×

Budget Session 2023: राष्ट्रपति मुर्मू बोलीं- पूरी दुनिया की निगाहें हमारी ओर, सर्जिकल स्ट्राइक, आर्टिकल 370 और तीन तलाक का भी किया जिक्र

Budget Session 2023: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ ही आज संसद के बजट सत्र की शुरुआत हो गई। आज अपने अभिभाषण के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मोदी सरकार की जमकर तारीफ की और संसद के संयुक्त सत्र को आज पहली बार संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल का जिक्र किया।

Anshuman Tiwari
Published on: 31 Jan 2023 7:17 AM GMT (Updated on: 31 Jan 2023 7:34 AM GMT)
Budget Session 2023
X

संसद में अभिभाषण को दौरान राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू  (फोटो: राज्य सभा टीवी)

Budget Session 2023: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ ही आज संसद के बजट सत्र की शुरुआत हो गई। आज अपने अभिभाषण के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मोदी सरकार की जमकर तारीफ की। संसद के संयुक्त सत्र को आज पहली बार संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में मजबूत इच्छाशक्ति वाली सरकार है जो बिना किसी दबाव और भय के लगातार लोगों की भलाई और देश को आगे बढ़ाने में जुटी हुई है।



राष्ट्रपति ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान भारत के प्रति दुनिया के नजरिया में काफी बदलाव आया है। कभी दूसरे देश हमारे मसलों को सुलझाते थे मगर आज पूरी दुनिया उम्मीद भरी निगाहों से हमारी ओर देख रही है। अपने अभिभाषण के दौरान राष्ट्रपति ने पिछले नौ वर्षों के दौरान मोदी सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ उठाए गए सख्त कदमों, सर्जिकल स्ट्राइक और आर्टिकल 370 व तीन तलाक को खत्म किए जाने का भी जिक्र किया।

नए भारत के निर्माण पर जोर

राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले नौ वर्षों के दौरान देश में कई सकारात्मक बदलाव दिखे हैं। कभी ऐसी स्थिति थी जब भारत अपने आंतरिक मसलों को सुलझाने के लिए दूसरों पर निर्भर रहता था मगर अब हालात बिल्कुल बदल चुके हैं। आज भारत दूसरे देशों का संकट हल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और पूरी दुनिया हमारी ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। देश में ऐसा डिजिटल नेटवर्क तैयार किया जा रहा है जिससे विकसित देश भी प्रेरणा हासिल कर रहे हैं।



सबका साथ और सबका विकास के मंत्र का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि अब इस मंत्र के साथ सबका विश्वास और सबका प्रयास का नारा भी जोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि 2047 तक हमें ऐसे भारत का निर्माण करना है जो अपने अतीत के गौरव के साथ जुड़ा रहे मगर इसके साथ ही आधुनिक बदलावों से भी पूरी तरह परिपूर्ण रहे। हमें ऐसे भारत का निर्माण करना है जिसकी युवा शक्ति देश और समाज को मजबूत बनाने के लिए हमेशा जुटी रहे।

दुश्मनों को भारत का मुंहतोड़ जवाब

अपने अभिभाषण के दौरान राष्ट्रपति ने देश में लगातार दूसरी बार स्थिर सरकार बनाने के लिए देशवासियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार पूरे देश के लोगों के हित में काम करने के लिए जुटी हुई है। केंद्र की मजबूत सरकार ने एलओसी से लेकर एलएसी तक प्रतिद्वंद्वी देशों को हमेशा कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से की गई सर्जिकल स्ट्राइक का भी प्रमुखता से जिक्र किया।



उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जम्मू कश्मीर में आर्टिकल 370 को खत्म करने का बड़ा कदम उठाया गया। इसके साथ ही मुस्लिम महिलाओं के जीवन में खुशियां बिखेरने के लिए तीन तलाक को खत्म करने का महत्वपूर्ण कदम भी उठाया गया। राष्ट्रपति ने कहा कि जिन देशों में राजनीतिक अस्थिरता का माहौल है, वे देश आज गंभीर संकट और चुनौतियों में घिरे हुए दिख रहे हैं जबकि हमारा देश लगातार मजबूती के साथ विकास की ओर बढ़ रहा है।

गरीबों के कल्याण के लिए बड़े कदम

राष्ट्रपति ने कहा कि वन नेशन-वन राशन कार्ड को लागू किए जाने से गरीबों को काफी फायदा हुआ है। इसके जरिए गरीबों को देश में कहीं भी राशन उपलब्ध कराने में काफी मदद मिली है। डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने इसे क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि इसके जरिए जरूरतमंद लोगों तक पैसा सीधे पहुंच रहा है। कोरोना कॉल की दिक्कतों का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उस समय गरीबों तक सीधे मदद पहुंचाने के कारण ही देश गरीबों को संकट से बचाने में कामयाब रहा। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को भी गरीबों के लिए काफी फायदेमंद बताया।



राष्ट्रपति ने कहा कि देश के 25 करोड़ परिवारों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। गरीबों को बीमारी की स्थिति में इलाज की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो रही है। आयुष्मान भारत योजना की वजह से गरीबों के 80 करोड़ रुपए की बचत हुई है। राष्ट्रपति ने पिछले 3 वर्षों के दौरान 11 करोड़ घरों तक पानी पहुंचाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों को घर, टॉयलेट, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर चिंता मुक्त बनाने का प्रयास किया है।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story