×

पीएम मोदी ने दी ओडिशा को 68 हजार करोड़ की सौगात, IIM परिसर का भी किया उद्घाटन, कांग्रेस पर चलाए तीखे बाण

Pm Modi in Odisha: 2014 के पहले 10 वर्षों तक केंद्र में जो सरकार थी, वह बजट में जितनी घोषणाएं करती थी, उससे कई गुना बड़े घोटाले करती थी। 2014 से पहले भारत का युवा निराशा में डूबा था, उसका भविष्य अंधेरे में था, आज भारत का युवा आत्मविश्वास से भरा है

Viren Singh
Published on: 3 Feb 2024 10:55 AM GMT (Updated on: 3 Feb 2024 11:19 AM GMT)
Pm Modi in Odisha
X

Pm Modi in Odisha (सोशल मीडिया) 

Pm Modi in Odisha: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा एक दिवसीय यात्रा पर रहे। इस दौरान पीएम मोदी ने संबलपुर में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के स्थायी परिसर का उद्घाटन करने के साथ 68 हजार करोड़ रुपये की 18 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। आईआईएम का स्थायी परिसर 400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस अवसर पर पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, राज्यपाल रघुवर दास और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद थे।

बजट है गरीबों को सशक्त की गारंटी

इस दौरान पीएम मोदी ने यहां पर आयोजित एक जनसभा को भी संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि दो दिन पहले ही देश का नया बजट आया है। पिछले 10 वर्षों में जिस नीति पर चलते हुए देश के 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। यह बजट उसी नीति को और मजबूत करता है। इस बजट का ऐलान है गरीबों को सशक्त करने की गारंटी। हमारे युवा हों, महिलाएं हों, किसान हों, मछली पालक हों, ये बजट सबके विकास की गारंटी देता है। पीएम मोदी ने कहा कि मेरा कोई गरीब भाई-बहन झुग्गी-झोपड़ी में न रहे, इसके लिए मैं दिन-रात एक कर रहा हूं। किसान हों, मछली पालक हों, मछुआरे हों या फिर कोई और हो, इनकी आय बढ़े, इनका जीवन आसान हो, ये भाजपा सरकार की प्राथमिकता रही है।

आडवाणी के भारत रत्न सम्मान को मोदी ने जोड़ा इससे

मोदी ने कहा कि आज भाजपा के हर एक कार्यकर्ता के लिए गर्व और गौरव का दिन है। आज देश ने हम सब के नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने की घोषणा की है। ये सम्मान हम सब कार्यकर्ताओं का सम्मान है। ये सम्मान उस विचारधारा का भी सम्मान है, जो राष्ट्र प्रथम को लेकर चलती है। ये सम्मान दो सांसद वाली पार्टी से चलकर देश और विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने का और कार्यकर्ताओं के संघर्षों का सम्मान है।

ओडिशा को हक के लिए होना पड़ता था परेशान

जनसभा में कांग्रेस पर हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने ओडिशा के लोगों से कहा दिल्ली में जब कांग्रेस का राज था, तब ओडिशा को अपने हक के लिए भी परेशान होना पड़ता था। आज आपका ये बेटा दिल्ली में बैठा है, इसलिए आज ओडिशा के विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। 2014 से पहले जहां ओडिशा की पहचान को खराब करने के प्रयास होते थे। वहीं हमारी सरकार आज ओडिशा का गौरव बढ़ा रही है। ओडिशा में G-20 की बड़ी बैठकें हुईं, जिनमें दुनियाभर से लोग आए। दिल्ली में जो G-20 शिखर सम्मेलन हुआ, उसमें भी ओडिशा छाया रहा। भारत की सांस्कृतिक विरासत से दुनिया के ताकतवर देशों के नेताओं को परिचित कराने के लिए हमने कोणार्क चक्र को चुना।

पहले बजट में घोषणाएं से अधिक होते थे घोटाले

उन्होंने कहा कि 2014 के पहले 10 वर्षों तक केंद्र में जो सरकार थी, वह बजट में जितनी घोषणाएं करती थी, उससे कई गुना बड़े घोटाले करती थी। 2014 से पहले भारत का युवा निराशा में डूबा था, उसका भविष्य अंधेरे में था, आज भारत का युवा आत्मविश्वास से भरा है क्योंकि उसके पीछे ईमानदार भाजपा सरकार खड़ी है।

साधु मेहर के निधन पीएम मोदी ने जताया शोक

प्रतिभाशाली फिल्म एक्टर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर साधु मेहर का शनिवार को निधन हो गया है। पीएम मोदी ने कहा कि साधु मेहरका निधन का दुखद समाचार भी मिला। साधु मेहर फिल्म और कला के क्षेत्र में ओडिशा की प्रतिभा के एंबेसडर थे। हमारी सरकार ने 2017 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था। साधु मेहर जी को मैं विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं।

Viren Singh

Viren Singh

पत्रकारिता क्षेत्र में काम करते हुए 4 साल से अधिक समय हो गया है। इस दौरान टीवी व एजेंसी की पत्रकारिता का अनुभव लेते हुए अब डिजिटल मीडिया में काम कर रहा हूँ। वैसे तो सुई से लेकर हवाई जहाज की खबरें लिख सकता हूं। लेकिन राजनीति, खेल और बिजनेस को कवर करना अच्छा लगता है। वर्तमान में Newstrack.com से जुड़ा हूं और यहां पर व्यापार जगत की खबरें कवर करता हूं। मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई मध्य प्रदेश के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्विविद्यालय से की है, यहां से मास्टर किया है।

Next Story