×

Jharkhand: हेमंत सोरेन की रिहाई के बाद रांची में लगे पोस्टर, लिखा- साजिशों के खेल का अंत...

Jharkhand News: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की रिहाई के बाद रांची में पोस्टर लगाए गए। पोस्टर में लिखा गया, "साजिशों के खेल का हुआ अंत, आ गया अपना हेमंत"।

Network
Newstrack Network
Published on: 29 Jun 2024 6:39 AM GMT (Updated on: 29 Jun 2024 6:57 AM GMT)
India News
X

Hemant Soren Poster in Ranchi (Pic: Social Media)

Hemant Soren Poster in Ranchi: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग में जमानत दे दी है। हेमंत सोरेन शुक्रवार को ही जेल से रिहा कर दिए गए हैं। उनकी रिहाई के बाद प्रदेश में उनके समर्थकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। हेमंत सोरेन के समर्थन में जगह जगह पोस्टर लगाए जा रहे हैं। रांची में भी एक ऐसा ही पोस्टर देखने को मिला। पोस्टर में पूर्व मुख्यमंत्री की बड़ी तस्वीर के साथ लिखा गया "साजिशों के खेल का हुआ अंत, आ गया अपना हेमंत"। ये पोस्टर राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।

सांसद महुआ माझी का बयान

हेमंत सोरेन की रिहाई के बाद सांसद महुआ माझी ने बयान दिया है। अपने बयान में उन्होंने कहा कि 'झारखंड में हेमंत सोरेन काफी लोकप्रिय हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान उनकी अनुपस्थिति के बावजूद लोगों ने हमें समर्थन दिया। उनकी जेल से रिहाई को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। भाजपा ने लोकप्रिय नेता हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कराकर वोट पाने की साजिश रची थी, लेकिन वह असफल हो गई।' इसके साथ ही रांची में लगाए गए पोस्टर के राजनीतिक मतलब निकाले जा रहे हैं। इसे हेमंत सोरेन के समर्थकों और पार्टी के उत्साह के रूप में देखा जा रहा है।

हाईकोर्ट ने दी जमानत

ईडी ने हेमंत सोरेन पर रांची में स्थित जमीन में घोटाला करने का आरोप लगाया था। इसी मामले की सुनवाई कोर्ट में चल रही थी। शुक्रवार को हेमंत सोरेने की जमानत याचिका पर दोनों पक्षों ने अपनी दलीलें पेश की। दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री की जमानत मंजूर कर दी। बता दें कि ये जमानत याचिका 27 मई को दायर की गई थी। ईडी ने हेमंत सोरेने पर जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हेमंत सोरेन पर कार्रवाई की थी। इन्हें 31 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया गया था। ईडी का आरोप था कि हेमंत सोरेन ने 8.42 एकड़ जमीन का घोटाला किया है।

ईडी की दलीलों से कोर्ट संतुष्ट नहीं

ईडी ने अपने पक्ष में सबूत पेश किए। उन्होंने दावा किया कि हेमंत सोरेन ने जमीन के मामले में घोटाला किया है। ईडी के आरोपों के मुताबिक हेमंत ने रांची के बड़गाई में 8.5 एकड़ जमीन पर कब्जा किया हुआ है। कोर्ट में इसे सिद्ध करने के लिए ईडी ने कहा कि बड़गाई के राजस्व कर्मी भानु प्रताप सिंह और प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद ने इस बात की पुष्टि की है। हालांकि कोर्ट ने ईडी की दलीलों से संतुष्ट नहीं हो सकी।

कोर्ट ने आरोपों को बताए आधारहीन

हाईकोर्ट ने ईडी के पेश किए सबूतों पर कहा कि इन तथ्यों से लगाए गए आरोप सिद्ध नहीं होते। बल्कि ऐसा लगता है कि हेमंत सोरेन पर लगाए गए सभी आरोप आधारहीन हैं। ईडी की दलीलों के बाद झारखंड हाईकोर्ट ने मामले को 13 जुलाई तक सुरक्षित रख लिया है। रिहाई के फैसले से हेमंत सोरेन को बड़ी राहत मिली है। हेमंत 148 दिन बाद जेल से बाहर आए। जेल से रिहाई के बाद उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया। इसके साथ ही उनके समर्थकों में उत्साह देखने को मिल रहा है।


Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story