पीएम मोदी को मिला रूस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, यूक्रेन युद्ध पर रूसी राष्ट्रपति को दी यह सलाह

मॉस्को में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक मित्र के तौर पर मैंने हमेशा कहा कि युद्ध के मैदानों से शांति का रास्ता नहीं निकलता है। बम, बंदूक और गोलियों के बीच शांति संभव नहीं होती है। हमें बातचीत के जरिए समाधान ढूंढना होगा।

Sandip Kumar Mishra
Published on: 9 July 2024 2:10 PM GMT (Updated on: 9 July 2024 5:37 PM GMT)
पीएम मोदी को मिला रूस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, यूक्रेन युद्ध पर रूसी राष्ट्रपति को दी यह सलाह
X

PM Modi : पीएम मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर रूस में हैं। यहां उनको मंगलवार को रूस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिला। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने खुद पीएम मोदी को 'ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल' का अवॉर्ड दिया। सम्मान के बाद मोदी ने इसे भारतीयों को समर्पित कर दिया। इससे पहले मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शिखर वार्ता में हिस्सा लिया। इस दौरान पुतिन ने कहा कि आप यूक्रेन संकट का जो हल निकालने की कोशिश कर रहे हैं, हम उसके लिए आपके आभारी हैं। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि हम यूक्रेन मुद्दे पर खुलकर अपने विचार रख पाए, चर्चा कर पाए और एक-दूसरे की राय को पूरे सम्मान के साथ समझने की कोशिश की।

मॉस्को आतंकी हमले के दर्द को महसूस कर सकता हूं- पीएम मोदी

मॉस्को में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक मित्र के तौर पर मैंने हमेशा कहा कि युद्ध के मैदानों से शांति का रास्ता नहीं निकलता है। बम, बंदूक और गोलियों के बीच शांति संभव नहीं होती है। हमें बातचीत के जरिए समाधान ढूंढना होगा। उन्होंने आगे कहा कि युद्ध और आतंकी हमलों के दौरान मासूम बच्चों की मौत खबर दिल को दहला देने वाली होती है। वहीं पीएम मोदी ने मॉस्को में आतंकी हमलों से हुए दर्द को याद करते हुए आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा भी की। उन्होंने कहा कि भारत पिछले 40-50 वर्षों से आतंकवाद का सामना कर रहा है। जब मॉस्को में आतंकवादी हमले हुए, तो मैं उस दर्द की महसूस कर सकता हूं और मैं सभी प्रकार के आतंकवाद की निंदा करता हूं।

उन्होंने आगे कहा कि भारत शांति स्थापित करने में सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है। मुझे आपके सकारात्मक विचार सुनकर खुशी हुई...मैं आपको और दुनिया को आश्वस्त करना चाहता हूं कि भारत शांति के पक्ष में है। इसके बाद मेरे अंदर एक उम्मीद जगी है राष्ट्रपति पुतिन को सुनते हुए, मैं इसके लिए आपको बहुत धन्यवाद देता हूं। वहीं पीएम मोदी ने भारत-रूस संबंधों के महत्व पर बात करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में उनके संबंध मजबूत होते रहेंगे। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में भारत-रूस सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करते हुए कहा कि इससे वैश्विक ईंधन चुनौतियों के दौरान दुनिया को फायदा हुआ है।

आपने कई मंचों पर हमारी 'मेक इन इंडिया' पहल की सराहना की- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच आपसी सम्मान और राजनीतिक जीत को दर्शाते हुए कहा कि मैं इस गर्मजोशी स्वागत और सम्मान के लिए आपका आभारी हूं। हमें भारत में चुनावों में अभूतपूर्व जीत मिली और इस दौरान मिली आपकी शुभकामनाओं के लिए मैं आपको धन्यवाद देता हूं। मार्च में हुए चुनावों में आप जीते थे इसके लिए मैं आपको बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने 'मेक इन इंडिया' पहल की सराहना करने और भारत में मैन्युफैक्चरिंग के अवसरों को बढ़ाने में मदद करने के लिए राष्ट्रपति पुतिन को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि एक मित्र के रूप में, आपने कई मंचों पर हमारी 'मेक इन इंडिया' पहल की सराहना की है...आपने भारत में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए भी कदम उठाए हैं। इससे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं और विकास के नए क्षेत्र खुले हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि नई दिल्ली और मॉस्को के बीच सहयोग ने किसानों को उर्वरकों के संकट का सामना नहीं करने दिया।

Sandip Kumar Mishra

Sandip Kumar Mishra

Content Writer

Sandip kumar writes research and data-oriented stories on UP Politics and Election. He previously worked at Prabhat Khabar And Dainik Bhaskar Organisation.

Next Story