33 वैज्ञानिकों को मिला राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार, गोविंदाराजन पद्मनाभन को विज्ञान रत्न, ISRO की चंद्रयान टीम को भी अवार्ड

National Science Award 2024: 33 अवार्ड विजेता वैज्ञानिकों की सूची में 18 युवा वैज्ञानिक भी शामिल हैं जिन्हें विज्ञान युवा शांति स्वरूप भटनागर अवार्ड प्रदान किया गया।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 22 Aug 2024 7:18 AM GMT (Updated on: 22 Aug 2024 7:20 AM GMT)
Govindarajan Padmanabhan received Vigyan Ratna
X

गोविंदाराजन पद्मनाभन को विज्ञान रत्न   (photo: social media )

National Science Award 2024: राष्ट्रपति भवन में आज आयोजित एक समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 33 वैज्ञानिकों को राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार से सम्मानित किया। विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए बायोकेमिस्ट गोविंदाराजन पद्मनाभन को विज्ञान रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने इसरो की चंद्रयान टीम को विज्ञान टीम अवॉर्ड प्रदान किया।

33 अवार्ड विजेता वैज्ञानिकों की सूची में 18 युवा वैज्ञानिक भी शामिल हैं जिन्हें विज्ञान युवा शांति स्वरूप भटनागर अवार्ड प्रदान किया गया। उनके अलावा तेरह वैज्ञानिकों को विज्ञान श्री अवॉर्ड दिया गया।

पद्मनाभन को मिला विज्ञान रन अवाॅर्ड

विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आजीवन उपलब्धियां हासिल करने और महत्वपूर्ण योगदान को मान्यता देने के लिए विज्ञान रत्न पुरस्कार दिया जाता है। इस बार यह महत्वपूर्ण पुरस्कार प्रसिद्ध बायोकेमिस्ट गोविंदाराजन पद्मनाभन को प्रदान किया गया। पद्मनाभन ने विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है जिसके लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें आज सम्मानित किया।

विज्ञान के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए 13 वैज्ञानिकों को विज्ञान श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कारों की तर्ज पर जनवरी में नेशनल साइंस अवार्ड की शुरुआत की थी। इसके तहत अवार्ड विजेताओं को एक पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। नेशनल साइंस अवार्ड में बदलाव किया गया है और पहले के साइंस अवार्ड से अलग इसमें कैश राशि नहीं प्रदान की जाती।

इन वैज्ञानिकों को मिला विज्ञान श्री अवॉर्ड

विज्ञान श्री अवॉर्ड पाने वालों में खगोल भौतिकविद् अन्नपूरिणी सुब्रमण्यन, कृषि विज्ञानिक आनंदरामकृष्णन, परमाणु उर्जाविद् आवेश कुमार त्यागी, जीव वैज्ञानिक प्रोफेसर उमेश वार्ष्णेय और प्रोफेसर जयंत भालचंद्र उद्गांवकर, पृथ्वी वैज्ञानिक प्रोफेसर सईद वजीह अहमद नकवी, इंजीनियरिंग वैज्ञानिक प्रोफेसर भीम सिंह, गणित एवं कंप्यूटर वैज्ञानिक प्रोफेसर आदिमूर्ति और प्रोफेसर राहुल मुखर्जी, दवा वैज्ञानिक डॉक्टर संजय बेहारी, भौतिकविद् प्रोफेसर लक्ष्मणन मुत्थुस्वामी और प्रोफेसर नब कुमार मंडल और तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में प्रोफेसर रोहित श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं।

इन युवा वैज्ञानिकों को किया गया सम्मानित

जिन युवा वैज्ञानिकों को विज्ञान युवा शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार प्रदान किया गया, उनमें कृषि वैज्ञानिक कृष्ण मूर्ति एस एल और स्वरूप कुमार पारिदा, जीव वैज्ञानिक राधाकृष्णन महालक्ष्मी और प्रोफेसर अरविंद पेनमात्सा, रसायनविद् विवेक पोल्शेत्तिवर और विशाल राय, पृथ्वी वैज्ञानिक कॉक्सी मैथ्यू कोल, इंजीनियरिंग वैज्ञानिक अभिलाष और राधा कृष्ण गंति, पर्यावरण वैज्ञानिक पूरबी सैकिया और बप्पी पॉल, गणित और कंप्यूटर वैज्ञानिक महेश रमेश काकडे, दवा के क्षेत्र में जितेंद्र कुमार साहू और प्रज्ञ ध्रुव यादव, भौतिकविद् उर्बसी सिन्हा, अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में दिगेंद्रनाथ स्वैन और तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में प्रभु राजगोपाल के नाम शामिल हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story