×

New Year 2023: पहाड़ों पर ट्रैफिक जाम, नए साल से पहले शिमला-मनाली और देहरादून-मसूरी में उमड़ी भीड़

New Year 2023: नए साल का जश्न मनाने के लिए सैलानी बड़ी संख्या में पहाड़ों का रुख कर चुके हैं। इस साल भी बड़ी संख्या में लोग मनाली, शिमला, मसूरी और देहरादून पहुंच रहे हैं।

aman
Written By aman
Published on: 31 Dec 2022 7:38 AM GMT (Updated on: 31 Dec 2022 11:50 AM GMT)
X

 प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

New Year 2023: देश में नए साल के जश्न की तैयारियां शबाब पर है। नए साल से एक दिन पहले लोगों का जोश उफान पर है। साल के अंतिम दिन देश के सैलानी पूरी तरह 'वेकेशन मूड' में नजर आ रहे हैं। अधिकतर सैलानियों ने पहाड़ों का रुख किया है। पहाड़ी राज्यों में अच्छी-खासी भीड़ दिखाई दे रही है। बड़ी तादात में सैलानी हिमाचल प्रदेश के मनाली पहुंचे हैं। वहीं, नैनीताल और देहरादून, मसूरी जाने वालों की तादात भी कम नहीं है। हालात, ये है कि पर्यटकों की गाड़ियों से एक तरफ जहां अटल टनल पर भीषण जाम लगा है, वहीं उत्तराखंड के कई शहरों में भी कमोबेश यही हालात हैं।

न्यू ईयर पर जश्न (New Year 2023) को देश तैयार है। हजारों की संख्या में सैलानी घूमने निकल चुके हैं। अधिकांश ने पहाड़ों का रुख किया है। दरअसल, कोरोना की वजह से पिछले दो साल से लोग घरों में कैद थे। सार्वजनिक आयोजनों पर प्रतिबंध रहा। इसलिए भी इस वर्ष पर्यटकों की भारी भीड़ अन्य शहरों का रुख कर चुकी है। नए साल से पहले ही सभी होटल आदि बुक हैं। लेकिन, सबसे बुरी हालत मनाली, शिमला, नैनीताल और मसूरी जाने वालों के साथ है। जगह-जगह जाम लगे हैं। जाम का आलम ये है कि हिमाचल सरकार ने पर्यटकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर तक जारी किए हैं।


45 मिनट की दूरी 5 घंटे में कर रहे पूरी

अमूमन मनाली से अटल टनल (Manali to Atal Tunnel) पहुंचने में 45 मिनट का वक्त लगता है। मगर, जाम की स्थिति में सैलानियों को अटल टनल तक पहुंचने में 3 से 5 घंटे तक का समय लग रहा है। मनाली शहर में कई जगहों पर जाम की स्थिति देखी जा रही है। पर्यटकों की गाड़ी नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। जाम की इस स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन का सहारा भी लिया जा रहा है।

देहरादून-मसूरी में भी उमड़े पर्यटक

नए साल के जश्न के लिए मसूरी में भी पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। सैलानियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मसूरी के साथ-साथ देहरादून में कई जगह रूट डायवर्ट किए गए हैं। देहरादून पुलिस (Dehradun Police) ने शुक्रवार सुबह से ही भीड़ नियंत्रित करने में जुटी है। शुक्रवार को पुलिस ने करीब 5000 गाड़ियों को अस्थायी बाईपास से मसूरी की तरफ भेजा। रात भर पुलिस इसी बाईपास पर मौजूद रही। यातायात पुलिस नए साल के मौके पर यातायात प्लान से शहरवासियों को जाम के झाम से निजात दिलाने की कोशिशों में जुटी रही। देहरादून में आईएसबीटी से बल्लूपुर (ISBT to Ballupur) के रास्ते पर मसूरी जाने के लिए अस्थायी बाईपास बनाया गया है। पुलिस वालों ने मुख्य चौराहों पर दिशा सूचक चिन्ह वाले फ्लेक्स भी लगाए हैं। ताकि, वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


पर्यटकों के लिए जारी हुआ QR कोड

मसूरी और देहरादून में पर्यटकों को रास्ता दिखाने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक क्यूआर कोड (QR code) जारी किया है। इस क्यूआर कोड को स्कैन करने पर सभी रास्तों की जानकारी मिल जाएगी। कहने का मतलब है कि, कहां से रूट डायवर्ट है, के बारे में पता चल जाएगा। बाहरी लोगों को कहां से गुजरना है, किस ओर जाना है सभी जानकारी मिल पाएगी। एसपी ट्रैफिक की मानें तो इस क्यूआर कोड के जरिये लाइव ट्रैफिक (Live Traffic) की जानकारी भी मिल सकेगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story