×

गणतंत्र दिवस समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन होंगे मुख्य अतिथि, अब तक इन फ्रांसीसी नेताओं ने लिया भाग

Republic Day 2024: भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के कार्यक्रम में मुख्य अथिति के रूप में साल 1976 पहली बार फ्रांस के पूर्व प्रधानमंत्री जैक्स शिराक शामिल हुए थे।

Viren Singh
Published on: 22 Dec 2023 7:34 AM GMT
Republic Day 2024
X

Republic Day 2024 (सोशल मीडिया) 

Republic Day 2024: 26 जनवरी के गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में फ्रांस के राष्ट्रपति शामिल होंगे। भारत सरकार ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। इसी के साथ, यह पांच बार है जब कोई कोई फ्रांसीसी नेता गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अथिति के रूप में शामिल होगा। आखिरी बार साल 2016 में फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रेंकोइस ओलांद गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे।

अब तक इतने फ्रांसीसी नेता हो चुके मुख्य अतिथि

भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के कार्यक्रम में मुख्य अथिति के रूप में साल 1976 पहली बार फ्रांस के पूर्व प्रधानमंत्री जैक्स शिराक शामिल हुए थे। फिर साल 1980 में फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति वालेरी गिस्कार्ड डी-एस्टिंग समारोह के मुख्य अतिथि बने थे। 28 साल बाद फिर साल 2008 में राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी को मुख्य अतिथि बनाया गया था। साल 2016 में राष्ट्रपति फ्रेंकोइस ओलांद को समारोह के मुख्य अतिथि का न्यौता दिया गया था। राष्ट्रपति के इमैनुएल मैक्रॉन के साथ अब तक कुल पांच बार फ्रांस के नेता गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो चुके हैं।

बैस्टिल डे परेड में शामिल हुए थे पीएम मोदी

इससे पहले जुलाई में पीएम मोदी बैस्टिल डे परेड में शामिल होने के लिए फ्रांस गए थे। राष्ट्रपति मैक्रॉन के निमंत्रण पर पीएम मोदी ने बैस्टिल दिवस समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में भाग लिया। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ मनाने के लिए पीएम मोदी ने फ्रांस का दौरा किया था। बीती जुलाई में पीएमओ के बयान के मुताबिक, भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ को चिह्नित करने के लिए एक सैन्य बैंड के नेतृत्व में 241 सदस्यीय त्रि-सेवा भारतीय सशस्त्र बलों की टुकड़ी ने भी परेड में भाग लिया।

भारतीय सेना ने भी लिया था भाग

भारतीय सेना की टुकड़ी का नेतृत्व किया गया पंजाब रेजिमेंट और राजपूताना राइफल्स रेजिमेंट ने किया। परेड के दौरान भारतीय सैन्य दल ने 'सारे जहां से अच्छा' की देशभक्तिपूर्ण धुन पर मार्च किया, जबकि भारतीय वायु सेना (आईएएफ) राफेल लड़ाकू विमानों के एक स्क्वाड्रन ने बैस्टिल डे परेड में चैंप्स-एलिसीज़ के ऊपर फ्लाईपास्ट में भाग लिया। हाशिमारा से 101 स्क्वाड्रन से भारतीय वायु सेना के राफेल जेट परेड के दौरान फ्लाईपास्ट का हिस्सा बने।

सितंबर में भारत आए थे फ्रांसीसी राष्ट्रपति

बीते सितंबर में फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रॉन ने भारत की अध्यक्षता में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए सितंबर में भारत का दौरा किया था। राष्ट्रपति मैक्रॉन और प्रधान मंत्री मोदी ने 10 सितंबर को जी20 शिखर सम्मेलन के मौके पर दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक की।

संबंधों पर दोनों ने जताई अपनी प्रतिबद्धता

बैठक के बाद पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने भारत-फ्रांस संबंधों को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने भारत में उत्पादन के डिजाइन और विस्तार में साझेदारी के माध्यम से रक्षा सहयोग को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और रक्षा औद्योगिक रोडमैप को शीघ्र अंतिम रूप देने का आह्वान किया।

Viren Singh

Viren Singh

पत्रकारिता क्षेत्र में काम करते हुए 4 साल से अधिक समय हो गया है। इस दौरान टीवी व एजेंसी की पत्रकारिता का अनुभव लेते हुए अब डिजिटल मीडिया में काम कर रहा हूँ। वैसे तो सुई से लेकर हवाई जहाज की खबरें लिख सकता हूं। लेकिन राजनीति, खेल और बिजनेस को कवर करना अच्छा लगता है। वर्तमान में Newstrack.com से जुड़ा हूं और यहां पर व्यापार जगत की खबरें कवर करता हूं। मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई मध्य प्रदेश के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्विविद्यालय से की है, यहां से मास्टर किया है।

Next Story