'विकसित भारत विकसित राजस्थान' से जुड़े PM मोदी, दी करोड़ों की सौगात, बोले- कांग्रेस नहीं भांप सकती भविष्य

PM Modi: इस कार्यक्रम के जरिये प्रधानमंत्री ने राज्य के लोगों को करोड़ों रुपए की सौगात दी। उन्होंने 17 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

Viren Singh
Published on: 16 Feb 2024 6:53 AM GMT (Updated on: 16 Feb 2024 7:29 AM GMT)
PM Modi
X

PM Modi (सोशल मीडिया)  

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को राजस्थान में आयोजित 'विकसित भारत विकसित राजस्थान' के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े और कार्यक्रम को संबोधित भी किया। पीएम ने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में इस समय राजस्थान की हर विधानसभा से लाखों साथी जुड़े हुए हैं। मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं। कुछ दिन पहले फ्रांस के राष्ट्रपति का आपने जयपुर में जो स्वागत-सत्कार किया, उसकी गूंज पूरे भारत और फ्रांस में है। मेरे राजस्थानी जिस प्रेम लुटाते हैं तो कोई करस बाकी नहीं छोड़ते हैं, यही राजस्थान की खासियात है। प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस को फिर से आड़ें हाथ लिया।

मोदी ने बताया कांग्रेस का असली एजेंडा

प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम के दौरान केंद्र की सत्ता पर रही पिछली सरकारें खासकर कांग्रेस पर खूब हमलावार हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास एक ही एजेंडा है, मोदी विरोध, घोर मोदी विरोध। मोदी विरोध में ये ऐसी-ऐसी बातें फैलाते हैं, जिससे समाज बंट जाए। जब कोई पार्टी परिवारवाद के, वंशवाद के घोर कुचक्र में फंस जाती है, तो उसके साथ ऐसा ही होता है। आज हर कोई कांग्रेस का साथ छोड़ रहा है, सिर्फ एक परिवार ही वहां दिखता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस के साथ एक बड़ी समस्या ये है कि वो दूरगामी सोच के साथ सकारात्मक नीतियां नहीं बना सकती। कांग्रेस न भविष्य को भांप सकती है और न ही भविष्य के लिए उसके पास कोई रोड मैप है। कांग्रेस की इसी सोच के कारण भारत अपनी बिजली व्यवस्था को लेकर बदनाम रहता था।

कांग्रेस के समय देश कई कई घंटे अंधेरे में रहा

मोदी ने कहा कि कांग्रेस-यूपीए के शासन के दौरान बिजली की कमी के कारण पूरे देश में कई-कई घंटों तक अंधेरा रहता था। इतना ही नहीं, करोड़ों घरों में तो बिजली कनेक्शन तक नहीं थे। बिजली के अभाव में कोई भी देश विकसित नहीं हो सकता, जो आज का भारत सोच रहा है। जब हमारी सरकार केंद्र की सत्ता में आई तो हमने देश को बिजली की चुनौतियों से निकालने पर ध्यान दिया, जिसका उदाहरण आज आपके सामने है। देश के कोने कोने में 24 घंटे तो बिजली मिल ही रही है, साथ करोड़ों लोगों के घरों में बिजली कनेक्शन भी मिल चुके हैं। हालांकि बिजली की चुनौतियों पर कांग्रेस जिस प्रकार से काम कर रही, उससे इसको ठीक होने में कई दशक लग जाते।

2014 से पहले देश में क्या क्या चर्चाएं होती थीं

कांग्रेस के शासन में हुए घोटालों पर भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि "2014 से पहले पूरे देश में होने वाले बड़े-बड़े घोटालों और आए दिन होने वाले बम धमाकों की लोगों के बीच और खबरों में चर्चा होती थी। लोग सोचते थे कि उनका और देश का क्या होगा? कांग्रेस के राज में चारों तरफ तब यही माहौल था, लेकिन आज हम विकसित भारत, विकसित राजस्थान की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए हम देश के 4 वर्गों को मजबूत बनाने में जुटे हैं। ये वर्ग हैं- युवा, महिला, किसान और गरीब। यही हमारे लिए 4 सबसे बड़ी जातियां हैं।

मोदी ने बताई विकसित भारत की परिभाष

प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में लोगों से कहा कि जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं, तो ये केवल शब्द भर नहीं है, ये केवल भाव भर नहीं है, बल्कि ये हर परिवार का जीवन समृद्ध बनाने का अभियान है। ये गरीबी को जड़ से मिटाने का अभियान है। ये युवाओं के लिए अच्छे रोजगार बनाने का अभियान है और ये देश में आधुनिक सुविधाएं बनाने का अभियान है।

मोदी ने दी राजस्थान के लोगों को करोड़ों की सौगात

इस कार्यक्रम के जरिये प्रधानमंत्री ने राज्य के लोगों को करोड़ों रुपए की सौगात दी। उन्होंने 17 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। यह परियोजनाएं रेल, रोड, सौर ऊर्जा, पानी और एलपीजी जैसे विकास कार्यक्रमों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं राजस्थान के हजारों युवाओं को रोजगार देने वाली हैं। मैं इन प्रोजेक्ट्स के लिए राजस्थान के सभी साथियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

Viren Singh

Viren Singh

पत्रकारिता क्षेत्र में काम करते हुए 4 साल से अधिक समय हो गया है। इस दौरान टीवी व एजेंसी की पत्रकारिता का अनुभव लेते हुए अब डिजिटल मीडिया में काम कर रहा हूँ। वैसे तो सुई से लेकर हवाई जहाज की खबरें लिख सकता हूं। लेकिन राजनीति, खेल और बिजनेस को कवर करना अच्छा लगता है। वर्तमान में Newstrack.com से जुड़ा हूं और यहां पर व्यापार जगत की खबरें कवर करता हूं। मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई मध्य प्रदेश के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्विविद्यालय से की है, यहां से मास्टर किया है।

Next Story