×

President Oath Ceremony: आज रचा जाएगा नया इतिहास, पहली महिला आदिवासी द्रौपदी मुर्मू लेंगी राष्ट्रपति पद की शपथ

President Oath Ceremony: एनडीए की उम्मीदवार मुर्मू ने गत 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए हुए मतदान में विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा पर बड़ी जीत हासिल की थी।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 25 July 2022 2:12 AM GMT
president draupadi murmu
X

President Draupadi Murmu Oath Ceremony (photo: social media)

Click the Play button to listen to article

President Oath Ceremony: देश में आज नया इतिहास रचा जाएगा। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ लेंगी। शपथ लेने के साथ ही वे देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में आज आयोजित होने वाले भव्य समारोह में द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई जाएगी।

सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एन वी रमण सुबह सवा दस बजे बजे आयोजित इस समारोह में मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण के बाद मुर्मू को 21 तोपों की सलामी दी जाएगी इसके बाद वे देश को संबोधित करेंगी। मुर्मू देश की सबसे युवा और आजाद भारत में जन्म लेने वाली पहली राष्ट्रपति होंगी।

संसद के केंद्रीय कक्ष में होगा भव्य समारोह

एनडीए की उम्मीदवार मुर्मू ने गत 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए हुए मतदान में विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा पर बड़ी जीत हासिल की थी। मुर्मू को करीब 64 फ़ीसदी मत हासिल हुए थे। संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए जोरदार तैयारियां की गई हैं।

इस समारोह में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, सभी राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री, संसद के दोनों सदनों के सदस्य और विभिन्न राजनयिक मिशनों के प्रमुख हिस्सा लेंगे। शपथ ग्रहण के बाद देश के नाम नई राष्ट्रपति का पहला संबोधन होगा। समारोह के बाद द्रौपदी मुर्मू अपने काफिले के साथ राष्ट्रपति भवन रवाना होंगी जहां उन्हें इंटर सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।

पारंपरिक संथाली साड़ी पहन सकती हैं मुर्मू

दिल्ली में हाल के दिनों में लगातार बारिश का दौर जारी है। इसलिए मौसम को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम की तैयारियां की गई हैं। यदि इस दौरान बारिश होती है तो राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले औपचारिक समारोह को रद्द किया जा सकता है। शपथ ग्रहण समारोह में ओडिशा से आने वाले खास मेहमान भी हिस्सा लेंगे। जानकारों का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह में मुर्मू पारंपरिक संथाली साड़ी पहन सकती हैं। मुर्मू की भाभी सुकरी टुडू उनके लिए पारंपरिक संथाली साड़ी लेकर दिल्ली पहुंची हैं।

मुर्मू की भाभी ने कहा कि मुझे नहीं पता कि इस खास मौके पर वे क्या पहनेंगी मगर हम उनके लिए पारंपरिक संथाली साड़ी लेकर आए हैं और हमें उम्मीद है कि वे इसी साड़ी में राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे।

ओडिशा में उत्साह का माहौल

शपथ ग्रहण समारोह में मयूरभंज से भाजपा के छह विधायक, ब्रह्मकुमारी रायरंगपुर शाखा के तीन सदस्य ब्रह्माकुमारी सुप्रिया, बसंती और गोविंद भी शामिल होंगे। इस समारोह को लेकर ओडिशा के लोगों में खासा उत्साह दिख रहा है। विशेष रूप से आदिवासी समुदाय के लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल दिख रहा है। आज भी मुर्मू के गृह राज्य में कई जगह कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है।

25 जुलाई को शपथ लेने वाली दसवीं राष्ट्रपति

द्रौपदी मुर्मू 25 जुलाई को शपथ लेने वाली देश की दसवीं राष्ट्रपति होगी। 1977 के बाद लगातार 25 जुलाई को ही नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाता रहा है। देश के छठे राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी ने 25 जुलाई 1977 को शपथ ली थी। उसके बाद इस तारीख को ज्ञानी जैल सिंह, आर वेंकटरमण, शंकर दयाल शर्मा, के आर नारायणन, एपीजे अब्दुल कलाम, प्रतिभा पाटिल प्रणब मुखर्जी और रामनाथ कोविंद शपथ ले चुके हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story