×

Parliament Session 2024: लोकसभा में राम मंदिर पर चर्चा जारी, राज्यसभा में जयंत ने फिर की केंद्र की तारीफ

Parliament Session 2024: संसद अयोध्या में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देने के लिए एक प्रस्ताव पारित करेगी।

Krishna Chaudhary
Published on: 10 Feb 2024 2:25 AM GMT (Updated on: 10 Feb 2024 7:31 AM GMT)
Parliament Session 2024 (Photo:Social Media)
X

Parliament Session 2024 (Photo:Social Media)

Parliament Session 2024: संसद के बजट सत्र का आज यानी शनिवार 10 फरवरी को आखिरी दिन है। लोकसभा में राम मंदिर के निर्माण पर चर्चा हो रही है। वहीं, राज्यसभा में हंगामे पर सभापति जगदीप धनखड़ ने कांग्रेस नेताओं से कहा, आपने चौधरी चरण सिंह का अपमान किया, आपने उनकी विरासत का अपमान किया। भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के लिए आपके पास समय नहीं था। आज के दिन आप देश के हर किसान को आहत कर रहे हैं।

बता देें कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की ओर से पार्टी के सभी सांसदों को शुक्रवार को तीन लाइन का व्हिप जारी कर आज की कार्यवाही में अनिवार्य रूप से शामिल होने को कहा गया था। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर चर्चा के साथ ही 17वीं लोकसभा की कार्यवाही आज संपन्न हो जाएगी। संसद सूत्रों के मुताबिक, संसद अयोध्या में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देने के लिए एक प्रस्ताव पारित करेगी। ऐसा ही एक प्रस्ताव पिछले दिनों यूपी विधानसभा से पारित किया गया था। सत्र के खत्म होने से पहले पीएम मोदी लोकसभा को संबोधित कर सकते हैं।

बागपत सांसद ने राम मंदिर पर चर्चा की शुरूआत की

आईपीएस से नेता बने पश्चिमी यूपी के बागपत से भारतीय जनता पार्टी के सांसद सत्यपाल सिंह लोकसभा में अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण और भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर चर्चा की शुरुआत की। उन्होंने कहा, मेरा सौभाग्य है कि मुझे 22 जनवरी को संसद के अंदर अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण और भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के बारे में बोलने का अवसर मिला। अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा देखना और पूजा करना ऐतिहासिक है।

राम एक चेतना, विरासत और मोक्ष हैं। राम मंदिर कोई सांप्रदायिक मुद्दा नहीं है। राम हमारे पूर्वज है। मैं एक लाख 74 हजार कारसेवकों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए बीजेपी सांसद ने कहा, जहां राम हैं, वहां धर्म है। जो लोग धर्म को नष्ट करते हैं, वो मारे जाते हैं और जो लोग धर्म की रक्षा करते हैं, वे संरक्षित हैं। कांग्रेस ने इन्हें अस्वीकार किया, इसलिए उनके साथ ऐसा हो रहा है।

कांग्रेस की ओर से गौरव गोगाई ने चर्चा में लिया हिस्सा

लोकसभा मेेें राम मंदिर निर्माण पर चर्चा में कांग्रेस की ओर से असम से पार्टी के सांसद गौरव गोगाई ने हिस्सा लिया। उन्होंने अपनी पार्टी का पक्ष रखते हुए कहा, ये देश भक्ति और आस्था का देश है। इस देश में सद्भावना से अपनी विविधता को बांधते हैं। भगवान राम सबके हैं और सबके साथ हैं, चाहें हम किसी भी स्थिति में हैं, वो हमारे कण-कण में हैं। बीजेपी पर निशाना साधते हुए गोगाई ने कहा कि नथुराम गोडसे का खंडन करें। रावण को भी उसके अहंकार ने मारा था, आपका अहंकार आपको समाज की खामियां देखने से रोकता है।

राज्यसभा में जयंत ने मोदी सरकार की तारीफ की

पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज किसान नेता चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने के केंद्र सरकार के फैसले की एक बार फिर उनके पोते और रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी ने तारीफ की। उन्होंने राज्यसभा में कहा, जो आज सरकार है इनकी कार्यशैली में भी चौधरी चरण सिंह की विचारों की झलक है..एक जमीनी सरकार ही चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दे सकती है। कल किसानों ने मिठाईयां बांटी। इससे यही पता चलता है कि ये फैसला केवल उनके परिवार तक सीमित नहीं था, बल्कि किसानों को मजबूत करने वाला फैसला है।

बता दें कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का ये अंतिम संसद सत्र है। पहले इसकी कार्यवाही कल यानी शुक्रवार 9 फरवरी को ही खत्म होनी थी लेकिन बाद में एक दिन बढ़ा दिया गया। 17वीं लोकसभा का अंतिम बजट सत्र 31 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। अगले दिन यान एक फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरिम बजट पेश किया।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story