×

PM Modi: एक भारत-श्रेष्ठ भारत शिवाजी महाराज के विचारों का ही प्रतिबिंब, राज्याभिषेक की 350वीं वर्षगांठ पर बोले PM Modi

PM Modi Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को एक संदेश दिया है। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में छत्रपति शिवाजी महाराज को साहस का प्रतीक बताया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 2 Jun 2023 12:58 PM GMT
PM Modi: एक भारत-श्रेष्ठ भारत शिवाजी महाराज के विचारों का ही प्रतिबिंब, राज्याभिषेक की 350वीं वर्षगांठ पर बोले PM Modi
X
PM Modi (photo: social media )

PM Modi Speech: महाराष्ट्र के रायगढ़ किले में मराठा साम्राज्य के संस्थापक और वीर योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के राजतिलक की 350वीं वर्षगांठ आज धूमधाम से मनाई जा रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को एक संदेश दिया है। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में छत्रपति शिवाजी महाराज को साहस का प्रतीक बताया है। पीएम ने कहा कि वीर शिवाजी महाराज अपने शौर्य और राष्ट्रनिर्माण के लिए जाने जाते हैं। उनका राजतिलक दिवस नई ऊर्जा और नई चेतना लेकर आया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शिवाजी महाराज ने हमेशा देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखा। आज एक भारत – श्रेष्ठ भारत के विजन में उनके ही विचारों का प्रतिबिंब देखा जा सकता है। सैंकड़ों वर्षों की गुलामी ने देशवासियों से उनका आत्मविश्वास छीन लिया था, ऐसे समय में लोगों में आत्मविश्वास जगाना एक कठिन कार्य था। उस दौरा में छत्रपति शिवाजी महाराज ने ना केवल आक्रमणकारियों का मुकाबला किया बल्कि जन मानस में ये विश्वास भी कायम किया कि स्वयं का राज संभव है।

स्वराज के साथ-साथ सुराज की स्थापना

पीएम नरेंद्र मोदी ने शिवाजी महाराज के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने स्वराज की स्थापना तो की ही, साथ ही सुराज भी कायम किया। वो जितना अपने शौर्य के लिए जाने जाते हैं, उतना अपने सुशासन के लिए भी। उनके कार्य, शासन प्रणाली और नीतियां आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने भारत के सामर्थ्य को पहचानकर जिस तरह से नौसेना का विस्तार किया वो आज भी हमें प्रेरणा देता है।

ये हमारी सरकार का सौभाग्य है कि छत्रपति शिवाजी महाराज से प्रेरणा लेकर पिछले साल भारत ने गुलामी के एक निशान से नौसेना को मुक्ति दे दी। अंग्रेजी शासन की पहचान को हटाकर शिवाजी महाराज की राज-मुद्रा को जगह दी है। उन्होंने आगे कहा कि इतने वर्ष के बाद भी उनके द्वारा स्थापित किए गए मूल्य हमें आगे बढ़ने का मार्ग दिखा रहे हैं। इन्हीं मूल्यों के आधार पर हमने अमृत काल के 25 वर्षों की यात्रा पूरी करनी है। यह यात्रा होगी शिवाजी महाराज के सपनों का भारत बनाने की... यह यात्रा होगी स्वराज, सुशासन और आत्म निर्भरता की... यह यात्रा होगी विकसित भारत की।

बता दें कि शिवाजी महाराज 350 वर्ष पूर्व 6 जून 1674 को हिंदवी स्वराज स्थापित करने के उद्देश्य से ‘छत्रपति’ शिवाजी महाराज बने थे। हिंदू कैलेंडर के मुताबिक, आज यानी 2 जून को उनके राजतिलक के 350 वर्ष पूरे हुए हैं। इस अवसर पर रायगढ़ के किले में उनका राज्याभिषेक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडनवीस और मनसे प्रमुख राज ठाकरे रायगढ़ किले में मौजूद हैं।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story