×

Lok Sabha Election 2024: 2024 की जंग की तैयारी में जुटी कांग्रेस, पार्टी के घोषणा पत्र के लिए बनाई कमेटी, चिदंबरम को सौंपी कमान

Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम को इस समिति की अगुवाई सौंपी गई है जबकि छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी टीएस सिंहदेव को समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 23 Dec 2023 4:31 AM GMT
P chidambaram To head Congress manifesto
X

P chidambaram To head Congress manifesto  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही कांग्रेस भी 2024 की सियासी जंग की तैयारी में जुट गई है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने 16 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति का गठन किया है। घोषणा पत्र समिति को देश की जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों का मंथन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम को इस समिति की अगुवाई सौंपी गई है जबकि छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी टीएस सिंहदेव को समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है।

प्रियंका समेत कई बड़े नेताओं को बनाया सदस्य

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को भी इस महत्वपूर्ण समिति का सदस्य बनाया गया है। इन दोनों नेताओं के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा, जयराम रमेश, शशि थरूर, प्रवीण चक्रवर्ती, इमरान प्रतापगढ़ी, के राजू,ओंकार सिंह मरकाम, सांसद रंजीता रंजन, जिग्नेश मेवानी और कुलदीप सप्पल को भी समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है।

मणिपुर के पूर्व उपमुख्यमंत्री गैखंगम और लोकसभा में पार्टी के उपनेता गौरव गोगोई भी इस समिति के सदस्य होंगे। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि समिति से तत्काल घोषणा पत्र बनाने की दिशा में काम करने को कहा गया है। कमेटी को जनहित से जुड़े सारे मुद्दों को कांग्रेस के घोषणा पत्र में शामिल करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


2024 की सियासी जंग की तैयारी

कांग्रेस नेतृत्व की ओर से उठाए गए इस कदम को 2024 की सियासी जंग की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। दरअसल भाजपा की सक्रियता को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व भी सतर्क हो गया है और पार्टी ने तेजी के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का फैसला किया है। हाल में हुए विधानसभा चुनाव में तीन हिंदी भाषी राज्यों में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी नेतृत्व ने हाल के दिनों में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मिली चुनावी हार के कारणों का गहराई से विश्लेषण किया है। पार्टी लोकसभा चुनाव के दौरान इन कमियों को दूर करने की कोशिश में जुटी हुई है।

इसके साथ ही राज्यों के संगठन में फेरबदल का क्रम भी शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को हटाकर जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी जल्द ही संगठन में बड़ा फेरबदल किया जा सकता है।

पार्टी की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने की मुहिम

इसके साथ ही कांग्रेस अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने की मुहिम में भी जुट गई है। पार्टी ने हाल में ‘डोनेट फॉर देश’ नाम से चंदा जुटाने का बड़ा अभियान शुरू किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हाल में 1.38 लाख रुपए चंदा देकर पार्टी के क्राउडफंडिंग अभियान की शुरुआत की थी। पार्टी ने दानदाताओं से 138, 1380 और 13800 रुपये का दान देने का अनुरोध किया गया है।

कांग्रेस का स्थापना दिवस 28 दिसंबर को है और यह अभियान उस तारीख तक चलाया जाएगा। इस मौके पर खड़गे ने कहा था कि कांग्रेस पहली बार देश के लिए दान करने का अनुरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर आप लगातार अमीर लोगों पर निर्भर रहेंगे तो आपको उनकी नीतियों और शर्तों को मानने के लिए मजबूर भी होना पड़ेगा। इसीलिए पार्टी देश के आम लोगों से मदद मांग रही है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story