×

देर से दस्तक देगा मानसून, 7 जून तक करना पड़ सकता है इंतजार

By
Published on: 15 May 2016 10:38 AM GMT
देर से दस्तक देगा मानसून, 7 जून तक करना पड़ सकता है इंतजार
X

नई दिल्ली: केरल के लोगों को मानसून के लिए इस बार लंबा इंतजार करना पड़ेगा। भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि मानसून केरल में 7 जून के आस-पास दस्तक देगा। मौसम विभाग ने इस तारीख में चार दिन आगे-पीछे होने की संभावना भी व्यक्त की है। इसका सीधा मतलब है कि केरल में मानसून 3 जून से 11 जून के बीच दस्तक दे सकता है।

अमूमन एक जून तक आता है मानसून

-केरल में आम तौर पर एक जून तक मानूसन आ जाता है।

-मानसून की हवाओं की बात करें तो बंगाल की खाड़ी में ये हवाएं तेजी पकड़ रही हैं।

-अंडमान-निकोबार में मानसून के आने की सामान्य तिथि 20 मई है।

-श्रीलंका के पास बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन चुका है।

तीन दिन पहले अंडमान पहुंचेगा मानसून

-मौसम विभाग के चीफ फोरकास्टर बीपी यादव के मुताबिक अंडमान निकोबार में मानसून तीन दिन जल्दी पहुंचेगा।

-इससे केरल में मानसून की दस्तक का कोई लेना-देना नहीं है।

-कई बार ऐसा देखा गया है कि अंडमान निकोबार में मानसून जल्दी आ गया लेकिन केरल में मानसून देर से पहुंचा।

-इस बार भी कुछ ऐसा ही होने जा रहा है।

सामान्य से ज्यादा बारिश का अनुमान

-पिछले पांच सालों की बात करें तो 2015 में मानसून ने 5 जून को केरल में दस्तक दी थी।

-साल 2014 में मानसून ने 6 जून को केरल में दस्तक दी थी।

-2013 में मानसून ने केरल में 1 जून को दस्तक दी थी।

-2012 में मानसून ने केरल में 5 जून को दस्तक दी थी।

-तो 2011 में मानसून ने 29 मई को केरल में दस्तक दी थी।

इस बार देश भर में मानसून की बारिश सामान्य के मुकाबले 106 फीसदी रहने की भविष्यवाणी मौसम विभाग पहले ही जारी कर चुका है।

क्या कहते हैं साइक्लोन सेंटर के डायरेक्टर

साइक्लोन सेंटर के डायरेक्टर एम. महापात्रा के मुताबिक ये वेदर सिस्टम अगले दो तीन दिनों में और ज्यादा ताकतवर होकर डीप डिप्रेशन में तब्दील हो जाएगा। 17 तारीख को इस डीप डिप्रेशन के तमिलनाडु के तट पर पहुंचने की आशंका है। इस वेदर सिस्टम के चलते अंडमान-निकोबार में मानसून 17 तारीख को पहुंचने की संभावना बताई जा रही है। इस तरह से अंडमान निकोबार में मानसून तीन दिन पहले पहुंच जाएगा।

Next Story