TRENDING TAGS :
Qatar Sultan Wealth: 2000 खरब के मालिक और समंदर में तैरता आशियाना, कौन हैं ये अमीर? जिनके दखल से पूर्व नौसैनिक हुए रिहा
Qatar: कतर के शेख दुनिया के सबसे अमीर राजाओं की सूची में नौवें नंबर पर हैं, जिनकी कुल नेटवर्थ 2.5 बिलियन डॉलर्स के आसपास है। उनके परिवार की कुल संपत्ति 335 बिलियन डॉलर के करीब है।
owner of 2000 trillion source: Newstrack
Qatar: जासूसी के आरोप में कतर में बंद भारत के 8 पूर्व नौ-सैनिक रिहा हो गए हैं। वे दोहा स्थित एक कंपनी के साथ काम करते थे। कथित आरोप पर उन्हें मौत की सजा सुनाई गई थी। 7 भारत लौट भी आए हैं, जिसे भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमाद अल-थानी की मुलाकात के बाद मामला पलट गया था, जिसके बाद नौ-सैनिकों की फांसी की सजा को पहले उम्र कैद में बदला और अब उनकी रिहाई हो गई है। जानकारी के मुताबिक कतर के अमीर तमीम बिन हमाद अल-थानी के हस्तक्षेप के बगैर भारतीय नौसेना के पूर्व अफसरों की रिहाई संभव नहीं थी। आखिर ये अमीर व्यक्ति कौन है? आइये विस्तार से जानते है।
कतर के अमीर: देश के सर्वोच्च शासक
कतर देश की स्थापना के बाद से अब तक 11 अमीर हुए हैं और सभी अल-थानी परिवार से रहे हैं। वर्तमान अमीर तमीम बिन हमाद ने अपने पिता के बाद जून 2013 में सत्ता संभाली, जिससे वे देश के सबसे कम उम्र के नेता बने। उनकी शिक्षा लंदन के हैरो स्कूल से हुई और बाद में उन्होंने ब्रिटेन की रॉयल मिलिट्री अकेडमी से ग्रेजुएशन किया। उन्हें सेना में अहम पद दिया गया था। वही वह आगे चलकर देश संभालेंगे इस बात का एलान खुद उनके पिता ने साल 2003 में ही कर दिया था।
क़तर के शेख का शानदार महल source: social media
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में शुमार
कतर के अमीर शेख तमीम दुनिया के सबसे अमीर राजाओं की सूची में नौवें नंबर पर हैं, जिनकी कुल नेटवर्थ 2.5 बिलियन डॉलर्स के आसपास है। उनके परिवार की कुल संपत्ति 335 बिलियन डॉलर के करीब है। शेख तमीम बिन हमाद अल-थानी ने कुल 3 शादियां की हैं और उनके 13 बच्चे हैं, जिनमें 7 लड़के और 6 लड़कियां हैं। वे अपने परिवार के साथ दोहा के रॉयल पैलेस में रहते हैं, जिसकी कीमत 1 बिलियन डॉलर है। इस महल में 100 से ज्यादा कमरे, बॉलरूम वगैरह हैं, और एक साथ 500 गाड़ियां पार्क की जा सकती हैं।
समंदर में तैरते 'महल' के मालिक
कतर के अमीर शेख तमीम सिर्फ नाम के अमीर नहीं हैं, उनकी अमीरी की झलक समंदर में भी दिखयी देती है। शेख तमीम के पास दुनिया का सबसे महंगा और लग्जरी यॉट है, जिसका नाम ‘काटारा’ है। इस यॉट की कीमत 33,19,40,00,000 अरब है और इसमें 124 मीटर लंबे साल 2010 में Lurssen Yachts नाम की कंपनी ने तैयार किया था। इसमें ऐशो-आराम की हर सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसमें हेलीपैड भी है और एक साथ 35 मेहमान और 90 क्रू मेंबर्स भी ठहर सकते हैं। इस राज परिवार के पास कम से कम 14 जहाज हैं, जिनमें तीन बोइंग 747 भी शामिल है। शेख तमीम के पास बुगाटी से लेकर फरारी, लैंबॉर्गिनी, रोल्स-रॉयस जैसी सैकड़ों लग्जरी गाड़ियां हैं।
कतर: दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता की भूमिका
कतर को आज सबसे ज्यादा मध्यस्थता यानी बीच-बचाव करने वाले, या समझौता कराने वाले देश की तरह देखा जाता है। इस बीच इजरायल और हमास के बीच जंग ने दुनिया की नाक में दम किया हुआ है, जिसमें दोनों ही पक्ष किसी की नहीं सुन रहे। इस दौरान अमेरिका को भी लगभग नाकामी ही मिली। कतर ने दोनों के बीच तनाव कम करने की पहल की है, और हो सकता है कि एक बार फिर दोनों पार्टियां अस्थाई युद्ध विराम के लिए मान जाएं।
भारत सरकार के फैसले की सराहना
विदेश मंत्रालय ने कहा, 'भारत सरकार कतर में हिरासत में लिए गए दहरा ग्लोबल कंपनी के लिए काम करने वाले आठ भारतीय नागरिकों की रिहाई का स्वागत करती है। उन आठ में सात भारत लौट आए हैं। हम इन नागरिकों की रिहाई और घर वापसी को सक्षम करने के लिए कतर राज्य के अमीर के फैसले की सराहना करते हैं।' सभी पूर्व अधिकारियों ने प्रधानमंत्री मोदी और कतर के अमीर का भी धन्यवाद दिया। ये सभी कर्मचारी जासूसी के आरापों का सामना कर रहे थे। इससे पहले, भारत के अनुरोध पर मौत की सजा को उम्रकैद में बदल दिया गया था। बाद में इन्हे रिहा कर दिया गया।
भारतीय नौसेना के पूर्व कर्मचारी भारत लौटे source: social media
कौन हैं ये आठ भारतीय
कतर की अदालत ने भारतीय नौसेना के उप-अधिकारियों को मौत की सजा सुनाई थी, जिनमें कमांडर पूर्णेंदु तिवारी कमांडर सुगुणाकर पकाला, कमांडर अमित नागपाल, कमांडर संजीव गुप्ता, कैप्टन नवतेज सिंह गिल, कैप्टन बीरेंद्र कुमार वर्मा, कैप्टन सौरभ वशिष्ठ, नाविक रागेश गोपाकुमार शामिल थे। रिहाई के बाद वे सभी भारत लौट आये।