×

Parliament Special Session Live: पं नेहरू की गूंज और अटल बिहारी के शब्द आज भी हमें प्रेरित करते और दिशा देते हैं बोले- पीएम मोदी

Parliament Special Session 2023 Live Updates: विशेष सत्र के दौरान अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा सदन की दीवारों से हमने जो प्रेरणा, नया विश्वास पाया है, उसे हम आगे लेकर जाएंगे। आज का दिन उन पुरानी स्मृतियों का याद करने का समय दिया, उसके लिए मैं धन्यवाद देता हूं। मैं इस धरती को, सदन को प्रणाम करता हूं।

aman
Written By amanReport Jugul Kishor
Published on: 18 Sep 2023 6:45 AM GMT (Updated on: 18 Sep 2023 1:19 PM GMT)

Parliament Special Session 2023 Live Updates: संसद का पांच दिवसीय विशेष सत्र आज (18 सितंबर) से शुरू हो गया है। संसद के विशेष सत्र में पहले दिन सोमवार को आजादी के बाद 75 साल की उपलब्धियों पर चर्चा जारी है। सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में संबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने संसद के पुराने भवन से नए भवन में जाने को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि वे इस मौके पर भावुक हैं। सत्र का समापन 22 सितंबर, 2023 को होगा।

पीएम मोदी के कार्यकाल में यह संसद का दूसरा विशेष सत्र है। पहली बार वस्तु एवं सेवा कर लागू होने के उपलक्ष्य में जून 2017 की आधी रात को विशेष सत्र आयोजित किया गया था। आज से शुरू हो रहे विशेष सत्र में आठ विधेयकों को चर्चा के लिए सूचीबद्ध किया गया है। संसद सत्र 19 सितंबर को नये सदन में होगा।

कार्यक्रम

- पहला दिन : पुराने संसद भवन में चर्चा

-- दूसरा दिन : पुराने संसद भवन में फोटो सत्र, उसके बाद सुबह 11 बजे सेंट्रल हॉल में समारोह। उसके बाद कार्यवाही नई संसद में होगी।

-- तीसरा दिन : नियमित संसदीय कामकाज 20 सितंबर से शुरू होगा।

- विशेष सत्र का पहला दिन - 18 सितंबर संविधान सभा से शुरू होने वाली 75 वर्षों की संसदीय यात्रा पर चर्चा के लिए आरक्षित होगा। चर्चा में 75 साल की संसदीय यात्रा की उपलब्धियां, अनुभव, यादें और सीख शामिल होंगी। संसद के 75 साल पूरे होने पर चर्चा की शुरुआत लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यसभा में बीजेपी के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल करेंगे।

- केंद्र ने एक बुलेटिन में कहा है कि सदन की कार्यवाही 19 सितंबर को नए संसद भवन में चलेगी, जिसमें आठ विधेयकों को विचार और पारित करने के लिए सूचीबद्ध किया गया है।

- 17 सितंबर को हुई एक सर्वदलीय बैठक में सदन के नेताओं को सूचित किया गया कि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण पर एक विधेयक और एससी/एसटी आदेश से संबंधित तीन विधेयकों को एजेंडे में जोड़ा गया है। पहले सूचीबद्ध विधेयकों में मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित विधेयक भी शामिल है।

Live Updates

  • 18 Sep 2023 6:36 AM GMT

    पं. नेहरू से लेकर अटल जी ने सदन में सेवा की और देश को नई दिशा दी: बोले-पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा कि इन 75 वर्षों में देशवासियों का संसद पर विश्वास बढ़ता ही गया है। लोकतंत्र की सबसे बड़ी खासियत यही है कि लोगों का इस संस्था के प्रति विश्वास अटूट रहे। पंडित नेहरू जी, शास्त्री जी, अटल जी, मनमोहन सिंह तक एक बहुत बड़ी श्रंखला ने सदन में सेवा की और देश को नई दिशा दी। आज उनका गुणगान करने का भी समय है। सरदार वल्लभ भाई पटेल, लोहिया जी ने देशवासियों की आवाज को ताकत देने का काम इस सदन में किया है।

  • 18 Sep 2023 6:30 AM GMT

    पीएम मोदी ने महिला सांसदों के योगदान की सराहना की

    पीएम मोदी ने कहा कि शुरूआत में यहां महिलाओं की संख्या बहुत कम थी। लेकिन धीरे-धीरे माताओं, बहनों ने भी इस सदन की गरिमा को बढ़ाया है। करीब-करीब 7500 से अधिक जनप्रतिनिधि अब तक दोनों सदनों में अपना योगदान दे चुके हैं। उन्होने कहा कि इस कालखंड में करीब 600 सांसदों ने दोनों सदनों की गरिमा को बढ़ाया है।

  • 18 Sep 2023 6:24 AM GMT

    देश के सामने मुश्किलें आती रहेंगी, लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे: पीएम मोदी

    लोकसभा में पीएम मोदी ने विशेष सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि देश के सामने कई बार मुश्किलें आई हैं, लेकिन ये हम न कभी पीछे हटे हैं और न ही हटेंगे। 

  • 18 Sep 2023 6:15 AM GMT

    लोगों का सदन से मंदिर की तरह जुड़ाव: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा कि हमारे माननीय सांसद कोविड काल की संकट घड़ी में भी इस सदन में आए। हमने राष्ट्र का काम रुकने नहीं दिया। राष्ट्र का काम रूकना नहीं चाहिए। इसे हर सदस्य ने अपना कर्तव्य मान लिया। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोगों का सदन से मंदिर की तरह जुड़ाव है। पीएम मोदी ने कहा  समाज के हर वर्ग का प्रतिनिधि इस सदन में नजर आता है और समाज के सभी तबके के लोग हैं। ये भारत के लोकतंत्र की ताकत है कि 25 साल की चंद्राणी मुर्मू इस सदन की सबसे छोटी सदस्य बनीं थी। अनेक संकटों और परेशानियों के बावजूद सांसद, संसद में आए हैं और शारीरिक परेशानी के बावजूद अपने जनप्रतिनिधि कर्तव्य का पालन किया। कई व्हीलचेयर पर आए और किसी ना किसी तरह अपनी जिम्मेदारी निभाई है। 

  • 18 Sep 2023 6:11 AM GMT

    पीएम मोदी ने आज लोकसभा में अपने पुराने दिनों को याद किया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में कहा कि जब मैं पहली बार सांसद के रूप में इस भवन में आया तो सफल रूप से मैनें इस संसद भवन की पटल पर अपना सिर झुकाया था। इस लोकतंत्र के मंदिर में श्रद्धाभाव से मैनें कदम रखा था। भारत के लोकतंत्र की ताकत है कि रेलवे प्लेफार्म पर गुजारा करने वाल गरीब संसद पहुंच गया। मैनें कल्पना नहीं की थी कि देश मुझे इतना सम्मान देगा।

  • 18 Sep 2023 6:07 AM GMT

    इस सदन से विदा लेना बहुत भावुक पल: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस सदन से विदा लेना बहुत ही भावुक पल है। परिवार भी अगर पुराना घर छोड़कर नए घर में जाता है, तो बहुत सी यादें उसे झकझोर देती हैं। जब हम यह सदन को छोड़कर जा रहे हैं, तो हमारा मन भी उन यादों से भरा है। खट्टे मीठे अनुभव रहे हैं, नोंक झोक भी रही है। ये सारी यादें, हम सभी की साझी विरासत है। इसका गौरव भी हम सभी का साझा है।

  • 18 Sep 2023 6:06 AM GMT

    पुराना संसद भवन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा: पीएम मोदी

    लोकसभा में पीएम मोदी ने कहा कि  इस 75 वर्ष की हमारी यात्रा ने अनेक लोकतांत्रिक परंपराओं और प्रक्रियाओं का उत्तम से उत्तम सृजन किया है और इस सदन में रहे प्रत्येक व्यक्ति ने सक्रियता से योगदान भी दिया है और साक्षी भाव से उसे देखा भी है। हम भले नए भवन में जाएंगे लेकिन पुराना भवन यानि यह भवन भी आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। 

  • 18 Sep 2023 5:58 AM GMT

    नए संसद भवन में जा रहे हैं, पर इसकी यादें बनी रहेंगी, बोले- पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भले ही इस संसद भवन को अंग्रेजों ने तैयार किया था, लेकिन हम यह गर्व से कह सकते हैं कि इस भवन के निर्माण में पसीना मेरे देशवासियों का लगा था, परिश्रम मेरे देशवासियों का था और पैसे भी मेरे देश के थे। इस 75 वर्ष की यात्रा में अनेक प्रक्रियाओं का उत्तम से उत्तम सृजन किया है। मंगलवार से सत्र नए भवन में आयोजित होगा। पीएम मोदी ने कहा कि नए संसद भवन में जा रहे हैं, लेकिन इसकी यादें हमेशा बनी रहेंगी।

  • 18 Sep 2023 5:56 AM GMT

    पीएम मोदी ने संसद भवन के इतिहास को किया याद

    पीएम मोदी ने लोकसभा में बोलते हुए कहा 'नए सदन में जाने से पहले उन प्रेरक पलों को इतिहास की महत्वपूर्ण घड़ी को स्मरण करते हुए आगे बढ़ने का यह अवसर है। हम सब इस ऐतिहासिक भवन से विदा ले रहे हैं। आजादी से पहले यह सदन इंपीरियल लेजिस्लेटिल काउंसिल हुआ करता था। आजादी के बाद इसे संसद भवन के रूप में पहचान मिली।

  • 18 Sep 2023 5:42 AM GMT

    कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी संसद भवन पहुंची

    कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी संसद के विशेष सत्र में शामिल होने पहुंची है।


aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story