×

PM Modi Parliament Speech: राज्यसभा में PM मोदी के निशाने पर विपक्ष, कहा- उनके पास कीचड़ था मेरे पास गुलाल...

PM Modi Parliament Speech: राज्यसभा में पीएम मोदी ने आज राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दिया। विपक्ष की नारेबाजी के बीच पीएम मोदी का हमलावर रुख जारी रहा।

aman
Written By aman
Published on: 9 Feb 2023 10:22 AM GMT (Updated on: 9 Feb 2023 10:30 AM GMT)

PM Modi Parliament Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज (9 फ़रवरी) राज्यसभा में बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। पीएम मोदी ने विपक्ष की नारेबाजी और शोर-शराबे पर कहा कि, ये देश देख रहा है कि एक अकेला कितनों पर भारी पड़ा है। पीएम मोदी ने कांग्रेस के इतिहास को याद दिलाते हुए एक साथ कई तीर साधे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ये राजनीतिक खेल खेलने वाले लोग बचने का रास्ता ढूंढ रहे हैं। उन्होंने कहा कि, ये देश किसी परिवार की जागीर नहीं है। नेहरू परिवार की पीढ़ी को 'नेहरू' सरनेम रखने तक पर आपत्ति क्यों है? इस बीच विपक्ष का जोरदार हंगामा जारी रहा। अडानी समूह विवाद से संबंधित जेपीसी जांच की मांग को लेकर AAP और BRS सांसदों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। बावजूद, पीएम मोदी का संबोधन जारी रहा। इससे पहले बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दिया था।

Live Updates

  • 9 Feb 2023 9:38 AM GMT

    योजनाओं का लाभ आदिवासियों को मिला

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'हमारी सरकार ने 110 ऐसे आकांक्षी जिले, जहां आदिवासियों की संख्या बहुतायत है उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाया। वहां के शिक्षा और आधारभूत संरचना पर फोकस किया। बजट में अनुसूचित जनजाति के लोगों के लिए शेड्यूल ट्राइब कंपोनेंट फंड के तहत 2014 के पहले की तुलना में 5 गुना अधिक बढ़ोतरी की है।'

  • 9 Feb 2023 9:36 AM GMT

    'हमने भेदभाव की सारी गुंजाइश खत्म की'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा, 'हमने सैचुरेशन (saturation) का रास्ता चुना। कहने का मतलब है शत-प्रतिशत लाभार्थी को लाभ पहुंचे। सरकार इस राह पर काम कर रही है। उन्होंने सैचुरेशन का मतलब भी समझाया। बताया इसका मतलब होता है भेदभाव की सारी गुंजाइश खत्म करना। ये तुष्टीकरण की आशंकाओं को खत्म कर देता है।'

  • 9 Feb 2023 9:32 AM GMT

    'कांग्रेस को सजा दे रही जनता' 

    संसद के ऊपरी सदन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'कांग्रेस को बार-बार देश की जनता नकारती रही है। मगर, कांग्रेस और उसके साथी दल अपनी साजिशों से बाज़ नहीं आ रही। हालांकि, जनता इसे देख रही है। कांग्रेस को हर मौके पर सज़ा भी देती रही है।'

  • 9 Feb 2023 9:29 AM GMT

    PM मोदी- खुद को खपाना पड़ेगा, तो खपाएंगे

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में कहा, 'हम जनता की प्राथमिकताओं तथा आवश्यकताओं के आधार पर मेहनत और परिश्रम कर रहे हैं। दिन-रात खुद को खपाना पड़ेगा तो खपाएंगे। लेकिन, देश की आशाओं को चोट नहीं पहुंचने देंगे। हर हाल में काम करते रहेंगे।'

  • 9 Feb 2023 9:27 AM GMT

    '25 करोड़ परिवारों तक गैस कनेक्शन पहुंचाया' 

    प्रधानमंत्री ने राज्यसभा में अपने संबोधन में कहा, 'हमारी प्राथमिकता हमारे देश के नागरिक रहे। इसलिए हमने 25 करोड़ से ज़्यादा परिवारों तक गैस कनेक्शन पहुंचाया। इसमें हमें नए इंफ्रास्ट्रक्चर और धन खर्च करना पड़ा। 18 हजार से ज्यादा गांव ऐसे थे। जहां बिजली नहीं पहुंची थी। समय सीमा के साथ हमने 18,000 गांवों में बिजली आपूर्ति पहुंचाई।'

  • 9 Feb 2023 9:23 AM GMT

    सिर्फ भावनाएं व्यक्त करने से बात नहीं बनती

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर जबरदस्त हंगामे के बीच कहा, 'कोई भी जब सरकार में आता है तो वह देश के लिए कुछ वादा करके आता है। सिर्फ भावनाएं व्यक्त करने से बात नहीं बनती। उन्होंने कहा, विकास की गति क्या है? विकास की नींव, दिशा, प्रयास और परिणाम क्या है, ये मायने रखता है।'

  • 9 Feb 2023 9:19 AM GMT

    'हमने जन-धन बैंक खाते खोले'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, 'उन्होंने बैंकों का एकीकरण इस इरादे से किया था कि गरीबों को बैंकों का अधिकार मिले। मगर, इस देश के आधे से अधिक लोग बैंक के दरवाजे तक भी नहीं पहुंच पाए। लेकिन, हमारी सरकार ने स्थायी हल निकाला। हमने देश के नागरिकों के जन-धन बैंक अकाउंट खोले। इसके जरिए देश के गांव-गांव तक प्रगति को ले जाने का काम हुआ। विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने कहा, हमने स्थायी समाधान निकाला। पिछले 9 साल में हमारी सरकार ने 48 करोड़ जनधन बैंक खाते खोले। इनमें से 32 करोड़ बैंक खाते ग्रामीण और छोटी जगहों पर खोले गए।'

  • 9 Feb 2023 9:16 AM GMT

    'जनता कांग्रेस का खाता बंद कर रही' 

    प्रधानमंत्री का आज का भाषण भी बेहद आक्रामक रहा। कांग्रेस पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा, 'देश की जनता अब उनका खाता बंद कर रही है। पहले परियोजनाएं लटकती, अटकती और भटकती थी। लेकिन, आज योजना हफ्ते भर में तैयार हो जाती है। जिसे जल्द से जल्द पूरा भी किया जाता है।'

  • 9 Feb 2023 9:14 AM GMT

    'हमने 11 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया'

    प्रधानमंत्री ने आगे कहा, 'आजादी से पहले अब तक हमारे सरकार में आने तक महज 3 करोड़ घरों तक ही नल से जल मिलता था। लेकिन, पिछले 3 से 4 साल में हमारी सरकार ने 11 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया है। हमारे देश में पानी की समस्या है। पानी हर परिवार की समस्या होती है। पानी के बिना जीवन नहीं चल सकता। हमने उस समस्या को खत्म करने की दिशा में काम किया।'  

  • 9 Feb 2023 9:11 AM GMT

    PM मोदी- कांग्रेस ने चुनौतियों का सामना नहीं किया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक बार फिर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस ने किसी भी चुनौती से निपटने की कोई कोशिश नहीं की। उन्होंने कहा, हम वो लोग नहीं हैं जो चुनौती देखकर भाग जाएं। हमने चुनौतियों का सामना किया।'  

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story