×

PM In Deoghar : PM मोदी ने की बैद्यनाथ दरबार में पूजा, जनता से बोले- पाई-पाई की कीमत हम समझते हैं

PM In Deoghar : पीएम नरेंद्र मोदी आज झारखंड दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री देवघर पहुंच चुके हैं। इस दौरान पीएम 16 हजार 800 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे।

aman
Written By aman
Published on: 12 July 2022 10:45 AM GMT (Updated on: 12 July 2022 11:55 AM GMT)
pm narendra modi jharkhand deoghar visit aiims airport baba baidyanath temple live updates
X

PM Modi 

PM Modi In Deoghar : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) आज झारखंड (Jharkhand) के देवघर (Deoghar) दौरे पर थे। अपने इस दौरे में पीएम मोदी ने झारखंड को 16800 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात दी। यूं कहें तो आज बाबा वैद्यनाथ की नगरी कई ऐतिहासिक शुरुआतों का साक्षी बना। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने इस दौरे में बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पहले परियोजनाओं और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। उसके बाद उन्होंने बाबा बैद्यनाथ परिसर जाने के क्रम में जनता का अभिवादन करते हुए रोड शो किया। जिसके बाद उन्होंने बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। बता दें कि, 14 जुलाई 2022 यानी परसों से सावन शुरू हो रहा है। इसलिए आज इस पूजा का विशेष महत्व है। इस खास मौके पर बाबा भोलेनाथ के मंदिर को सुन्दर फूलों से सजाया गया था। पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक, भगवान शंकर के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक देवघर के बाबा बैद्यनाथ भी है। पीएम नरेंद्र मोदी यहां पूजा करने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं।ले प्रधानमंत्री होंगे।

इस दौरान अपने संबोधन में पीएम ने कहा, बाबा धाम आकर हर किसी का मन प्रसन्न हो जाता है। आज हम सभी को देवघर से झारखंड के विकास को गति देने का सौभाग्य मिला है। बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद से आज 16 हज़ार 800 करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ। इससे झारखंड के आधुनिक कनेक्टिविटी, ऊर्जा, स्वास्थ्य, आस्था और पर्यटन को बल मिलेगा। हम सभी ने देवघर एयरपोर्ट को और देवघर एम्स, इसका सपना लंबे समय से देखा है। ये सपना भी अब साकार हो रहा है।

उन्होंने कहा, इन परियोजनाओं से झारखंड के लाखों लोगों का जीवन आसान होगा। साथ ही, व्यापार और कारोबार के लिए तथा पर्यटन के लिए, रोज़गार-स्वरोज़गार के लिए भी कई नए अवसर बनेंगे। विकास की इन सभी परियोजनाओं के लिए मैं सभी झारखंड वासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। इस दौरान पीएम ने विकास के साथ-साथ विरोधियों पर भी निशाना साधा।

Live Updates

  • 12 July 2022 11:14 AM GMT

    शॉर्टकट की राजनीति से बचें

    प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, शॉर्टकट वालों को ना मेहनत करनी पड़ती है और ना ही उन्हें दूरगामी परिणामों के बारे में सोचना पड़ता है। मगर, ये भी बड़ी सच्चाई है कि जिस देश की राजनीति शॉर्टकट (shortcut) पर आधारित होती है, उसका एक न एक दिन 'शॉट सर्किट' भी हो जाता है। उन्होंने कहा, शॉर्टकट की राजनीति देश को तबाह कर देती है। हमें उससे बचना चाहिए। भारत में हमें ऐसी शॉर्टकट अपनाने वाली राजनीति से दूर रहना है।

  • 12 July 2022 11:09 AM GMT

    कुछ सरकारों के दिल में भर जाता है सत्ता भाव

    अपने संबोधन में पीएम मोदी ने विरोधियों पर भी वार किया। उन्होंने कहा, 'कुछ सरकारें ऐसी होती हैं, जिनके दिल में सेवा भाव नहीं बल्कि सत्ता भाव भर जाता है। इसी सत्ता भाव के कारण लंबे समय तक जो सरकारों में रहे, उनकी प्राथमिकता सत्ता पाना होती है। सेवा कभी उनकी प्राथमिकता रही है नहीं। 

  • 12 July 2022 11:07 AM GMT

    15 नवंबर को मनाया जाएगा 'जनजातीय गौरव दिवस' 

    पीएम मोदी ने आगे कहा, कि हमारी सरकार के ये गर्व की बात है कि 15 नवंबर, भगवान बिरसा मुंडा के जन्म दिवस को हमने 'जनजातीय गौरव दिवस' घोषित किया है। बिरसा मुंडा के बेहतरीन और आधुनिक संग्रहालय के निर्माण का सौभाग्य भी हमें मिला। 

  • 12 July 2022 11:05 AM GMT

    झारखंड के विकास की लिखेंगे इबारत 

    पीएम ने कहा, 'मुझे विश्वास है कि जिन परियोजनाएं की आज हमने शुरुआत की है, वो भविष्य में झारखंड के विकास को नई गति प्रदान करेंगे। हमारे लिए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास सिर्फ नारा नहीं बल्कि मूल मंत्र है।' 

  • 12 July 2022 11:03 AM GMT

    'गरीब आदिवासी हमारी प्राथमिकता में' 

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कि 'बीते 8 वर्षों में हमने उन्हें सशक्त किया जिन्हें पहले सिर्फ राजनीतिक नारों में समेट दिया गया था। वो गरीब, वो आदिवासी, वो पिछड़ा, वो दलित, वो बहनें और बेटियां जिनका नंबर हमेशा सबसे आखिर में आता था। आज ऐसे लोग हमारी प्राथमिकताओं में सबसे आगे हैं। मुझे विश्वास है कि, जो परियोजनाएं आज हमने शुरू की है, वो झारखंड के विकास को नई गति प्रदान करेगा। पीएम ने इस दौरान एक बार फिर सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का नारा दोहराया।'

  • 12 July 2022 10:54 AM GMT

    देश में पर्यटन की अपार शक्ति

    प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, भारत के कोने-कोने में पर्यटन की अपार शक्ति है। भारत में सामर्थ्य का भंडार है। हमें इसे और बढ़ाने की जरूरत है। बाबा बैद्यनाथ धाम हो या काशी विश्वनाथ धाम, केदारनाथ धाम हो या अयोध्या धाम हो, रामायण सर्किट हो या बुद्ध सर्किट, देश में आस्था, अध्यात्म तथा ऐतिहासिक महत्व से जुड़े हर स्थान में आधुनिक सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। इसका लाभ आम जनता को भी मिल रहा है और पर्यटन उद्योग को भी। 

  • 12 July 2022 10:51 AM GMT

    काशी में 3 गुना श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी

    प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में काशी में हो रहे विकास कार्य का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा वाराणसी में पुनर्निर्माण के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में खासी बढ़ोतरी हुई है। आज से 3 साल पहले की तुलना में इस साल अभी तक 3 गुना से भी अधिक श्रद्धालु आए हैं। इससे पर्यटन का विकास होता है। होटल, ढाबे, ऑटो, नाव, फूल-पौधे और पूजा का सामान बेचने वाले तथा चाय बेचने वालों को भी काफी फायदा मिला है।

  • 12 July 2022 10:46 AM GMT

    पीएम- जनता के पाई-पाई की कीमत हम समझते हैं

    पीएम ने आगे कहा, 'देवघर में शिव भी हैं और शक्ति भी। आज हमने उनका दर्शन किया। उन्होंने कहा, भारत आस्था-तीर्थ की धरती है। पहले सरकार जाने के बाद योजनाएं पूरी हो पाती थीं, लेकिन आज हम जनता की पाई-पाई की कीमत समझते हैं और उसके लिए काम करते हैं। आज हम धरोहरों को सहेजने में निवेश कर रहे हैं। हम नहीं चाहते हैं कि जनता का एक भी पैसा बर्बाद हो।

  • 12 July 2022 10:42 AM GMT

    जनता का पैसा बर्बाद नहीं होने देंगे, यही हमारा संकल्प

    पीएम मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, 'देश में विकास की गंगा बहती रहे, यही हमारा प्रयास रहता है। जनता का आशीर्वाद ही मेरी पूंजी है।' प्रधानमंत्री आगे कहते हैं, 'झारखंड में हजारों करोड़ की परियोजनाओं को समर्पित किया। आपको बता दें कि जिसका शिलान्यास हम करते हैं, उसका उद्घाटन भी हम ही करते हैं। पीएम ने कहा, 'जनता का एक पैसा बर्बाद नहीं होने देंगे, यही संकल्प लेकर हम चलते हैं।'

  • 12 July 2022 10:36 AM GMT

    पीएम मोदी- आपका आशीर्वाद हिम्मत देता है

    पूजा अर्चना के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, कि 'कल देवघर की दिवाली पूरा देश देख रहा था। आपने दीप जलाकर देश को संदेश दिया। आज भी आपने जिस उमंग, उत्साह और प्यार से आशीर्वाद दिया। ये मेरे जीवन की यही सबसे बड़ी पूंजी है। एक तरफ बाबा का आशीर्वाद तो दूसरी तरफ जनता का प्यार। ये संबल देता है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story