×

PM Modi in Bhopal: भोपाल में पीएम मोदी ने किया भव्य रोड शो, रैली में कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना, जंग लगे लोहे से कर दी तुलना

PM Modi in Bhopal: राजधानी भोपाल पहुंचे प्रधानमंत्री का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

Krishna Chaudhary
Published on: 25 Sep 2023 6:04 AM GMT (Updated on: 25 Sep 2023 8:46 AM GMT)
PM Modi in Bhopal
X

PM Modi in Bhopal (Photo: Social Media)

PM Modi in Bhopal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विधानसभा चुनाव की दहलीज पर खड़े मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। राजधानी भोपाल पहुंचे प्रधानमंत्री का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने जंबूरी मैदान में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित किया। इस महाकुंभ में शामिल होने प्रदेश भर से 10 लाख कार्यकर्ता भोपाल पहुंचे हुए हैं। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा, मोदी मतलब हर गारंटी पूरी होने की गारंटी। जहां-जहां कंग्रेस गई, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। हम अपने आसपास देख रहे हैं कि जब इन्हें राजस्थान में मौका मिला तो कैसे कांग्रेस वहां केवल बर्बादी लेकर आई। हमने महाराष्ट्र में देखा है कि कैसे कांग्रेस ने गठबंधन में शामिल होकर लूट को ही अपना नंबर-1 काम बना दिया। कांग्रेस अगर सत्ता में आई तो मध्य प्रदेश का भी वही हाल कर देगी।

कांग्रेस से एमपी को बड़ा नुकसान होगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह समय भारत और मध्य प्रदेश को विकसित बनाने का है। इतने महत्वपूर्ण समय में अगर कांग्रेस जैसी परिवारवादी पार्टी, हजारों-करोड़ रूपये के घोटालों का इतिहास रचने वाली पार्टी, वोट बैंक का तुष्टीकरण करने वाली पार्टी को जरा भी मौका मिल गया तो मध्य प्रदेश को बड़ा नुकसान होगा। कांग्रेस एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी।

पीएम मोदी ने कांग्रेस की तुलना जंग लगे लोहो से करते हुए कहा कि उनके पास भविष्य की सोच ही नहीं बची है। अब कांग्रेस में न देखने का सामर्थ्य बचा है, न देशहित को समझने का, इसलिए आप देखेंगे कि कांग्रेस विकसित भारत से जुड़े हर प्रोजेक्ट की आलोचना करती है। भाजपा बुलेट ट्रेन पर काम कर रही है। कांग्रेस इसकी आलोचना करती है। भाजपा सरकार ने नया संसद भवन बनाया, पूरा देश इसकी खूब प्रशंसा कर रहा है। मगर कांग्रेस ने पहले दिन से ही विरोध करना शुरू कर दिया। कांग्रेस वाले अब भी नकारात्मका फैला रहे हैं। भारत कुछ भी उपलब्धि हासिल करे, कांग्रेस को पसंद नहीं आता।

संबोधन से पहले किया भव्य रोड शो

जंबूरी मैदान स्थित सभास्थल पर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शहर में करीब आधा किलोमीटर का रोड शो किया। इस दौरान खुली जीप में उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। इस मौके पर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। इसके बाद वे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और रैली को संबोधित किया। पूरा भोपाल शहर बीजेपी के झंडों से पटा हुआ है। लाखों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के कारण जंबूरी मैदान की ओर भारी भीड़ है। दरअसल, इस मैदान पर साल 2013 से हर पांच साल पर बीजेपी कार्यकर्ता महाकुंभ करती है। प्रधानमंत्री मोदी तीसरी बार इसमें शामिल हुए हैं।

विधानसभा चुनाव को लेकर पीएम का ताबड़तोड़ दौरा

मध्य प्रदेश उन पांच राज्यों में सबसे बड़ा राज्य है, जहां आगामी माह में विधानसभा चुनाव होने हैं। पांच राज्यों में एमपी ही एकमात्र राज्य है, जहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और उनका अपना मुख्यमंत्री है। राज्य में 2018 की तरह इस बार भी कांटे की लड़ाई की संभावना जताई जा रही है। लिहाजा बीजेपी के केंद्रीय नेता लगातार प्रदेश के दौरे कर रहे हैं। स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं। पीएम का बीते छह माह में यह सातवां एमपी दौरा है।

पिछले दिनों यानी 14 सितंबर को वे बीना आए थे। यहां उन्होंने बीपीसीएल (भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड) रिफाइनरी में 50 हजार करोड़ की लागत से बनने वाले पेट्रो केमिकल प्लांट का शिलान्यास किया था। प्रधानमंत्री अगले महीने एकबार फिर एमपी दौरे पर आ रहे हैं। पांच अक्टूबर को जबलपुर में उनका कार्यक्रम है।

पीएम के दौरे को लेकर गरमाई राजनीति

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। पूर्व सीएम और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने पीएम के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, शिवराज जी, आज आप जरा धीरज से काम लीजिएगा। प्रधानमंत्री जब भी मध्य प्रदेश आते हैं तो आप उन्हें अपने किसी न किसी झूठ में शामिल करा लेते हैं। आपकी झूठ मशीन की डबल स्पीड से मध्य प्रदेश की जनता के साथ प्रधानमंत्री भी त्रस्त हैं, इसीलिए उन्होंने पूरे चुनाव अभियान से आपको बाहर कर दिया है। आप देश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं जो मुख्यमंत्री तो हैं, लेकिन मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं है।


Snigdha Singh

Snigdha Singh

Leader – Content Generation Team

Started career with Jagran Prakashan and then joined Hindustan and Rajasthan Patrika Group. During her career in journalism, worked in Kanpur, Lucknow, Noida and Delhi.

Next Story