New Governor List: संतोष गंगवार बने झारखंड के राज्यपाल, कटारिया भेजे गए पंजाब, अब उत्तर प्रदेश पर सबकी निगाहें

New Governor List: नए राज्यपालों की सूची में सबसे उल्लेखनीय नाम बरेली के पूर्व सांसद संतोष गंगवार का है। उन्हें झारखंड का नया राज्यपाल बनाया गया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 28 July 2024 2:39 AM GMT (Updated on: 28 July 2024 2:54 AM GMT)
New Governor List
X

संतोष गंगवार को झारखंड और गुलाब चंद कटारिया को पंजाब का राज्यपाल नियुक्त किया गया (Pic: Social Media)

New Governor List: देश के कई राज्यों के राज्यपाल बदले गए हैं। राष्ट्रपति भवन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक बरेली से आठ बार लोकसभा का चुनाव जीतने वाले संतोष गंगवार को झारखंड का नया राज्यपाल बनाया गया है। गंगवार को इस बार के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने टिकट नहीं दिया था। असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पंजाब का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। अब सबकी निगाहें उत्तर प्रदेश पर लगी हुई हैं। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का कार्यकाल 29 जुलाई को समाप्त होने वाला है। जानकारों का कहना है कि आनंदीबेन पटेल को तीन महीने का सेवा विस्तार दिया जा सकता है।

लक्ष्मण प्रसाद अब असम के राज्यपाल

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक राष्ट्रपति ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उनकी जगह गुलाब चंद कटारिया को नियुक्त किया गया है। राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले कटारिया अभी तक असम के राज्यपाल की जिम्मेदारी निभा रहे थे।


सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य अब असम के नए राज्यपाल होंगे। उन्हें मणिपुर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। उल्लेखनीय है कि लक्ष्मण प्रसाद आचार्य उत्तर प्रदेश में वाराणसी के रहने वाले हैं। वे भाजपा के पूर्व एमएलसी रह चुके हैं।


ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। अभी तक झारखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी निभा रहे सी.पी.राधाकृष्णन महाराष्ट्र के नए राज्यपाल होंगे। उनके पास तेलंगाना का अतिरिक्त प्रभार भी है।

गंगवार को मिली झारखंड की जिम्मेदारी

नए राज्यपालों की सूची में सबसे उल्लेखनीय नाम बरेली के पूर्व सांसद संतोष गंगवार का है। उन्हें झारखंड का नया राज्यपाल बनाया गया है। वे भाजपा के टिकट पर बरेली से 8 बार लोकसभा का चुनाव जीत चुके हैं। वे अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। इसके साथ ही वे उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति के सदस्य भी रह चुके हैं। उन्हें इस बार भी बरेली से लोकसभा के टिकट का दावेदार माना जा रहा था मगर इस बार पार्टी की ओर से उन्हें टिकट नहीं दिया गया था।

कई और राज्यों में गवर्नर नियुक्त

राष्ट्रपति भवन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक जिष्णु देव वर्मा को तेलंगाना का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। हरिभाऊ किशनराव बागड़े को राजस्थान, रमन डेका को छत्तीसगढ़ और सी.एच. विजयशंकर को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसके अलावा के. कैलाशनाथ को पुडुचेरी का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। सभी राज्यपालों की नियुक्तियां उनके कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी।

अब उत्तर प्रदेश पर सबकी निगाहें

उत्तर प्रदेश को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं किया गया है। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का कार्यकाल 29 जुलाई को समाप्त होने वाला है। उत्तर प्रदेश में अभी तक किसी भी गवर्नर को दोबारा मौका नहीं मिला है।

ऐसे में अगर आनंदीबेन पटेल को दोबारा राज्यपाल पद की जिम्मेदारी सौंपी गई तो यह उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहला मौका होगा। वैसे जानकारों का कहना है कि आनंदीबेन पटेल को तीन महीने का सेवा विस्तार दिया जा सकता है। अब सबकी निगाहें उत्तर प्रदेश को लेकर किए जाने वाले फैसले पर टिकी हुई हैं।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story