TRENDING TAGS :
Kailash Gehlot: कैलाश के इस्तीफे पर सियासी घमासान, BJP में जाने की संभावना, आप ने बताया रेड को कारण
Kailash Gehlot: इस्तीफे के बाद कैलाश गहलोत के भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। गहलोत के इस्तीफे को लेकर भाजपा और आप के बीच घमासान छिड़ गया है।
कैलाश गहलोत के इस्तीफे पर सियासी घमासान, BJP में जाने की संभावना, आप ने बताया रेड को कारण: Photo- Social Media
Kailash Gehlot: आम आदमी पार्टी के कद्दावर नेता और दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत का आप से इस्तीफा पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। कभी खुद को आप मुखिया अरविंद केजरीवाल का हनुमान बताने वाले कैलाश गहलोत ने केजरीवाल को लिखे गए पत्र में गंभीर आरोप लगाकर सबको हैरान कर दिया है। इस्तीफे के बाद कैलाश गहलोत के भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। गहलोत के इस्तीफे को लेकर भाजपा और आप के बीच घमासान छिड़ गया है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना: Photo- Social Media
गहलोत के इस्तीफे के पीछे भाजपा की साजिश- मुख्यमंत्री आतिशी
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने गहलोत का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उन्होंने गहलोत के इस्तीफे के पीछे भाजपा की साजिश बताई है। आप नेताओं का कहना है कि कैलाश गहलोत के खिलाफ कई बार ईडी और इनकम टैक्स की रेड पड़ चुकी थी और इसलिए उनके सामने भाजपा से हाथ मिलाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।
दूसरी ओर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गहलोत के इस्तीफे का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गहलोत ने जो मुद्दे उठाए हैं, उन मुद्दों को भाजपा दिल्ली की जनता की आवाज बनकर पहले से ही उठाती रही है।
भाजपा की भाषा बोलने वाले गहलोत भाजपा में जाएंगे
आप मुखिया और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में कैलाश गहलोत ने यमुना नदी की सफाई न होने के साथ ही केजरीवाल के बंगले को लेकर पैदा हुए विवाद का जिक्र भी किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने अपने वादे पूरे नहीं किए हैं और पार्टी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है। गहलोत के इस्तीफे के पीछे आम आदमी पार्टी ने भाजपा का हाथ बताया है।
आप के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह: Photo- Social Media
आप के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने कहा कि कैलाश गहलोत पर कई बार ईडी, इनकम टैक्स के छापे पड़ चुके हैं। वे पांच साल तक सरकार का हिस्सा थे और भाजपा लगातार उनके खिलाफ साजिश कर रही थी। ऐसी स्थिति में उनके पास भाजपा के साथ जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था।
उन्होंने कहा कि कैलाश गहलोत वही बातें दोहरा रहे हैं,जो बीजेपी करती रही है। इसका मतलब साफ है कि वे भाजपा की स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं। उनके इस्तीफे के पीछे पूरी तरह भाजपा की साजिश है। जिस दिन वे भाजपा में शामिल हो जाएंगे,वे सभी आरोपों से मुक्त हो जाएंगे।
संघर्ष की जगह बीजेपी में जाने का विकल्प चुना
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी गहलोत के इस्तीफू के पीछे भाजपा की साजिश को कारण बताया है। आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने भी इसी तरह की राय दोहराते हुए कहा कि ईडी और सीबीआई के जरिए भाजपा फिर सक्रिय हो गई है। कैलाश गहलोत के खिलाफ ईडी और सीबीआई ने कई मामले दर्ज कर रखे थे और उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों के खिलाफ संघर्ष करने की जगह भाजपा में शामिल होना बेहतर समझा।
गहलोत में भाजपा के मुद्दों को दी आवाज
दूसरी ओर भाजपा की ओर से कैलाश गहलोत का इस्तीफे का स्वागत किया गया है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि कैलाश गहलोत की ओर से इस्तीफे के पीछे जो मुद्दे उठाए गए हैं,उन मुद्दों को भाजपा पहले ही उठाती रही है। दिल्ली की जनता का यह दर्द भाजपा पहले से ही उजागर करती रही है। गहलोत ने अपने इस्तीफे में इन मुद्दों की ओर इशारा किया है। यमुना की सफाई का मुद्दा काफी दिनों से गंभीर बना हुआ है मगर केजरीवाल सरकार इस मामले में पूरी तरह फेल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों के लिए यमुना जीवन दायिनी मां के समान है,लेकिन अरविंद केजरीवाल ने उसे श्रद्धा में भी पाप करने का काम किया है। 50 हजार करोड़ की लूट करके यमुना को गंदा नाला बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता भी अब केजरीवाल को ईमानदार नहीं मानते हैं। कैलाश गहलोत की ओर से उठाए गए मुद्दे दिल्ली की जनता के साथ सरोकार रखने वाले हैं। इन मुद्दों को लेकर भाजपा हमेशा अपनी आवाज बुलंद करती रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को मन से प्यार करने वाले लोग अब आगे आम आदमी पार्टी का साथ कभी नहीं देंगे।