×

Heavy Rain Alert: भयानक बारिश से इन राज्यों में रेड अलर्ट, डूब रहे ओडिशा-मध्य प्रदेश, यहां बंद हुए स्कूल

Rain Alert in India: ओड़िशा में मौसम का हाल देखें तो यहां पर बालासोर सहित उत्तरी ओड़िशा के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति सोमवार को गंभीर हो गई। नदियों के उफान से निचले इलाकों में पानी भर गया। जिससे कम से कम 134 गांव पानी में डूब गए।

Vidushi Mishra
Published on: 23 Aug 2022 5:32 AM GMT
Heavy Rain Alert: भयानक बारिश से इन राज्यों में रेड अलर्ट, डूब रहे ओडिशा-मध्य प्रदेश, यहां बंद हुए स्कूल
X

Rain Alert in India: देश के कई राज्यों में लगातार बारिश होने की वजह से नदियां उफान पर है। जबकि कुछ राज्यों में बाढ़ से लोगों का हाल-बेहाल हो गया है। इन राज्यों में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, ओड़िशा, मध्य प्रदेश, झारखंड के तमाम जिलों में बाढ़ और भूस्खलन से आफत आई हुई है। बाढ़ की वजह से पूरे के पूरे गांव खाली हो गए हैं। फिलहाल मौसम विभाग ने अभी कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश में भीषण बारिश और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं की वजह से अब तक 32 लोगों की जान चली गई।

ओड़िशा में मौसम का हाल देखें तो यहां पर बालासोर सहित उत्तरी ओड़िशा के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति सोमवार को गंभीर हो गई। नदियों के उफान से निचले इलाकों में पानी भर गया। जिससे कम से कम 134 गांव पानी में डूब गए।

ओड़िशा में मौसम का हाल

उत्तरी ओड़िशा में सुवर्णरेखा, बुधबलंग, जलाका और बैतरणी जैसी नदियां बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव के कारण हुई भारी बारिश और झारखंड से बाढ़ के पानी के छोड़े जाने के कारण उफान पर हैं। जिससे बाकी जिलों में भी बाढ़ का भयंकर खतरा मंडरा रहा है।

इस बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि उत्तर ओड़िशा की बाढ़ से बालासोर, मयूरभंज, जाजपुर और भद्रक जिलों के 251 गांव प्रभावित हुए हैं, जबकि प्रभावित आबादी की कुल 9.66 लाख लोगों को गांवों से बाहर निकाल दिया गया है।

इसके साथ ही राज्य सीएम ने रविवार को प्रभावी प्रशासन के लिए बालासोर जिले के कलेक्टर को विशेष राहत आयुक्त के अधिकार सौंपे थे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए उनके पास एक हेलीकॉप्टर भी रखा गया था।

इस बीच, आईएमडी ने मंगलवार और बुधवार को बालासोर में और बारिश की भविष्यवाणी की है। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता बीजे मिश्रा ने कहा कि हम आईएमडी के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई करेंगे। आगे उन्होंने यह भी कहा कि महानदी डेल्टा क्षेत्र में बाढ़ अच्छी तरह से नियंत्रण में है, हालांकि बहुत धीमी गति से पानी के निर्वहन के कारण कई गांव अभी भी डूबे हुए हैं।

फोटो- सोशल मीडिया

राजस्थान का हाल

राजस्थान के कोटा और आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों में हुई अत्यधिक भारी बारिश ने बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। भारी बारिश की चेतावनी के चलते राजस्थान के बारां जिले के सभी स्कूल 23-24 अगस्त तक जिलाधिकारी नरेंद्र गुप्ता के आदेशानुसार बंद रहेंगे।

मध्य प्रदेश में मौसम का हाल

मध्य प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को यानी लगातार तीसरे दिन भी भारी बारिश जारी रही। जिसके परिणामस्वरूप राज्य की राजधानी भोपाल और जबलपुर सहित कुछ जिलों में स्कूल बंद रहे।

राज्य के बड़े हिस्से में नदियां, नालियां और अन्य जलाशय उफान पर थे और पानी छोड़ने के लिए कई बांधों के द्वार खोल दिए गए हैं। खासकर पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई सड़कों पर कम दृश्यता के कारण वाहनों की आवाजाही कम रही। राज्य के कुछ निचले इलाकों में जलजमाव की भी खबरें हैं।

फिलहाल आईएमडी ने लोगों को मूसलाधार बारिश के बीच यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। वहीं भोपाल, नर्मदापुरम, सागर और ग्वालियर संभाग में आज रात तक बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story