TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

हरियाणा में पीएम मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा-इससे बढ़कर धोखेबाज और बेईमान कोई पार्टी नहीं

PM Modi Sonipat Rally: पीएम मोदी ने आज सोनीपत के गोहाना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में वोटिंग की तारीख नजदीक आने के साथ ही कांग्रेस पूरी तरह पस्त नजर आ रही है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 25 Sep 2024 8:25 AM GMT (Updated on: 25 Sep 2024 8:53 AM GMT)
PM Modi rally gohana sonipat
X

PM Modi rally Sonipat (photo: social media )

PM Modi Sonipat Rally: हरियाणा में मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी आज जनसभा के साथ ही राज्य का सियासी तापमान काफी चढ़ गया है। अमेरिका के दौरे से लौटने के बाद पीएम मोदी ने आज सोनीपत के गोहाना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में वोटिंग की तारीख नजदीक आने के साथ ही कांग्रेस पूरी तरह पस्त नजर आ रही है। राज्य में भाजपा के प्रति लोगों का समर्थन लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से बढ़कर बेईमान और धोखेबाज कोई पार्टी नहीं है। कांग्रेस ने हरियाणा को दलालों और दामादों के हवाले कर दिया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार की ओर से किए गए प्रयासों के कारण राज्य ने खेती और उद्योग दोनों क्षेत्रों में देश के टॉप राज्यों में अपनी जगह बना ली है। औद्योगीकरण बढ़ने से सबसे ज्यादा फायदा दलित,गरीब और किसान को होता है। अंबेडकर ने भी इस बात को कहा था कि दलितों के सशक्तिकरण में उद्योगों की बड़ी भूमिका होती है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोनीपत की धरती पर महान सपूत सर छोटू राम को भी याद करते हुए नमन किया।

कांग्रेस राज में हरियाणा में हुई लूट

हरियाणा के विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। इसी कारण पीएम मोदी ने आज की रैली के दौरान मुख्य रूप से कांग्रेस पर निशाना साधा।

उन्होंने कांग्रेस को सबसे बेईमान और धोखेबाज पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि यह पार्टी जिन राज्यों में सत्ता में है, वहां भी अपनी घोषणाओं को लागू नहीं करती। हरियाणा में कांग्रेस राज की याद दिलाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज के नए मतदाताओं को नहीं पता होगा कि 10 साल पहले हरियाणा को किस तरह लूटा गया था।

हरियाणा को दलालों और दामादों के हवाले कर दिया

कांग्रेस राज में हरियाणा को दलालों और दामादों के हवाले कर दिया गया था। राज्य को दलालों और दामादों से कमल ही बचा सकता है। सभी को इस बात की पूरी जानकारी है कि कांग्रेस नेताओं पर किस-किस तरह के आरोप लग चुके हैं। कांग्रेस राज के दौरान सरकारी ठेकों में जमकर भ्रष्टाचार किया गया बिना पर्ची और पैसे के हरियाणा में कोई भी नौकरी नहीं मिलती थी। इस कारण भ्रष्ट कांग्रेस को हरियाणा से दूर रखने की जरूरत है। हरियाणा को बचाने के लिए भाजपा को जीत दिलाना जरूरी है।

सिद्धारमैया के जमीन घोटाले का जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोग काफी समझदार हैं और सोच समझकर वोटिंग करते हैं। यही कारण है कि हरियाणा में वही सरकार बनती है,जिसकी दिल्ली में सरकार होती है। उन्होंने हरियाणा के मतदाताओं से कांग्रेस से सतर्क रहने की अपील करते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री पर लगे जमीन घोटाले का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि जब कर्नाटक के मुख्यमंत्री के खिलाफ जांच शुरू हुई तब वे हाईकोर्ट चले गए।

हाईकोर्ट ने उन्हें डंडा मारते हुए जांच के आदेश को सही बताया। हरियाणा के मतदाताओं को ऐसी पार्टी के लोगों को राज्य में घुसने की अनुमति नहीं देनी चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस के लोगों ने सिर्फ जमीन घोटाला ही नहीं किया बल्कि दलित दलितों के लिए जो फंड था,उसमें भी घोटाला किया।

शाही परिवार देश का सबसे भ्रष्ट परिवार

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का मतलब है भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद। कांग्रेस को जब भी केंद्र या किसी भी राज्य में मौका मिला तब उसके राज में जमकर भ्रष्टाचार किया गया। भारत के सरकारी सिस्टम में भ्रष्टाचार को पालने पोसने वाली कांग्रेस है। गांधी परिवार का नाम न लेते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का शाही परिवार, देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। जब मुखिया ही भ्रष्ट है तो नीचे के लोगों को खुलेआम लूट करने का लाइसेंस मिल जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा में नौकरियां को बढ़ावा देने वाली सरकार की जरूरत है और यह काम भाजपा ही कर सकती है।

बड़ी कंपनियां भारत में निवेश की इच्छुक

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की ओर से हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में औद्योगिक शहर बनाने की घोषणा की गई है। आने वाले समय में राज्य के कई इलाकों में बड़े कल-कारखाने लगने वाले हैं। हमारी सरकार मेक इन इंडिया को पर काफी जोर दे रही है। अब हम मोबाइल फोन से लेकर लड़ाकू विमान तक अपने देश में ही बना रहे हैं।

पिछले तीन वर्षों के दौरान मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में रोजगार के लाखों नए अवसर पैदा हुए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत में निवेश करना चाहती हैं और वे हरियाणा में फैक्ट्रियां लगाना चाहती हैं। आने वाले दिनों में हरियाणा को दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों से काफी फायदा मिलने वाला है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर में हो रहे मतदान का भी जिक्र किया और कहा कि वहां के मतदाता काफी उत्साह के साथ वोटिंग में हिस्सा ले रहे हैं। पहले चरण में कश्मीर में वोटिंग का रिकॉर्ड टूट गया और इसके लिए वहां के लोग बधाई के पात्र हैं। सोनीपत में हो इस रैली को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी संबोधित किया।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story