×

Draupadi Murmu Birthday: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज मना रहीं 66वां जन्मदिन, PM Modi ने दी बधाई

Draupadi Murmu Birthday: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अपना 66वां जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर उन्हें देश के तमाम नेताओं ने बधाई संदेश दिया है।

Sidheshwar Nath Pandey
Published on: 20 Jun 2024 6:44 AM GMT (Updated on: 20 Jun 2024 7:06 AM GMT)
India News
X

जन्मदिन पर दिल्ली के जगन्नाथ मंदिर में पूजा करतीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू। (Pic: Social Media)

Draupadi Murmu Birthday: 20 जून 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाली आदिवासी परिवार में जन्मी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज जन्मदिन है। आज वो अपना 66वें जन्मदिवस मना रही हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी के साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। अपने जन्मदिन पर राष्ट्रपति ने दिल्ली के जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। बता दें कि उन्होंने 25 जुलाई 2022 को राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। इससे पहले वह झारखंड की राज्यपाल थीं।

दिल्ली के जगन्नाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने जन्मदिन पर दिल्ली के जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने देश के कल्याण के लिए प्रार्थना की।

पीएम मोदी ने दी बधाई

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए राष्ट्रपति को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। हमारे राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा और समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। गरीबों और हाशिये पर पड़े लोगों की सेवा करने पर उनकी बुद्धिमत्ता और जोर एक मजबूत मार्गदर्शक शक्ति है। उनकी जीवन यात्रा करोड़ों लोगों को आशा देती है। भारत उनके अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए सदैव उनका आभारी रहेगा। उन्हें लंबे और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद मिले।'

उपराष्ट्रपति ने की मुलाकात

भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपनी पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। उन्होंने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

तमाम नेताओं ने दिए बधाई संदेश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिन पर देश के तमाम नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी है। गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के राज्यपाल अमित बैस, राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केंद्रीय कैबिनेट मंत्री नीतिन गडकरी, राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कैबिनेट मंत्री लल्लन सिंह सहित देश के तमाम नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को शुभकामनाएं दी है।

द्रौपदी मुर्मू का राजनीतिक सफर

द्रौपदी मुर्मू ने 1997 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने के बाद राजनीति में कदम रखा। वो रायरंगपुर नगर पंचायत की पार्षद चुनी गईं। 2000 में वह रायरंगपुर नगर पंचायत की अध्यक्ष बनीं और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रहीं। 2004 में वो विधायक चुनी गईं। ओडिशा में भाजपा और बीजू जनता दल गठबंधन सरकार के दौरान द्रौपदी मुर्मू ने विभिन्न पद संभाले। वो वाणिज्य एवं परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहीं। मत्स्य पालन और पशु संसाधन विकास मंत्री का पद भी संभाला। द्रौपदी मुर्मू ने 18 मई 2015 को झारखंड के राज्यपाल के रूप में शपथ ली। झारखंड की पहली महिला राज्यपाल बनीं। जून 2022 में द्रौपदी मुर्मू को भाजपा ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में नामित किया। उन्होंने 25 जुलाई 2022 को राष्ट्रपति पद की शपथ ली।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story