×

PM Modi: कोलकाता में एक लाख लोग एक साथ करेंगे गीता पाठ, कार्यक्रम को लेकर पीएम मोदी का खास संदेश

PM Modi: इस कार्यक्रम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों के नाम एक खास संदेश लिखा है। पीएम मोदी को भी इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था मगर वे पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं के कारण इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

Anshuman Tiwari
Published on: 24 Dec 2023 6:08 AM GMT (Updated on: 24 Dec 2023 6:09 AM GMT)
PM Modi in Kolakata
X

PM Modi in Kolakata (Social Media)

PM Modi in Kolakata: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में गीता जयंती के उपलक्ष में आज एक विशेष आयोजन किया जा रहा है। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आज सामूहिक गीता पाठ 'लोक्खो कंठे गीता पाठ' का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में करीब एक लाख से अधिक लोग एक साथ गीता का पाठ करेंगे।

इस कार्यक्रम में देश-विदेश से काफी संख्या में साधु-संत भी हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों के नाम एक खास संदेश लिखा है। पीएम मोदी को भी इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था मगर वे पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं के कारण इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

पीएम मोदी ने की पहल की प्रशंसा

प्रधानमंत्री मोदी ने एक लाख लोगों के एक साथ गीता पाठ करने की पहल की दिल खोलकर प्रशंसा की है। अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सनातन संस्कृति संसद, मतिलाल भारत तीर्थ सेवा मिशन आश्रम और अखिल भारतीय संस्कृत परिषद द्वारा संयुक्त रूप से कोलकाता के परेड ग्राउंड में आयोजित 'लोक्खो कंठे गीता पाठ' के बारे में जानकर प्रसन्नता हुई। एक लाख लोगों द्वारा गीता का पाठ करने का लक्ष्य वास्तव में प्रशंसनीय है।

चुनौतियों से निपटने की राह दिखाती है गीता

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता एक व्यावहारिक मार्गदर्शक है, जो अपार ज्ञान प्रदान करती है और एक सार्थक जीवन जीने का मार्ग दिखाती है। यह जीवन की चुनौतियों से निपटने के लिए एक पुस्तक के रूप में भी कार्य करती है। गीता द्वारा प्रस्तावित मार्गों का बहुलवाद भारतीय विचार और संस्कृति के लिए सर्वोत्कृष्ट है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2047 तक का समय सामूहिक प्रयासों से मजबूत, विकसित और समावेशी भारत के निर्माण के सपने को पूरा करने का अवसर है। 'लोक्खो कंठे गीता पथ' सभी के लिए शांति और कल्याण लाए। इस प्रयास की सफलता के लिए सभी आयोजकों को शुभकामनाएं।

आयोजन क्यों है महत्वपूर्ण

कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में इस कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय संस्कृत परिषद और मोतीलाल भारत तीर्थ सेवा मिशन की ओर से किया गया है। इस आयोजन को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसमें एक लाख से अधिक लोग एक साथ गीता का पाठ करेंगे। धार्मिक ग्रंथ के रूप में गीता की देशभर में काफी मान्यता है।

सैकड़ों साधु-संत भी लेंगे कार्यक्रम में हिस्सा

कार्यक्रम में देशभर के 300 से अधिक साधु-संतों को भी आमंत्रित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्हें इस कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बनाया गया था मगर अपनी अन्य व्यस्तताओं के चलते पीएम मोदी इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। इसी कारण उन्होंने आयोजन के लिए खास संदेश लिखा है। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य के अन्य प्रमुख लोगों को भी कार्यक्रम का आमंत्रण भेजा गया है।

Snigdha Singh

Snigdha Singh

Leader – Content Generation Team

Started career with Jagran Prakashan and then joined Hindustan and Rajasthan Patrika Group. During her career in journalism, worked in Kanpur, Lucknow, Noida and Delhi.

Next Story