×

Parliament Budget Session 2024: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राम मंदिर का किया जिक्र, तालियों से गूंज उठा पूरा सदन

Parliament Budget Session 2024: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजट सत्र के शुरू होने के मौके पर संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया।

Krishna Chaudhary
Published on: 31 Jan 2024 2:17 AM GMT (Updated on: 31 Jan 2024 6:21 AM GMT)
President Draupadi Murmu (Photo:Social Media)
X

President Draupadi Murmu (Photo:Social Media)

Parliament Budget Session 2024: मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी बजट सत्र आज यानी बुधवार 31 जनवरी से प्रारंभ हो गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों (राज्यसभा एवं लोकसभा) के सदस्यों को संबोधित किया। उनका नए संसद भवन में यह पहला अभिभाषण है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि अमृतकाल की शुरुआत में यह भवन बना है, यहां एक भारत, श्रेष्ठ भारत की महक भी है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस नए भवन में नीतियों पर सार्थक संवाद होगा।

ऐसी नीतियां जो आज़ादी के अमृत काल में विकसित भारत का निर्माण करेंगी। हम सभी बचपन से गरीबी हटाओ के नारे सुनते आ रहे हैं लेकिन अब हम बड़े पैमाने पर गरीबी को दूर होते देख रहे हैं। नीति आयोग के अनुसार मेरी सरकार के एक दशक के कार्यकाल में लगभग 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले। उन्होंने कहा गुलामी के दौर में बने कानून अब इतिहास का हिस्सा बन चुके हैं।

राम मंदिर के जिक्र पर बजी तालियां

राष्ट्रपति ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक के खिलाफ बनाए गए कानून और अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर का जिक्र भी अपने संबोधन में किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के निर्माण का इंतजार वर्षों से था, लेकिन अब पूरा हुआ। इसके बाद पूरा सदन तालियों से गूंज उठा। पीएम मोदी, अमित शाह समेत अन्य नेता मेज थपथपाते नजर आए।

राष्ट्रपति ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का किया बखान

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि बीता वर्ष भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा है। इस दौरान भारत सबसे तेजी से विकसित होती बड़ी अर्थव्यवस्था बना। लगातार दो तिमाही से भारत की विकास दर 7.5% से ज्यादा रही है। भारत को अपना सबसे बड़ा समुद्री पुल अटल सेतु मिला। भारत को अपनी पहली नमो भारत ट्रेन और पहली अमृत भारत ट्रेन मिली। भारत की एयरलाइन कंपनी ने दुनिया की सबसे बड़ी एयरक्राफ्ट डील की।

भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर झंडा फहराने वाला पहला देश बना। जी20 की सफलता ने पूरी दुनिया में भारत की भूमिका को सशक्त किया। मेरी सरकार ने लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। आज दुनिया के कुल रियल टाइम डिजिटल लेनदेन का 46 प्रतिशत भारत में होता है। पिछले महीने UPI से रिकॉर्ड 1200 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए हैं। इसके तहत 18 लाख करोड़ रुपए का रिकॉर्ड लेनदेन हुआ है।

मंगलवार को हुई थी सर्वदलीय बैठक

बजट सत्र के शुरू होने से पहले कल यानी मंगलवार 30 जनवरी को ऑल पार्टी मीटिंग संसद के पुस्तकालय भवन में हुई थी। इस दौरान सरकार ने शीतकालीन सत्र के दौरान विपक्षी दलों के साथ रिश्तों में आई खटास को दूर करने के लिए बड़ी पहल करती नजर आई। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि शीत सत्र के दौरान निलंबित 146 संसद सदस्यों का निलंबन रद्द कर दिया गया है।

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ और लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने सरकार के अनुरोध को स्वीकार करते हुए सस्पेंड किए गए सांसदों का निलंबन रद्द कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, उनकी अब तक की निलंबन अवधि को ही सजा मान लिया गया है और उन्हें बजट सत्र में शामिल होने की अनुमति दे दी गई है।

सरकार के इस कदम का क्या असर होता है, ये तो संसद की कार्यवाही के दौरान पता चलेगा। लोकसभा चुनाव से ऐन पहले हो रहे इस सत्र के काफी हंगामेदार होने के आसार हैं। विपक्षी दल केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरूपयोग को एकबार फिर सरकार के खिलाफ बड़ा मुद्दा बना सकती है।

कल पेश होगा अंतरिम बजट

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कल यानी गुरुवार 1 फरवरी को संसद में अंतरिम बजट पेश करेंगी। सूत्रों के अनुसार, इस बजट में किसानों के लिए सरकार बड़ा ऐलान कर सकती है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत मिलने वाली 6 हजार की राशि को बढ़ाकर 9 हजार किया जा सकता है। कुछ राज्य सरकारों ने ऐसा किया भी है।

बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की न्याय योजना की काट के तौर पर मोदी सरकार ने इस योजना का ऐलान किया था, जो काफी सफल भी रहा और बीजेपी को चुनाव में इसका बंपर फायदा हुआ।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story