TRENDING TAGS :
Paswan Family: पासवान फैमिली में गहराया संपत्ति का विवाद,चिराग ने चाचा पारस को घेरा,बिहार से दिल्ली तक प्रॉपर्टी के बंटवारे की मांग
Paswan Family: राजकुमारी देवी लोजपा के संस्थापक और दिग्गज नेता रामविलास पासवान की पहली पत्नी है और पिछले दिनों उन्होंने शहरबन्नी स्थित घर से खुद को निकाले जाने का बड़ा आरोप लगाया था। उन्होंने चिराग पासवान से इस मामले में दखल देने की भी अपील की थी।
Chirag Paswan with his family (Photo: Chirag Paswan/X)
Paswan Family: देश की सियासत में चर्चित पासवान फैमिली में संपत्ति को लेकर पैदा हुआ विवाद गहरा गया है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान और उनके चाचा पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस के बीच जंग छिड़ती हुई दिख रही है। चिराग पासवान ने अपने चाचा पारस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहले चाचा ने मेरी मां रीना पासवान को दिल्ली स्थित सरकारी बंगले से निकाला और अब उनकी बड़ी मां राजकुमारी देवी को शहरबन्नी से निकालने की कोशिश में जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि अब पूरा विवाद संपत्ति को लेकर पैदा हुआ है। केंद्रीय मंत्री चिराग ने कहा कि यदि संपत्ति का बंटवारा होना ही है तो शहरबन्नी से लेकर दिल्ली तक सारी प्रॉपर्टी का बंटवारा होना चाहिए। दूसरी ओर पशुपति पारस ने भी चिराग के खिलाफ हमलावर रुख अपना रखा है। हाल में उन्होंने वक्फ संशोधन विधेयक का समर्थन करने पर चिराग पासवान को घेरा था।
चिराग पासवान ने की अपनी बड़ी मां से मुलाकात
राजकुमारी देवी लोजपा के संस्थापक और दिग्गज नेता रामविलास पासवान की पहली पत्नी है और पिछले दिनों उन्होंने शहरबन्नी स्थित घर से खुद को निकाले जाने का बड़ा आरोप लगाया था। उन्होंने चिराग पासवान से इस मामले में दखल देने की भी अपील की थी। इसके बाद चिराग पासवान ने खगड़िया स्थित अमौली पहुंचकर अपनी बड़ी मां राजकुमारी देवी से मुलाकात की है।
इस दौरान उनकी बड़ी मां के आंखों में आंसू छलक आए। चिराग ने काफी देर तक अपनी बड़ी मां से मुलाकात की और उनसे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बड़ी मां से स्वास्थ्य के बारे में भी पूछताछ की।
पशुपति पारस को बताया हर विवाद की जड़
अपनी बड़ी मां मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने कहा कि यह सारा विवाद संपत्ति को लेकर पैदा हुआ है। उन्होंने अपने चाचा पशुपति कुमार पारस को परिवार में हर विवाद की जड़ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी राजनीतिक और आर्थिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पारस पूरे परिवार को तोड़ने की कोशिश में जुटे हुए हैं। चिराग ने कहा कि मेरे पिता रामविलास पासवान के निधन के बाद से ही चाचा की नीयत सारी संपत्ति पर कब्जा जमाने की रही है।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यदि संपत्ति का बंटवारा होना ही है तो शहरबन्नी से लेकर दिल्ली तक सभी संपत्तियों का बंटवारा होना चाहिए। चाचा पारस को सभी संपत्तियों का पूरा विवरण साझा करना चाहिए। उन्होंने किसी भी संपत्ति के बारे में मुझे जानकारी नहीं दी है। मेरा मानना है कि संपत्ति का बंटवारा पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए।
परिवार को सड़क पर लाने की साजिश का आरोप
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि उनके चाची शोभा देवी और स्वर्गीय रामचंद्र पासवान की पत्नी सुनीता देवी ने भी मेरी बड़ी मां के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया। चिराग ने आरोप लगाया कि चाची शोभा देवी बड़ी मां का सामान घर से बाहर फेंक चुकी हैं और अब उन्हें भी शहरबन्नी घर से निकाले जाने की कोशिश की जा रही है।
चिराग ने कहा कि दिल्ली स्थित सरकारी बंगले से उन्हें और उनकी मां रीना पासवान को निकालने के पीछे भी चाचा पशुपति पारस का ही हाथ था और अब बड़ी मां राजकुमारी देवी को भी उसी तरह शहरबन्नी के घर से निकलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि चाचा पारस की ओर से पूरे परिवार को सड़क पर लाने की साजिश रची जा रही है।
चाचा और भतीजे के बीच छिड़ गया घमासान
चिराग पासवान और उनके चाचा पशुपति पारस के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही है। मौजूदा समय में चिराग पासवान एनडीए के साथ हैं और केंद्रीय मंत्री हैं जबकि पशुपति पारस ने एनडीए से अपना नाता तोड़ दिया है। वे बिहार में विपक्षी महागठबंधन से हाथ मिलाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। उन्होंने हाल में चिराग पासवान पर अपने पिता रामविलास पासवान के सिद्धांतों को तोड़ने का बड़ा आरोप लगाया था।
वक्फ संशोधन विधेय पर चिराग पासवान ने भाजपा का साथ देते हुए बिल का समर्थन किया था। इसे लेकर भी पारस ने चिराग पासवान को घेरा था। उनका कहना था कि इस बिल का समर्थन करके चिराग पासवान ने अपने पिता के मूल विचारों के साथ गद्दारी की है।
उन्होंने दावा किया कि मैं ही रामविलास पासवान का असली उत्तराधिकारी हूं जबकि चिराग पासवान सिर्फ पार्टी पर कब्जा जमाना चाहते हैं। जनता की सहानुभूति बटोरने के लिए वे रोज नए राजनीतिक बयान दे रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान अब पारिवारिक विवाद में बदल गई है और संपत्ति को लेकर भी घमासान छिड़ गया है।