख वितरित करने पर ध्यान दिया जाएगा, प्रत्येक जिले में 10 दिव्यांगों की जिम्मेदारी ली जाएगी और सिंगल यूज प्लास्टिक के बारे में जागरूकता पैदा की जाएगी।

यूपी में इन बड़े नेताओं ने संभाली कार्यक्रम की कमान

वहीं उत्तर प्रदेश में भी भाजपा ने सेवा सप्ताह का आगाज कर दिया है। हमीरपुर में यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने राज्य के मंत्री अशोक कटारिया और रामचंद्र प्रताप सिंह के साथ सड़क पर झाड़ू लगाया।

काशी में भी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को खास तरीके से मनाया जाएगा। उनके जीवन से जुड़ी पुस्तकें समाज के प्रबुद्ध और प्रतिष्ठित लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।

ये भी पढ़ें...पीएम मोदी ने अनुच्छेद-370 हटाकर एक ऐतिहासिक फैसला लिया: सीएम योगी

20 को सीएम योगी जनता से करेंगे संवाद

शुक्रवार 20 सितंबर तक इस सेवा सप्ताह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर सरकार के सभी मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से लेकर संगठन में बूथ तक काम करने वाले कार्यकर्ता भाजपा के झंडा-बैनर और प्रधानमंत्री के संदेश के साथ लोगों के पास सेवा कार्यों के जरिए पहुंचने की कोशिश करेंगे।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह हमीरपुर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चित्रकूट में, उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल लखनऊ में मोहान रोड स्थित बालगृह में स्वच्छता अभियान चलाएंगे।

भाजपा रणनीतिकारों ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को उत्सव के बजाय लोगों से संपर्क और संवाद को ताजा करने का माध्यम बनाने का फैसला किया है।

ये भी पढ़ें...पीएम मोदी ने मुंबई को दी 19 हजार करोड़ की सौगात, रखी मेट्रो की नींव

Aditya Mishra

Aditya Mishra

Next Story