×

Bihar News: BJP ने नीतीश को दिया एक और झटका, अब जदयू की दमन और दीव की पूरी इकाई भाजपा में शामिल

Bihar Nitish Kumar News: बिहार छोड़कर अन्य प्रदेशों में जदयू में हो रही टूट के पीछे भाजपा और जदयू से गठबंधन टूटने को बड़ा कारण माना जा रहा है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 13 Sep 2022 5:07 AM GMT
Nitish Kumar News
X

Nitish Kumar  (image social media)

Click the Play button to listen to article

Bihar News Today: अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर के बाद भाजपा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दमन और दीव में भी बड़ा झटका दिया है। जदयू की दमन और दीव इकाई का भाजपा में विलय हो गया है। दमन और दीव के 17 जदयू जिला पंचायत सदस्यों में से 15 ने भाजपा का दामन थाम लिया है। बिहार में पिछले महीने भाजपा को झटका देकर राजद के साथ हाथ मिलाने वाले नीतीश कुमार के लिए इसे बड़ा झटका माना जा रहा है।

दरअसल बिहार छोड़कर अन्य प्रदेशों में जदयू में हो रही टूट के पीछे भाजपा और जदयू से गठबंधन टूटने को बड़ा कारण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले महीने बड़ा सियासी खेल करते हुए राजद से हाथ मिलाकर नई सरकार का गठन कर लिया था। बिहार में हुए इस बड़े सियासी घटनाक्रम के बाद भाजपा लगातार जदयू को झटका देने में जुटी हुई है।

बिहार में नीतीश के कदम से नाराजगी

दमन और दीव में नीतीश कुमार को बड़ा झटका देने के बाद भाजपा ने जदयू पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा ने ट्वीट करते हुए कहा कि बिहार में हमने विकास को गति दी थी मगर जदयू ने बाहुबली को चुना है जिसे लेकर अब उन्हीं के नेता काफी नाराज दिख रहे हैं। भाजपा का यह कटाक्ष राजद की ओर इशारा माना जा रहा है।

भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि राजद के साथ हाथ मिलाकर नीतीश कुमार ने बाहुबलियों का साथ दिया है। पार्टी की ओर से दावा किया गया है कि एनडीए के राज में भाजपा की ओर से बिहार को विकास के पथ पर आगे ले जाने की कोशिश की जा रही थी मगर नीतीश कुमार को यह मंजूर नहीं था।

अरुणाचल-मणिपुर के बाद तीसरा राज्य

अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर के बाद अब दमन और दीव में जदयू नेताओं का भाजपा में शामिल होना नीतीश कुमार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। कुछ समय पूर्व अरुणाचल प्रदेश में जदयू के अधिकांश विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया था। हाल में मणिपुर के सात में से पांच जदयू विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की मौजूदगी में पिछले हफ्ते इन पांचों विधायकों को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई थी।

इन विधायकों के पाला बदल के संबंध में मणिपुर विधानसभा सचिवालय की ओर से बकायदा बयान भी जारी किया गया था। इस बयान के मुताबिक जॉयकिशन सिंह, नगुरसंगलूर सनाटे, मोहम्मद अचबउद्दीन, थंगजाम अरुणकुमार और एलएम खौटे भाजपा में शामिल हो गए हैं। विधानसभा सचिवालय का कहना है कि मणिपुर विधानसभा के अध्यक्ष ने संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत जदयू के पांच विधायकों के भाजपा में विलय को मंजूर कर लिया है।

नीतीश को घेरने में जुटी हुई है भाजपा

भाजपा इन दिनों बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मजबूत घेरेबंदी करने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में गृह मंत्री अमित शाह जल्द ही बिहार के सीमांचल का दौरा करने वाले हैं। नीतीश कुमार का साथ छूटने के बाद पार्टी बिहार में नए सिरे से रणनीति बना रही है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 2024 के लोकसभा चुनावों के मद्देनजर विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

नीतीश कुमार ने पिछले दिनों दिल्ली का तीन दिवसीय दौरा किया था। अपनी इस यात्रा के दौरान नीतीश कुमार ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत विपक्ष के लगभग सभी बड़े नेताओं से मुलाकात हुई थी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भाजपा और जदयू के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होगा।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story