×

Ram Mandir: प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कांग्रेस में घमासान,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने किया शामिल होने का ऐलान,भाजपा का राहुल गांधी पर हमला

Ram Mandir: रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के मुद्दे पर कांग्रेस में चल रहे घमासान को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज प्रतिक्रिया दी और राहुल गांधी पर निशाना साधा।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 17 Jan 2024 7:17 AM GMT
Rahul gandhi
X

Rahul gandhi  source: social media 

नई दिल्ली: अयोध्या में 22 जनवरी को आयोजित होने वाले भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस में घमासान तेज हो गया है। पार्टी के शीर्ष नेताओं ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में हिस्सा न लेने का ऐलान किया है जबकि कांग्रेस के कई अन्य नेता पार्टी नेतृत्व के इस फैसले से नाखुश नजर आ रहे हैं। इसे लेकर पिछले कई दिनों से बयानबाजी का दौर चल रहा है। अब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद निर्मल खत्री ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए 22 जनवरी के आयोजन में शामिल होने का ऐलान किया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम समेत कई अन्य नेता निमंत्रण ठुकराने के फैसले को पार्टी नेतृत्व की बड़ी भूल बता रहे हैं। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के मुद्दे पर कांग्रेस में चल रहे घमासान को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज प्रतिक्रिया दी और राहुल गांधी पर निशाना साधा।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस में मतभेद

अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस में साफ तौर पर मतभेद दिख रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सोनिया गांधी राहुल गांधी और अधीर रंजन चौधरी ने 22 जनवरी को अयोध्या न जाने का फैसला किया है। न्योता मिलने के बाद पार्टी भारी असमंजस की स्थिति में दिख रही थी। हालांकि करीब तीन हफ्ते तक विचार-विमर्श के बाद पार्टी ने इस आमंत्रण को ठुकरा दिया। कांग्रेस की ओर से इस न्योते को ठुकराने का कारण भी बताया गया है।

पार्टी का कहना है कि यह आयोजन भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का है और चुनावी लाभ हासिल करने के लिए अर्धनिर्मित मंदिर का उद्घाटन किया जा रहा है। दूसरी और पार्टी के कई नेता शीर्ष नेतृत्व के इस फैसले से सहमत नजर नहीं आ रहे हैं। उनका कहना है कि भगवान राम के निमित्त आयोजित इस कार्यक्रम के बहिष्कार का फैसला उचित नहीं है और पार्टी को इसका नतीजा भुगतना पड़ सकता है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने निमंत्रण स्वीकारा

अब उत्तर प्रदेश में पार्टी के एक बड़े नेता ने इस मामले में पार्टी लाइन से अलग रुख अपनाने का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद निर्मल खत्री ने प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को व्यक्तिगत बताते हुए इसे स्वीकार कर लिया है। खत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए लिखा,मैं इस कार्यक्रम में भाग लूंगा। कांग्रेस पार्टी का ऐसा कोई निर्देश नहीं है कि कोई कांग्रेसी इस कार्यक्रम में भाग न ले, सिर्फ हमारे सर्वोच्च नेताओं ने ही 22 के निमंत्रण में आने में असमर्थता व्यक्त की है। निर्मल खत्री के इस ऐलान ने पार्टी में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पैदा हुए मतभेद को उजागर कर दिया है।

अनुराग ठाकुर का राहुल गांधी पर हमला

कांग्रेस में पैदा हुए इस मतभेद को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से निशाना साधा है। राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि जब पार्टी (कांग्रेस) अपने ही नेता के साथ अन्याय करे और राम भक्तों को भगवान राम से दूर रखे तो राम भक्त कहां उनकी सुनने वाले हैं।

इंडिया गठबंधन ने किया हिंदुओं का अपमान

इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि गठबंधन के नेताओं ने सनातन धर्म को कुचलने की बात कही है। गठबंधन के नेताओं ने हिंदू धर्म और हिंदुओं के बारे में अनाप-शनाप बयान दिए। गठबंधन के नेताओं की ओर से तुष्टिकरण की नीति के तहत हिंदुओं का अपमान किया गया।

उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता राम मंदिर से दूरी बनाए रखना चाहते हैं। ये लोग कल तक भगवान राम को काल्पनिक बता रहे थे। विपक्षी नेताओं ने राम मंदिर के खिलाफ मुकदमा लड़ने में अपनी पूरी ताकत लगा दी थी।

Aakanksha Dixit

Aakanksha Dixit

Content Writer

नमस्कार मेरा नाम आकांक्षा दीक्षित है। मैं हिंदी कंटेंट राइटर हूं। लेखन की इस दुनिया में मैने वर्ष २०२० में कदम रखा था। लेखन के साथ मैं कविताएं भी लिखती हूं।

Next Story