×

NCERT: NCERT की किताबों में इंडिया की जगह अब लिखा जाएगा भारत ! समिति ने दिया सुझाव

NCERT: एनसीईआरटी की किताबों में अब इंडिया की जगह भारत लिखा दिख सकता है। एनसीईआरटी की किताबें ही सीबीएसई में चलती हैं, जो कि केंद्र सरकार का शिक्षा बोर्ड है।

Krishna Chaudhary
Published on: 25 Oct 2023 9:03 AM GMT (Updated on: 25 Oct 2023 9:13 AM GMT)
NCERT new book
X

NCERT new book   (photo: social media )

NCERT: इंडिया बनाम भारत को लेकर चले विवाद के बीच NCERT की ओर से एक बड़ी जानकारी सामने आई है। नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एनसीईआरटी) की किताबों में अब इंडिया की जगह भारत लिखा दिख सकता है। एनसीईआरटी की किताबें ही सीबीएसई में चलती हैं, जो कि केंद्र सरकार का शिक्षा बोर्ड है। जानकारी के मुताबिक, एनसीईआरटी से ये सिफारिश उसी के द्वारा गठित एक समिति ने की है। समिति ने कुछ और महत्वपूर्ण सिफारिशें भी की हैं, जिस पर आने वाले समय पर विवाद होना तय माना जा रहा है।

दरअसल, NCERT राष्ट्रीय शिक्षा नीति की तर्ज पर अपने सिलेबस में संशोधन कर रहा है। पाठ्यक्रम में किस तरह के संसोधन किए जाएं इसका सुझाव लेने के लिए 19 सदस्यों की नेशनल सिलेबस एंड टीचिंग लर्निंग मेटेरियल कमेटी (NSTC) गठित की गई थी। इसी समिति की सिफारिशें अब छनकर बाहर आ रही हैं। समिति ने एनसीईआरटी से अपनी किताबों में शास्त्रीय इतिहास और हिंदू योद्धाओं के वीरगाथाओं को भी शामिल करने को कहा है।

हिंदू योद्धाओं से जुड़े इतिहास को पढ़ाया जाए

समिति ने एनसीईआरटी से अपनी किताबों में हिंदू योद्धाओं से जुड़े इतिहास को शामिल करने की सिफारिश की है। इनसे जुड़े चैप्टर्स में उनके वीरगाथाओं के बारे में बताया जाए। समिति के अध्यक्ष सीआई आइजैक ने कहा कि फिलहाल किताबों में हिंदू योद्धाओं के असफलताओं का बखान है। इनमें मुगलों और सुल्तानों पर उनकी जीत के बारे में नहीं बताया गया है।

उन्होंने इसका एक उदाहरण देते हुए कहा कि किताबों में यह बताया गया है कि मोहम्मद गोरी ने भारत पर आक्रमण किया था। जबकि यह बहुत कम बताया गया है कि उसके यहां से जाने से पहले ही काकोरी जनजाति के लोगों ने उसे मार दिया था।

इंडिया के बदले भारत का हो जिक्र

समिति ने एनसीईआरटी की सभी किताबों में इंडिया के बदले भारत का इस्तेमाल करने की सिफारिश की है। कमेटी को हेड करने वाले सीआई आइजैक ने कहा, इंडिया शब्द का इस्तेमाल आमतौर पर ईस्ट इंडिया कंपनी के आगमन और 1757 के प्लासी के युद्ध के बाद शुरू हुआ था। जबकि, भारत का जिक्र विष्णु पुराण जैसे प्राचीन ग्रंथों में मिलता है, जो कि सात हजार साल पुराने हैं। समिति के सभी 19 सदस्यों की इस पर आम सहमति है कि किताबों में इंडिया के बदले भारत शब्द का प्रयोग हो।

बता दें कि भारत बनाम इंडिया विवाद पिछले दिनों खूब तूल पकड़ा था। जी20 समेत तमाम अंतरराष्ट्रीय बैठकों में इंडिया के बदले भारत शब्द का प्रयोग किया जाने लगा था। इस मसले पर विपक्ष और केंद्र सरकार के बीच जमकर जुबानी जंग देखऩे को मिली थी।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story