×

PM Modi Nagpur Live: पीएम मोदी ने नागपुर में कई विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास

Vande Bharat Express Train: पीएम मोदी ने नागपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रेलगाड़ी नागपुर से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर होते हुए बिलासपुर तक जाएगी।

Krishna Chaudhary
Published on: 11 Dec 2022 7:15 AM GMT (Updated on: 11 Dec 2022 7:27 AM GMT)
PM Modi Nagpur Live
X

PM Modi Nagpur Live (Pic: Social Media)

Vande Bharat Express Train: मध्य भारत की पहली और देश की 6वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का आज यानी रविवार 11 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने नागपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रेलगाड़ी नागपुर से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर होते हुए बिलासपुर तक जाएगी। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन यह ट्रेन चलेगी। ट्रेन दोनों छोड़ों से संचालित की जाएंगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नागपुर से बिलासपुर जाने वाली पहली उद्घाटन विशेष वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में 16 कोच हैं, जिनमें 14 चेयर कार और 2 एग्जीक्यूटीव चेयर कार शामिल है। इस ट्रेन के उद्घाटन के मौके पर केंद्रीय मंत्री सह नागपुर से लोकसभा सांसद नितिन गडकरी ने ट्वीट कर कहा, यह एक्स्प्रेस ट्रेन मध्य भारत के नागपुर और बिलासपुर इन दो प्रमुख शहरों के बीच की दूरी कम करने के साथ साथ मध्य भारत में व्यापारी संभावना बढ़ाएगी और रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करेगी, यह मुझे विश्वास है।

ट्रेन की टाइमिंग और स्टॉपेज

रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, नागपुर – बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस बिलासपुर से सुबह 6.45 बजे रवाना होकर दोपहर 12.15 नागपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन दोपहर 2.05 बजे नागपुर से रवाना होकर शाम 7.35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन के रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और गोंदिया स्टेशनों में स्टॉपेज दिए गए हैं।

पांच अन्य वंदे भारत ट्रेनें

- पहली वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन 15 फरवरी 2019 को हुआ था। यह ट्रेन नई दिल्ली और पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के बीच चलती है।

- दूसरी वंदे भारत ट्रेन दिल्ली से कटरा (माता वैष्णो देवी) के लिए चलती है।

- तीसरी रेल मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलाई गई है।

- चौथी ट्रेन नई दिल्ली से अम्ब अन्दौरा (हिमाचल प्रदेश) के बीच चलती है।

- पांचवीं ट्रेन को पिछले माह यानी 11 नवंबर 2022 को प्रधानमंत्री ने हरी झंडी दिखाई थी। दक्षिण भारत की यह पहली वंदे भारत ट्रेन मैसूर से चेन्नई के बीच चलती है।

वंदे भारत की क्या है खासियत

वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की पहचान गति, सुरक्षा और सेवा है। यह 160 किमी प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार तक चल सकती है। इस ट्रेन में जीपीएस आधारित ऑडियो- विजुअल यात्री सूचना प्रणाली, मनोरंजन के लिए ऑनबोर्ड हॉटस्पॉट वाई-फाई और बहुत ही आरामदायक बैठने की जगह के अलावा घूमने वाली कुर्सियां भी हैं। इस ट्रेन के सभी कोचों में बॉयो-वैक्यूम वाले टॉयलेट हैं। सामान्य ट्रेनों के विपरीत इस ट्रेन के हर कोच में खाने-पीने की सुविधा उपलब्ध है। रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, हर वंदे भारत ट्रेन में 1128 यात्रियों के बैठने की क्षमता है।

400 वंदे भारत चलाने का लक्ष्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 15 अगस्त को लाल किले के प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए ऐलान किया था कि आजादी के अमृत महोत्सव के 75 सप्ताह के दौरान 75 वंदे भारत ट्रेनें देश के हर कोने को जोड़ेंगी। केंद्र सरकार ने अगले तीन साल के भीतर देश में 400 वंदे भारत ट्रेनों को चलाने का लक्ष्य तय किया है।

Live Updates

  • 11 Dec 2022 7:27 AM GMT

    PM Modi Nagpur Visit Live

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के नागपुर रेलवे स्टेशन और अजनी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का शिलान्यास किया. इससे पहले उन्होंने नागपुर रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी.

  • 11 Dec 2022 7:22 AM GMT

    PM Modi Nagpur Visit Live

    आज महाराष्ट्र के विकास के लिए 11 सितारों के महान नक्षत्र का उदय हो रहा है। 75 साल के अमृत महोत्सव में 75 हजार करोड़ के विकास कार्यों के लिए महाराष्ट्र को और महाराष्ट्र की जनता को बहुत-बहुत बधाई।

  • 11 Dec 2022 7:21 AM GMT

    PM Modi Nagpur Visit Live

    आज का ये आयोजन इस बात का प्रमाण है कि डबल इंजन की सरकार महाराष्ट्र में कितनी तेज गति से काम कर रही है। समृद्धि महामार्ग से मुंबई और नागपुर के बीच की दूरी तो कम होगी ​ही साथ ही ये महाराष्ट्र के 24 जिलों को आधुनिक कनेक्टिविटी से जोड़ रहा है।

  • 11 Dec 2022 7:21 AM GMT

    PM Modi Nagpur Visit Live

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है, "आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन हुआ है, वे महाराष्ट्र के विकास को नई दिशा देंगी. ये परियोजनाएं राज्य में बुनियादी ढांचे की समग्र दृष्टि प्रदान करती हैं. यह सबूत है कि महाराष्ट्र और केंद्र में डबल इंजन की सरकार कितनी तेजी से काम कर रही है."

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story