×

BJP National Executive Meet: 400 दिन मुस्लिम समाज और युवा वोटरों का जिक्र, PM मोदी ने पार्टी को इस तरह दिया जीत का मंत्र

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दूसरे दिन समापन भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मिशन 2024 में जीत का मंत्र दिया।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 17 Jan 2023 3:39 PM GMT
PM Narendra Modi
X

PM Narendra Modi (photo: social media )

BJP National Executive Meet: भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दूसरे दिन समापन भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मिशन 2024 में जीत का मंत्र दिया। अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का पूरा फोकस 2024 की सियासी जंग जीतने पर रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चुनाव के लिए सिर्फ 400 दिन बचे हैं। इसलिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी मजबूती के साथ जुटना होगा और घर-घर दस्तक देनी होगी। यह सोचना गलत होगा कि मोदी आएंगे और जीत जाएंगे।

पीएम मोदी ने भाजपा नेताओं को मुस्लिम समाज के बारे में गलत बयानबाजी न करने की नसीहत दी। इसके साथ ही उन्होंने 18 से 25 वर्ष के युवा मतदाताओं पर फोकस करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमें सरकार और भाजपा की नीतियों को लेकर समाज के सभी धर्मों और वर्गों तक पहुंचना होगा। पीएम मोदी के भाषण के साथ ही भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक का समापन हो गया। पीएम मोदी के भाषण से साफ हो गया कि अब पार्टी का पूरा जोर 2024 की सियासी जंग जीतने पर है और आने वाले दिनों में पार्टी इसके लिए बड़ा अभियान छेड़ सकती है।

मुस्लिम समाज के बारे में गलत बयानबाजी न करें

भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का पूरा जोर समाज के सभी वर्गों तक पार्टी की पहुंच बनाने पर रहा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को समाज के सभी वर्गों से मुलाकात करनी चाहिए चाहे वे भाजपा को वोट देते हों या नहीं। प्रधानमंत्री ने भाजपा नेताओं को मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज के बारे में गलत बयानबाजी से बचना होगा। उन्होंने पसमांदा और बोरा समाज से मिलने पर भी जोर दिया।

अति आत्मविश्वास की भावना से बचें

प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को अति आत्मविश्वास की भावना से बचना होगा। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मिली हार का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अति आत्मविश्वास के कारण पार्टी को इन दोनों राज्यों में हार का सामना करना पड़ा। इसलिए अति आत्मविश्वास से बचते हुए पूरी मेहनत के साथ चुनाव में जुटना होगा। सिर्फ मोदी के भरोसे बैठे रहने से काम नहीं चलने वाला है।

बॉर्डर के गांवों में पार्टी को मजबूत बनाएं

प्रधानमंत्री ने बॉर्डर के करीब के गांवों में पार्टी को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन गांवों में संगठन को मजबूत बनाने के साथ ही बूथ लेवल पर पूरी ताकत के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि देश का सर्वोत्तम काल आ रहा है और ऐसे समय में प्रयत्नों की पराकाष्ठा तक मेहनत करनी होगी। राष्ट्रवाद की अलख जलाने पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें विभिन्न जगहों पर जाकर अलग-अलग लोगों से मुलाकात करनी चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा को सिर्फ राजनीतिक आंदोलन तक सीमित नहीं रखना है बल्कि हमें इसे सामाजिक आंदोलन बनाने के लिए जुटना चाहिए। उन्होंने सामाजिक स्तर पर अहम भूमिका निभाने पर जोर देते हुए कहा कि हमें अमृतकाल को कर्तव्य काल में बदलना होगा।

युवा मतदाताओं पर फोकस

भाजपा कार्यकारिणी की समापन बैठक के बाद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पीएम के संबोधन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण के दौरान युवा मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि 18 से 25 वर्ष की आयु वाले मतदाताओं को भारत के राजनीतिक इतिहास की पूरी जानकारी नहीं है। उन्हें जागरूक बनाने के साथ ही भाजपा के सुशासन के बारे में पूरी जानकारी देने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि सभी राज्यों को भी एक-दूसरे से समन्वय बढ़ाते हुए भावनात्मक रूप से जुड़ना होगा। उन्होंने देश के सभी लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी की ओर से इसके लिए अभियान चलाए जाने की जरूरत है।

सियासी जानकारों के मुताबिक प्रधानमंत्री का पूरा फोकस मिशन 2024 पर रहा। प्रधानमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया है कि हाथ पर हाथ धरकर बैठने से चुनाव में जीत हासिल नहीं होगी। इसके लिए सभी को मेहनत करनी होगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी संदेश दिया कि चुनाव ज्यादा दूर नहीं है। इसलिए अभी से ही चुनाव के लिए मेहनत करनी होगी।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story