TRENDING TAGS :
Bihar Politics: बिहार में फगुआ के बीच भिड़ गए देवर और भाभी,सदन में राबड़ी और नीतीश कुमार के बीच वार-पलटवार का दौर
Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर राबड़ी देवी ने बड़ा बयान दिया है। जानें उन्होंने क्या कहा।
Bihar Politics: बिहार समेत देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों पर होली का रंग चढ़ने लगा है। होली के मौके पर देवर और भाभी के बीच खूब हंसी-ठिठोली हुआ करती है और दोनों एक-दूसरे को रंगों से सराबोर करने का कोई मौका नहीं छोड़ते मगर होली के इस माहौल में बिहार विधान परिषद के भीतर भाभी राबड़ी देवी और देवर नीतीश कुमार के बीच बड़ा टकराव हो गया।
कुछ दिनों पूर्व राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री बनने पर सवाल खड़े करने वाले नीतीश कुमार को आज पूर्व मुख्यमंत्री ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि बिहार में कुछ भी काम नहीं हुआ है। उन्होंने सदन में मुख्यमंत्री को भंगेड़ी तक कह डाला। राबड़ी देवी के आरोपों पर नीतीश कुमार ने भी कड़ा जवाब दिया।
राबड़ी ने नीतीश कुमार को बताया भंगेड़ी
बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक करने के साथ ही विधानसभा और विधान परिषद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी सियासी तकरार देखने को मिल रही है। ऐसा ही नजारा आज विधान परिषद में भी देखने को मिला जब राबड़ी देवी और नीतीश कुमार आमने-सामने आ गए। राबड़ी देवी ने दावा किया कि नीतीश सरकार के कार्यकाल के दौरान बिहार में कोई काम नहीं हुआ है। उन्होंने यहां तक कह डाला कि नीतीश कुमार भांग पीकर सदन में आते हैं।
नीतीश कुमार को भंगेड़ी बताते हुए उन्होंने कहा कि वे कुछ भी बोलते रहते हैं। सदन में भांग पीकर आने के साथ ही वे महिलाओं का अपमान भी करते हैं। वे सदन में हमें भी बेइज्जत कर चुके हैं। राबड़ी ने कहा कि आपने मेरा अपमान किया है तो इसका मतलब यह हुआ कि आपने पूरे बिहार की महिलाओं का अपमान किया है।
नीतीश कुमार ने दिया राबड़ी को जवाब
राबड़ी देवी के आरोप सुनकर नीतीश कुमार विधान परिषद में तुरंत खड़े हो गए। राबड़ी के आरोपों का आरोपों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राजद के शासनकाल के दौरान बिहार में कोई काम नहीं हुआ। राबड़ी की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पति की कुर्सी छिनी तो उन्होंने पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। नीतीश ने कहा कि उनके पति को मौका दिया गया मगर तीन साल में कुछ नहीं हुआ तो हम साथ छोड़कर इधर चले आए। नीतीश कुमार के संबोधन के दौरान सदन में जमकर हंगामा होता रहा।
2005 के बाद हुए कामों का ब्योरा पेश करेंगे नीतीश
हंगामे के बीच ही राजद की महिला एमएलसी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हमेशा महिलाओं को अपमानित करते रहते हैं। इस पर नीतीश कुमार ने कहा कि मेरी सरकार ने महिलाओं के लिए जितना काम किया है,उसे देखिए। नीतीश कुमार के इस बयान के बाद राजद समेत पूरे विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। नीतीश कुमार ने सदन में दावा किया कि पहले बिहार में चलने लायक सड़कें तक नहीं थी और मैंने नई सड़कें बनवाने के साथ ही पुरानी सड़कों को दुरुस्त कराया।
खुद के मुख्यमंत्री रहने के दौरान किए गए कामों की जानकारी सामने लाने के लिए उन्होंने कहा कि 2005 के बाद किए गए कामों का ब्योरा सदन के पटल पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके जरिए राज्य के लोगों को इस बात की जानकारी मिलेगी कि 2005 के बाद बिहार में कितने काम कराए गए हैं। विपक्ष पर तंज कसते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि जब इन लोगों ने सदन ही छोड़ दिया है तो वे मेरी बात क्या समझेंगे।